विराट कोहली का 71वां शतक अब एक हॉट टॉपिक बन चुका है। भारतीय टीम को श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला बेंगलुरू में खेलना है जो डे-नाइट टेस्ट होगा। खास बात यह है कि कोहली ने 2019 में आखिरी शतक यानी 70वीं सेंचुरी बांग्लादेश के खिलाफ डे-नाइट टेस्ट में ही लगाई थी।
इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ पिंक बॉल टेस्ट में जीत दर्ज कर टीम इंडिया लगातार 15वीं टेस्ट सीरीज घर पर जीत जाएगी। ऐसा करने वाली वह पहली टीम होगी क्योंकि दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया 10 सीरीज लगातार अपने घर में जीत पाई है। बाकी इस मामले में कोई भारत के आसपास भी नहीं है।
भारत में कैसा रहा पिंक बॉल टेस्ट का सफर?
भारत में यह तीसरा पिंक बॉल टेस्ट होगा। पहली बार नवंबर 2019 में कोलकाता के ईडेन गार्डेन्स पर डे-नाइट टेस्ट का आयोजन हुआ था। इस मुकाबले में भारत और बांग्लादेश की टीमें आमने सामने थीं। भारत ने यह मुकाबला पारी और 46 रनों से जीता था। इस मैच में विराट कोहली ने 136 रनों की शतकीय पारी खेली थी जो उनके करियर का 70वां शतक था। तब से अब तक 71 पारियों के बाद उनका 71वां शतक नहीं आ सका है।
दूसरा डे-नाइट टेस्ट भारत में फरवरी 2021 में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था। इस मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी थी और दो दिन में ही यह मैच खत्म हो गया था। यह मुकाबला लो स्कोरिंग था और पहले खेलते हुए मेहमान 112 पर सिमट गए। जवाब में भारत भी 145 पर ऑलआउट हो गया। इसके बाद फिर इंग्लैंड महज 81 रन बना पाई। चौथी पारी में भारत ने बिना कोई विकेट खोए 49 रन बनाए और मैच जीत लिया।
2013 से भारत में अजेय टीम इंडिया
भारतीय टीम को आखिरी बार नवंबर 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। उस वक्त एमएस धोनी टीम के कप्तान थे। उसके बाद से अब तक भारत ने कोई भी टेस्ट सीरीज घरेलू मैदान पर गंवाई नहीं है और 14 टेस्ट सीरीज अपनी सरजमीं पर जीती हैं। वह सभी सीरीज इस प्रकार हैं:-
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने 4-0 (4) से जीती सीरीज, फरवरी 2013
- वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत ने 2-0 (2) से जीती सीरीज, नवंबर 2013
- साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत ने 3-0 (4) से जीती सीरीज, नवंबर 2015
- न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 3-0 (3) से जीती सीरीज, सितंबर 2016
- इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 4-0 (5) से जीती सीरीज, नवंबर 2016
- बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने 1-0 (1) से जीती सीरीज, फरवरी 2017
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने 2-1 (4) से जीती सीरीज, फरवरी 2017
- श्रीलंका के खिलाफ भारत ने 1-0 (3) से जीती सीरीज, नवंबर 2017
- अफगानिस्तान के खिलाफ भारत ने 1-0 (1) से जीती सीरीज, जून 2018
- वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत ने 2-0 (2) से जीती सीरीज, अक्टूबर 2018
- साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत ने 3-0 (3) से जीती सीरीज, अक्टूबर 2019
- बांग्लादेश के खिलाफ भारत ने 2-0 (2) से जीती सीरीज, नवंबर 2019
- इंग्लैंड के खिलाफ भारत ने 3-1 (4) से जीती सीरीज, 2020-2021
- न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 1-0 (2) से जीती सीरीज, 2021
भारत ने मौजूदा दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को पारी और 222 रन से हराकर मोहाली टेस्ट जीता था। इस जीत के साथ भारत ने 1-0 की बढ़त बना ली थी। भारत का अजेय क्रम अगर भारत यह मैच हारता है फिर भी बरकार रहेगा और सीरीज ड्रॉ हो जाएगी। अगर मैच ड्रॉ होता है या भारत जीत जाता है तो उसकी घर में यह लगातार 15वीं टेस्ट सीरीज जीत होगी।