ट्रैक एशिया कप साइकलिंग चैंपियनशिप में भारतीय साइकलिस्टों ने बुधवार को बेहतरीन शुरुआत की। चैंपियनशिप बुधवार से इंदिरा गांधी खेल परिसर के साइकलिंग वेलोड्रोम में शुरू हुई। मुकाबले शुक्रवार तक चलेंगे। भारत ने बेहतर आगाज करते हुए पहले दिन पांच पदक अपने नाम किए। इनमें एक स्वर्ण पदक भी शामिल है। इसके अलावा भारत ने तीन रजत पदक और एक कांस्य पदक जीता। चैंपियनशिप के पहले दिन साथ फाइनल्स हुए और भारत के नाम पांच पदक आए।
बुधवार को भारत के लिए इकलौता स्वर्ण पदक साई राष्ट्रीय साइकलिंग अकादमी की अमृता रघुनाथन रहीं। उन्होंने वेल्ड्रोम पर शानदार प्रदर्शन कर पहला दिन अपने नाम किया। जूनियर महिला वर्ग के पांच सौ मीटर रेस में अमृता ने चमकदार प्रदर्शन करते हुए अपनी ही साथी खिलाड़ी अनु चुटिया को हरा कर स्वर्ण पदक जीता। अमृता ने 39.927 सेकंड का समय निकाल कर भारत को स्वर्ण दिलाया। अनु ने 40.093 सेकंड के साथ रजत पदक जीता। स्वर्ण पदक जीतने के बाद अमृता ने कहा कि अभी तो यह शुरुआत है। मेरे साथ-साथ सभी भारतीय साइकलिस्टों ने अपने प्रदर्शन में बेहतर सुधार किया है और मुझे उम्मीद है कि एशिया कप में भारत पदक तालिका में पहले तीन स्थान पर रहेगा।
महिला एलीट वर्ग की 500 मीटर रेस में 20 साल की देबोराह ने 35.776 सेकेंड के नए राष्ट्रीय रेकार्ड के साथ रजत पदक जीता। कोरिया की किम वांगयोंग ने 35.179 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। अनु और राजेश नयना की जूनियर महिला टीम ने टीम स्प्रिंट स्पर्धा में 39.702 सेकेंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। देबोराह और केजिया वर्घीज की महिला एलीट टीम ने भी टीम स्प्रिंट में 37.402 सेकेंड के साथ रजत पदक अपने नाम किया। जूनियर पुरुष वर्ग में भी भारत को कांस्य पदक मिला जब टीम स्प्रिंट में एमरसन, ए बाल और रंजीत सिंह की तिकड़ी ने 51.067 सेकेंड का समय मिला।
