भारत ने रविवार को यहां छह और पदक जीतकर 13वीं एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप में ओवरआल पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत के 12 स्वर्ण, आठ रजत और आठ कांस्य पदक सहित 28 पदक हो गए हैं और उसने चीन को पीछे छोड़ा जिसके 11 स्वर्ण, आठ रजत और नौ कांस्य पदक हैं। अभी प्रतियोगिता के तीन दिन बाकी हैं। पुरुषों की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल प्रतियोगिता में महेंद्र सिंह ने कुल 572 के स्कोर के रजत पदक जीता। कोरिया के देइ क्यू जांग ने 581 अंक बनाकर स्वर्ण पदक हासिल किया। महेंद्र ने बात में गुरप्रीत सिंह और नीरज कुमार के साथ मिलकर टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीता। इन तीनों ने 1676 अंक बनाए।
कोरियाई टीम ने 1698 अंक के साथ स्वर्ण और चीन ने 1691 अंक बनाकर रजत पदक जीता। महिलाओं की 50 मीटर थ्री राइफल पोजीशन में लज्जा गोस्वामी ने फाइनल में जगह बनाई लेकिन आखिर में सातवें स्थान पर रही। गोस्वामी, अंजुम मुदगिल और एलिजाबेथ सुसान कोशी ने टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीता। पुरुषों की जूनियर स्टैंडर्ड पिस्टल में अचल प्रताप ग्रेवाल ने 562 अंक बनाकर स्वर्ण पदक जीता।