Road Safety World Series 2021 Final, IND Legends vs SL Legends: रोड सेफ्टी वर्ल्ड सीरीज का फाइनल मुकाबला रविवार (21 मार्च) को रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। सचिन तेंदुलकर की कप्तानी वाली इंडिया लीजेंड्स की टीम ने फाइनल में तिलकरत्ने दिलशान की कप्तानी वाली श्रीलंका लीजेंड्स को 14 रन से हरा दिया।

इंडिया लीजेंड्स ने श्रीलंका लीजेंड्स को जीत के लिए 182 रनों का लक्ष्य दिया। जवाब में दिलशान की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 164 रन ही बना सकी। इससे पहले इंडिया लीजेंड्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बनाए थे। उसके लिए यूसुफ पठान ने 62 और युवराज सिंह ने 60 रनों की पारी खेली। सचिन तेंदुलकर ने 30 और वीरेंद्र सहवाग ने 10 रन बनाए। इरफान पठान ने नाबाद 8 और एस.बद्रीनाथ ने 7 रनों की पारी खेली।

वामिका को गोद में लिए दिखीं अनुष्का शर्मा, सामान से लदे थे विराट कोहली

यूसुफ पठान ने 24 गेंदों पर ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 36 गेंद की अपनी नाबाद पारी में 4 चौके और 5 छक्के लगाए। दूसरी ओर, युवराज ने भी श्रीलंका लीजेंड्स के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उन्होंने 4 चौके और 4 छक्के लगाए। युवराज और यूसुफ ने चौथे विकेट के लिए 85 रनों की साझेदारी की।

हरभजन ने कपिल शर्मा के शो में श्रीकांत पर लगाया था टीम से बाहर करने का आरोप, सुनील गावस्कर ने कहा था- अश्विन के लिए ऐसा किया

श्रीलंका लीजेंड्स के बल्लेबाजों की बात करें तो दिग्गज क्रिकेटर सनथ जयसूर्या ने 35 गेंद पर 43 रन बनाए। चिंथका जयसिंघे ने 30 गेंद पर 40 रन की पारी खेली। कौशल्या वीररत्ने ने आखिरी ओवरों में तेजी से 15 गेंद पर 38 रनों की पारी खेली, लेकिन वे श्रीलंका लीजेंड्स को जीत नहीं दिला सके। इंडिया लीजेंड्स के लिए यूसुफ पठान और इरफान पठान ने 2-2 विकेट लिए। मनप्रीत गोनी और मुनाफ पटेल ने 1-1 विकेट अपने नाम किए। यूसुफ पठान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। दिलशान को मैन ऑफ द सीरीज अवॉर्ड दिया गया।

यूसुफ पठान ने दिलाई IPL 2008 के फाइनल की याद, फाइनल में श्रीलंकाई गेंदबाजों को कूटा

Live Blog

22:45 (IST)21 Mar 2021
रोमांचक हुआ मैच

श्रीलंका लीजेंड्स को फाइनल मैच जीतने के लिए 18 गेंद पर 49 रन बनाने हैं। उसने 17 ओवर में 4 विकेट पर 133 रन बना लिए हैं। जयसिंघे 25 और वीररत्ने 20 रन बनाकर खेल रहे हैं।

22:19 (IST)21 Mar 2021
इरफान पठान ने थरंगा को भेजा पवेलियन

इरफान पठान ने इंडिया लीजेंड्स को चौथी सफलता दिलाई। उन्होंने फॉर्म में चल रहे बल्लेबाज उपुल थरंगा को पवेलियन का रास्ता दिखाया। थरंगा का कैच बाउंड्री पर राजेश पवार ने लिया। राजेश वीरेंद्र सहवाग की जगह फील्डिंग कर रहे हैं। थरंगा ने 16 गेंद पर 13 रन बनाए।

22:11 (IST)21 Mar 2021
सनथ जयसूर्या आउट होकर पवेलियन लौटे

श्रीलंका लीजेंड्स को सबसे बड़ा झटका यूसुफ पठान ने दिया। उन्होंने दिग्गज ओपनर सनथ जयसूर्या को पारी के 12वें ओवर की पहली गेंद पर जयसूर्या को एलबीडब्ल्यू कर दिया। श्रीलंका के इस दिग्गज बल्लेबाज ने 35 गेंद पर 43 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और एक छक्का लगाया।

21:58 (IST)21 Mar 2021
इरफान पठान ने सिल्वा को किया आउट

इरफान पठान ने इंडिया लीजेंड्स को दूसरी सफलता दिलाई। उन्होंने अपने पहले ओवर की पहली गेंद पर ही चमारा सिल्वा को आउट कर दिया। बद्रीनाथ ने उनका कैच लिया। सिल्वा सिर्फ दो रन ही बना सके।

21:52 (IST)21 Mar 2021
यूसुफ पठान ने दिलशान को किया आउट

यूसुफ पठान ने इंडिया लीजेंड्स को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने अपने पहले और पारी के आठवें ओवर में श्रीलंका लीजेंड्स के कप्तान तिलकरत्ने दिलशान को विकेटकीपर नमन ओझा के हाथों कैच कराया। दिलशान ने 18 गेंद पर 21 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके लगाए।

21:43 (IST)21 Mar 2021
पावरप्ले में श्रीलंका लीजेंड्स ने बनाए 58 रन

श्रीलंका लीजेंड्स ने पावरप्ले यानि शुरुआती 6 ओवर में बिना किसी नुकसान के 58 रन बना लिए हैं। सनथ जयसूर्या 23 गेंद पर नाबाद 31 रन बना लिए हैं। तिलकरत्ने दिलशान ने 13 गेंद पर 19 रन बनाए हैं। जयसूर्या ने अपनी पारी में चार चौके और एक छक्का लगाया है। वहीं, दिलशान ने तीन चौके लगाए हैं।

21:30 (IST)21 Mar 2021
श्रीलंका लीजेंड्स की तेज शुरुआत

सनथ जयसूर्या और तिलकरत्ने दिलशान ने श्रीलंका लीजेंड्स को तूफानी शुरुआत दी है। दोनों ने 4 ओवर में 39 रनों की साझेदारी कर ली है। जयसूर्या 15 गेंद पर 23 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में तीन चौके और एक छक्का लगाया है। दिलशान ने 9 गेंद पर 13 रन बनाए हैं। उन्होंने दो चौके लगाए हैं।

20:58 (IST)21 Mar 2021
श्रीलंका लीजेंड्स को मिला बड़ा लक्ष्य

इंडिया लीजेंड्स ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 181 रन बनाए। उसके लिए यूसुफ पठान ने 62 और युवराज सिंह ने 60 रनों की पारी खेली। सचिन तेंदुलकर ने 30 और वीरेंद्र सहवाग ने 10 रन बनाए।

20:49 (IST)21 Mar 2021
युवराज सिंह आउट

इंडिया लीजेंड्स को चौथा झटका 19वें ओवर में लगा। युवराज सिंह 41 गेंद पर 60 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 4 छक्के लगाए। युवराज को वीररत्ने ने महरूफ के हाथों कैच कराया। यूसुफ पठान 30 गेंद पर 52 रन बनाकर खेल रहे हैं। इरफान पठान क्रीज पर उतरे हैं।

20:33 (IST)21 Mar 2021
युवराज का अर्धशतक, यूसुफ पठान की विस्फोटक पारी

युवराज सिंह ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए अपना अर्धशतक पूरा कर लिया है। वे 36 गेंद पर 51 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने अपनी पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए हैं। दूसरी ओर, यूसुफ पठान ने चौके-छक्कों की बारिश कर दी है। वे 20 गेंद पर 37 रन बनाकर खेल रहे हैं। पठान ने तीन चौके और तीन छक्के लगाए हैं। इंडिया लीजेंड्स ने 16 ओवर में 3 विकेट पर 138 रन बना लिए हैं।

20:21 (IST)21 Mar 2021
युवराज और यूसुफ पठान ने संभाला मोर्चा

युवराज सिंह और यूसुफ पठान ने इंडिया लीजेंड्स की पारी को संभाल लिया है। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 21 गेंद पर 30 रनों की साझेदारी कर ली है। इंडिया लीजेंड्स ने 14 ओवर में 3 विकेट पर 108 रन बना लिए हैं। युवराज सिंह 32 गेंद पर 44 रन बनाकर खेल रहे हैं। उन्होंने 3 चौके और 3 छक्के लगाए हैं। यूसुफ पठान ने 12 गेंद पर 14 रन बनाए हैं।

20:00 (IST)21 Mar 2021
तेंदुलकर आउट, युवराज से उम्मीदें

इंडिया लीजेंड्स के कप्तान सचिन तेंदुलकर पवेलियन लौट गए हैं। उन्होंने 23 गेंद पर 30 रन बनाए। सचिन ने अपनी पारी में 5 चौके लगाए। युवराज सिंह क्रीज पर टिके हुए हैं। उन्होंने 23 गेंद पर 28 रन बना लिए हैं। इस दौरान युवी ने दो चौके और दो छक्के लगाए हैं। तेंदुलकर के आउट होने के बाद यूसुफ पठान क्रीज पर उतरे हैं।

19:31 (IST)21 Mar 2021
बद्रीनाथ आउट, सचिन और युवराज क्रीज पर

सचिन तेंदुलकर और युवराज सिंह क्रीज पर हैं। टीम ने 5 ओवर में 42 रन बना लिए हैं। सहवाग के बाद इंडिया लीजेंड्स को दूसरा झटका बद्रीनाथ के रूप में लगा। वे 5 गेंद पर 7 रन बनाकर जयसूर्या की गेंद पर आउट हो गए।

19:19 (IST)21 Mar 2021
इंडिया लीजेंड्स को लगा पहला झटका

इंडिया लीजेंड्स की टीम को पहला झटका तीसरे ओवर में लगा। वीरेंद्र सहवाग 12 गेंद पर 10 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने रंगना हेराथ की गेंद पर छक्का लगाया। अगली ही गेंद पर वे बोल्ड हो गए। सचिन तेंदुलकर और बद्रीनाथ क्रीज पर हैं।

18:56 (IST)21 Mar 2021
श्रीलंका लीजेंड्स की प्लेइंग-11:

तिलकरत्ने दिलशान (कप्तान), सनथ जयसूर्या, उपुल थरंगा (विकेटकीपर), चिंथका जयसिंघे, चमारा सिल्वा, कौशल्या वीररत्ने, रसेल अर्नाल्ड, परवेज महरूफ, नुवान कुलशेखरा, धम्मिका प्रसाद, रंगना हेराथ।

18:54 (IST)21 Mar 2021
ये है इंडिया लीजेंड्स की प्लेइंग-11

वीरेंद्र सहवाग, सचिन तेंदुलकर (कप्तान), युवराज सिंह, यूसुफ पठान, एस.बद्रीनाथ, नमन ओझा (विकेटकीपर), इरफान पठान, मनप्रीत गोनी, विनय कुमार, प्रज्ञान ओझा,. मुनाफ पटेल।