भारत ने साउथ अफ्रीका को पहले वनडे में 8 विकेट से मात दे दी है। जोहान्सबर्ग के वांडर्स स्टेडियम में खेले गए इस मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को 117 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे भारतीय टीम ने 16.4 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर हासिल कर लिया। टीम इंडिया की ओर से डेब्यू मैन साई सुदर्शन और श्रेयस अय्यर ने हाफ सेंचुरी लगाई। साई सुदर्शन बतौर ओपनर वनडे डेब्यू में 50+ का स्कोर करने वाले चौथे भारतीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने नाबाद 55 रन की पारी खेली। सुदर्शन ने ऋतुराज गायकवाड़ के साथ पारी का आगाज किया था।
सुदर्शन से पहले बतौर ओपनर 50+ रन बनाने वाले भारतीय
साई सुदर्शन से पहले रॉबिन उथप्पा ने 2006 में इंग्लैंड के खिलाफ बतौर ओपनर डेब्यू मैच में 86 रन की पारी खेली थी। केएल राहुल ने 2016 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बतौर ओपनर डेब्यू मैच में नाबाद 100 रन की पारी खेली थी। उसी मैच में फैज फजल ने भी 55 रन की नाबाद पारी खेली थी। इसके बाद आज के मुकाबले में साई सुदर्शन ने ये कारनामा किया। इसके अलावा साई सुदर्शन वनडे डेब्यू में 50+ का स्कोर करने वाले 17वें भारतीय भी बने हैं।
अपने वनडे डेब्यू में 50+ स्कोर बनाने वाले भारतीय:
अजीत वाडेकर (67) बनाम इंग्लैंड 1974
ब्रजेश पटेल (82) बनाम इंग्लैंड 1974
संदीप पाटिल (64) बनाम ऑस्ट्रेलिया 1980
रमन लांबा (64) बनाम ऑस्ट्रेलिया 1986
नवजोत सिद्धू (73) बनाम ऑस्ट्रेलिया 1987
प्रवीण आमरे (55) बनाम दक्षिण अफ्रीका 1991
सबा करीम (55) बनाम दक्षिण अफ्रीका 1997
अमय खुरासिया (57) बनाम श्रीलंका 1999
रॉबिन उथप्पा (86) बनाम इंग्लैंड 2006
रवीन्द्र जड़ेजा (60) बनाम श्रीलंका 2009
अंबाती रायडू (63) बनाम जिम्बाब्वे 2013
मनीष पांडे (71) बनाम जिम्बाब्वे 2015
केएल राहुल (100) बनाम जिम्बाब्वे 2016
फ़ैज़ फ़ज़ल (55) बनाम जिम्बाब्वे 2016
क्रुणाल पंड्या (58) बनाम इंग्लैंड 2021
ईशान किशन (59) बनाम श्रीलंका 2021
साई सुदर्शन (50) बनाम साउथ अफ्रीका 2023
सुदर्शन ने 22 साल की उम्र में किया डेब्यू
साई सुदर्शन ने 22 साल की उम्र में भारत के लिए डेब्यू किया और वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले 400वें खिलाड़ी बने। अपने डेब्यू मुकाबले में सुदर्शन ने 43 गेंद में 55 रन की पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए। श्रेयस अय्यर के साथ उन्होंने 88 रन की साझेदारी की। श्रेयस अय्यर ने 45 गेंद में 52 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 1 छक्का लगाया।
अर्शदीप और आवेश ने अफ्रीकी बल्लेबाजी के छुड़ाए छक्के
इससे पहले साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज की धज्जियां अर्शदीप सिंह और आवेश खान ने उड़ा दी। अर्शदीप और आवेश ने इस मैच में करियर का बेस्ट बॉलिंग फिगर हासिल किया। अर्शदीप ने 10 ओवर के स्पैल में 37 रन देकर 5 विकेट झटके तो वहीं आवेश खान ने 8 ओवर की गेंदबाजी में 27 रन देकर 4 विकेट चटकाए। कुलदीप को अपने तीसरे ओवर में 1 सफलता मिली।