IND vs ZIM 5th T20I: जिम्बाब्वे ने 5 मैचों की टी20आई सीरीज के आखिरी मुकाबले में टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत की तरफ से पारी की शुरुआत करने के लिए कप्तान शुभमन गिल के साथ यशस्वी जायसवाल मैदान पर आए। इस मैच में यशस्वी जायसवाल ने शानदार शुरुआत की, लेकिन वो बड़ी पारी खेलने में कामयाब नहीं हो पाए और सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि यशस्वी शानदार लय में दिख रहे थे और अगर वो क्रीज पर टिक जाते तो जरूर बड़ी पारी खेलते, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया।

यशस्वी जायसवाल ने एक गेंद पर जड़े 2 छक्के, भारत को मिले 13 रन

भारत की तरफ से पारी की शुरुआत गिल के साथ यशस्वी ने की और उन्होंने स्ट्राइक भी संभाला। जिम्बाब्वे की तरफ से पहला ओवर फेंकने के लिए खुद कप्तान सिकंदर रजा आए और उन्होंने पारी की पहली गेंद फेंकी जो नो बॉल थी। इस गेंद पर यशस्वी ने शानदार छक्का डीप स्क्वैर लेग में लगा दिया। वहीं रजा ने जो अगली गेंद फेंकी वो बिल्कुल ठीक थी और इस पर भी यशस्वी ने छक्का जड़ दिया। यानी यशस्वी ने एक गेंद पर 2 छक्के लगा दिए और भारत को सिर्फ एक गेंद पर 13 रन मिले। यशस्वी इसके बाद आउट हो गए और इस मैच में उन्होंने 5 गेंदों का सामना करते हुए 2 छक्कों की मदद से 12 रन की पारी खेली।

यशस्वी जायसवाल ने रचा इतिहास

टी20आई क्रिकेट के इतिहास में यशस्वी जायसवाल दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए जिन्होंने पारी की पहली ही गेंद पर 2 छक्के लगाने का कमाल किया। यशस्वी ने टी20आई मैच के पहले ओवर में 2 छक्के लगाने का कमाल किया और वो ऐसा करने के मामले में रोहित शर्मा और इशान किशन की बराबरी पर पहुंच गए। रोहित और इशान ने टी20आई में ऐसा एक-एक बार किया है जबकि इस लिस्ट में पहले नंबर पर वीरेंद्र सहवाग हैं जिन्होंने टी20आई मैच के पहले ओवर में 3 छक्के लगाने का कमाल साल 2009 में न्यूजीलैंड के खिलाफ किया था।

भारत की प्लेइंग इलेवन

शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेट कीपर), रियान पराग, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे, मुकेश कुमार।

जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन

वेस्ली मधेवेरे, तदिवनाशे मारुमानी, ब्रायन बेनेट, डायोन मायर्स, सिकंदर रजा (कप्तान), जॉनथन कैंपबेल, फराज अकरम, क्लाइव मडांडे (विकेट कीपर), ब्रैंडन मावुता, रिचर्ड नगारवा, ब्लेसिंग मुजारबानी।