संजू सैमसन ने शुक्रवार (8 नवंबर) को डरबन में साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टी20 मैच में शतक जड़कर इतिहास रच दिया। वह टी20 इंटरनेशनल में लगातार 2 शतक जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने। संजू से पहले 3 खिलड़ियों ने यह कारनामा किया है। संजू ने डरबन से पहले बांग्लादेश के खिलाफ हैदराबाद में आखिरी टी20 में शतक जड़ा था। उन्होंने उस मैच में 111 रन बनाए थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वह 107 रन बनाकर आउट हुए।
संजू सैमसन से पहले लगातार 2 टी20 में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज में फ्रांस के गुस्ताव मैक्कियन शामिल हैं। उन्होंने स्विट्जरलैंडऔर नॉर्वे के खिलाफ 2022 में ऐसा किया था। साउथ अफ्रीका के रिले रोसौव ने 2022 में भारत और बांग्लादेश के खिलाफ यह कारनामा किया था। इंग्लैंड के फिल साल्ट ने 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार दो पारी में शतक जड़ा था।
संजू सैमसन की दोनों पारियां
संजू सैमसन ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ डरबन ने 50 गेंद पर 214 के स्ट्राइक रेट से 7 चौके और 10 छक्के की मदद से 107 रन बनाए। वह 16वें ओवर में आउट हुए। नकबायोमजी पीटर ने ट्रिस्टन स्टब्स के हाथों कैच कराया। बांग्लादेश के खिलाफ संजू सैमसन ने 47 गेंद पर 11 चौके और 8 छक्के की मदद से 111 रन बनाए। उनका स्ट्राइक रेट 236.17 का रहा था।
Sanju Samson: संजू सैमसन ने डरबन में कहर बरपाया, ठोका T20I क्रिकेट में लगातार दूसरा शतक
टी20 विश्व कप का फाइनल खेलने वाले थे संजू
हाल ही में एक बातचीत में, इस आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ने खुलासा किया था कि टी20 विश्व कप में साउथ अफ्रीका के खिलाफ फाइनल मुकाबले में खेलने वाले थे। सैमसन ने विमल कुमार के यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो में कहा, “मेरे पास फाइनल खेलने का मौका था। मुझे तैयार रहने के लिए कहा गया था। मैं तैयार था। हालांकि, टॉस से पहले उन्होंने (रोहित शर्मा) फैसला किया कि हम उसी टीम के साथ उतरेंगे। मैंने सोचा, कोई बात नहीं। मैं उस तरह के मूड में था।”
एडेन मार्करम ने चुनी गेंदबाजी
डरबन में साउथ अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्करम ने शुक्रवार को भारत के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मेजबान साउथ अफ्रीका ने 21 वर्षीय ऑलराउंडर एंडिले सिमेलाने को पदार्पण का मौका दिया है। दोनों टीमें चार मैचों की सीरीज खेलेंगी।