भारतीय हॉकी टीम ने पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीता। लगातार दो ओलंपिक मेडल जीतने के बाद देश में इस खेल की लोकप्रियता और इसके लिए प्यार बढ़ रहा है। टीम के खिलाड़ियों ने पेरिस के बाद अपने अगले मिशन की तैयारी भी शुरू कर दी है। उनके लिए अगला मिशन है एशियन चैंपियनंस ट्रॉफी। पेरिस ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता टीम के दस सदस्य इस टीम में हैं।
एक लंबे अरसे बाद ऐसा मौका होगा जब टीम बिना अपने दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश के बिना उतरेगी। पी आर श्रीजेश के संन्यास के बाद आगामी एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी के लिये कृशन बहादुर पाठक को हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली 18 सदस्यीय भारतीय हॉकी टीम का मुख्य गोलकीपर बनाया गया है।
श्रीजेश ने पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने के बाद हॉकी को अलविदा कह दिया था। पेरिस ओलंपिक में भारत के स्टैंडबाय गोलकीपर रहे पाठक अब मुख्य गोलकीपर होंगे जबकि सूरज करकेरा रिजर्व गोलकीपर रहेंगे। 2021 में भी टोक्यो ओलंपिक के बाद एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के लिए उन्हें आराम दिया गया था।
भारत के अलावा टूर्नामेंट में कोरिया, मलेशिया, पाकिस्तान, जापान और मेजबान चीन भाग लेंगे। यह टूर्नामेंट आठ से 17 सितंबर तक खेला जायेगा।
अनुभवी मिडफील्डर विवेक सागर प्रसाद को उपकप्तान बनाया गया है। नियमित उपकप्तान हार्दिक सिंह, मनदीप सिंह, ललित उपाध्याय, शमशेर सिंह और गुरजंत सिंह को आराम दिया गया है।
भारत के उदीयमान ड्रैग फ्लिकर जुगराज सिंह जूनियर के लिये भी यह सुनहरा मौका होगा। वह प्रो लीग में अपनी प्रतिभा की बानगी दे चुके हैं । अराइजीत सिंह हुंडल टीम में तीसरे ड्रैग फ्लिकर होंगे।
गोलकीपर : कृशन बहादुर पाठक, सूरज करकेरा
डिफेंडर : जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, हरमनप्रीत सिंह, जुगराज सिंह, संजय और सुमित
मिडफील्डर : राजकुमार पाल, नीलाकांता शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, मनप्रीत सिंह और मोहम्मद राहील
फॉरवर्ड : अभिषेक, सुखजीत सिंह, अराइजीत सिंह हुंडल, जूनियर टीम के कप्तान उत्तम सिंह और गुरजोत सिंह
मुख्य कोच : क्रेग फुल्टोन।