भारत ने T20I क्रिकेट में फिर अपनी दबदबे वाली जीत दर्ज की है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 101 रन से दर्ज की गई धमाकेदार जीत के साथ टीम इंडिया ने T20 इंटरनेशनल मैचों में नौवीं बार 100 या उससे ज्यादा रन के अंतर से जीत हासिल की। खास बात यह है कि यह ऐसा कारनामा भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरी बार किया है।
इससे पहले टीम न्यूजीलैंड, इंग्लैंड, आयरलैंड, बांग्लादेश, अफगानिस्तान और जिम्बाब्वे जैसी टीमों के खिलाफ भी 100 या उससे ज्यादा रन के अंतर से जीत हासिल कर चुकी है। आइए देखते हैं भारत की ऐसी सभी एकतरफा जीतों की पूरी लिस्ट।
भारत की टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी जीत न्यूजीलैंड के खिलाफ है, जो उसने एक फरवरी 2023 को हासिल की थी। भारत ने तब न्यूजीलैंड को 168 रन से हराया था। उस मैच में शुभमन गिल ने शतकीय पारी खेली थी। शुभमन गिल ने 63 गेंद में 12 चौके और 7 छक्के की मदद से नाबाद 126 रन बनाए थे। राहुल त्रिपाठी ने 22 गेंद में 44, सूर्यकुमार यादव ने 13 गेंद में 24 और तत्कालीन कप्तान हार्दिक पंड्या ने 17 गेंद में 30 रन बनाए थे।
हार्दिक पंड्या ने उस मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन किया था। उन्होंने बल्लेबाजी के बाद गेंदबाजी में भी जलवा बिखेरते हुए 4 ओवर में सिर्फ 16 रन देकर 4 विकेट हासिल किए थे। उनके अलावा अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक और शिवम मावी ने क्रमशः 16, 9 और 12 रन देकर 2-2 विकेट लिए थे।
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने फरवरी 2025 में अपनी टी20 इंटरनेशनल में दूसरी सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। तब भारत ने इंग्लैंड को 150 रन के अंतर से हराया था। उस मैच में अभिषेक शर्मा ने 54 गेंद में 7 चौके और 13 छक्कों की मदद से 135 रन ठोके थे।
अभिषेक शर्मा के अलावा शिवम दुबे ने 13 गेंद में 30 रन की पारी खेली थी। गेंदबाजी में मोहम्मद शमी ने 25 रन देकर 3, जबकि वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे और अभिषेक शर्मा ने क्रमशः 25, 11 और 3 रन देकर 2-2 विकेट चटकाए थे।
टी20 इंटरनेशनल में भारत की 100 या उससे ज्यादा रन की जीत
| टीम | जीत का अंतर | विपक्षी टीम | मैदान | तारीख |
| भारत | 168 रन से जीता | न्यूजीलैंड | अहमदाबाद | 01 फरवरी 2023 |
| भारत | 150 रन से जीता | इंग्लैंड | वानखेड़े | 02 फ़रवरी 2025 |
| भारत | 143 रन से जीता | आयरलैंड | डबलिन | 29 जून 2018 |
| भारत | 135 रन से जीता | दक्षिण अफ्रीका | जोहानसबर्ग | 15 नवंबर 2024 |
| भारत | 133 रन से जीता | बांग्लादेश | हैदराबाद | 12 अक्टूबर 2024 |
| भारत | 106 रन से जीता | दक्षिण अफ्रीका | जोहानसबर्ग | 14 दिसंबर 2023 |
| भारत | 101 रन से जीता | दक्षिण अफ्रीका | कटक | 09 दिसंबर 2025 |
| भारत | 101 रन से जीता | अफगानिस्तान | दुबई (DICS) | 08 सितंबर 2022 |
| भारत | 100 रन से जीता | जिम्बाब्वे | हरारे | 07 जुलाई 2024 |
