India vs South Africa 2nd Test: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच जोहानिसबर्ग में 3 जनवरी 2022 से तीन मैचों की सीरीज का दूसरा टेस्ट शुरू हुआ। पहले दिन 11 विकेट गिरे। भारतीय टीम 202 रन पर ऑलआउट हुई।

पहले दिन का खेल खत्म होने के समय साउथ अफ्रीका ने एक विकेट खोकर 35 रन बनाए थे। कप्तान डीन एलगर 11 और कीगन पीटरसन 14 रन बनाकर नाबाद थे। आउट होने वाले बल्लेबाज एडेन मार्कराम रहे। उन्हें मोहम्मद शमी ने 7 रन के निजी स्कोर पर एलबीडब्ल्यू किया।

इस मैच में विराट कोहली हल्की इंजरी के चलते इस मैच से बाहर हैं। केएल राहुल टीम के कप्तान हैं। भारतीय टीम इससे पहले कभी भी दक्षिण अफ्रीका की सरजमीं पर टेस्ट सीरीज नहीं जीती है। भारत अभी सीरीज में 1-0 से आगे है।

इससे पहले भारत की तरफ से कार्यवाहक कप्तान केएल राहुल ने सर्वाधिक 50 रन बनाए, जबकि रविचंद्रन अश्विन ने 46 रन की पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से मार्को यानसन ने 4, जबकि डुआने ओलीवियर और कगिसो रबाडा ने तीन-तीन विकेट चटकाए।

भारत ने सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका को 113 रनों से मात दी थी। भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोनों पारियों में मेजबानों को 200 का आंकड़ा पार नहीं करने दिया था। वहां भी भारतीय बल्लेबाजों में केएल राहुल और मयंक अग्रवाल को छोड़कर कोई कुछ खास नहीं कर पाया था।

India Vs South Africa 2nd test Day 2: दूसरे दिन के खेल के लाइव स्कोर के लिए यहां क्लिक करें

Match Ended

Freedom Trophy, 2021/22

South Africa 
229(79.4)& 243/3(67.4)

vs

India  
202(63.1)& 266(60.1)

Match Ended ( Day 4 – 2nd Test )
South Africa beat India by 7 wickets

Live Updates
20:49 (IST) 3 Jan 2022
विकेट की तलाश में भारतीय गेंदबाज

साउथ अफ्रीका की पारी के 15 ओवर हो गए हैं। साउथ अफ्रीका ने एक विकेट खोकर 35 रन बनाए हैं। डीन एलगर 1 और कीगन पीटरसन 14 रन पर हैं। दोनों के बीच 21 रन की साझेदारी हो चुकी है। भारतीय गेंदबाज विकेट की तलाश में हैं।

20:05 (IST) 3 Jan 2022
शमी ने मार्कराम के मंसूबों पर पानी फेरा

डीन एलगर और एडेन मार्कराम बहुत तेजी से रन बनाने के मूड में दिख रहे थे। हालांकि, शमी ने मार्कराम के मंसूबों पर पानी फेर दिया। शमी ने उन्हें अपने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर एलबीडब्ल्यू कर दिया। मार्कराम 12 गेंद में 7 रन बनाकर आउट हुए। मार्कराम की जगह नए बल्लेबाज कीगन पीटरसन क्रीज पर आए हैं।

19:58 (IST) 3 Jan 2022
तेजी से रन बनाने के मूड में दिख रहे एलगर और मार्कराम

साउथ अफ्रीका की ओर से डीन एलगर और एडेन मार्कराम ने पारी की शुरुआत की। भारत की ओर से पहला ओवर जसप्रीत बुमराह लेकर आए। उनके ओवर में सिर्फ एक रन बना। हालांकि, शमी के अगले ओवर में 5 रन बने। बुमराह के अगले ओवर में 7 रन बने।

19:45 (IST) 3 Jan 2022
सधी हुई शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए भारतीय क्रिकेटर

भारतीय टीम 202 रन पर ही सिमट गई। मयंक अग्रवाल और केएल राहुल ने पहले घंटे में भारत को सधी हुई शुरुआत दी थी, लेकिन उसको वे बरकरार नहीं रख पाए। इसके बाद भारत के मध्यक्रम ने एक बार फिर से निराश किया। वापसी कर रहे ऑलिवियेर ने लगातार दो गेंदों पर दो विकेट झटक कर भारतीय पारी को झकझोर दिया। लेकिन इस पारी के हीरो मार्को यानसन रहे। अपने डेब्यू टेस्ट में पांच विकेट लेने वाले यानसन ने इस पारी में फिर से प्रभावित किया। उन्होंने 4 विकेट झटके।

19:31 (IST) 3 Jan 2022
अश्विन ने 50 गेंद में ठोके 46 रन

रविचंद्रन अश्विन अर्धशतक लगाने से चूक गए। वह 50 गेंद में 46 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 6 चौके लगाए। 61वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्को यॉनसन ने उन्हें पीटरसन के हाथों कैच कराया। इससे पहले रबाडा ने 60वें ओवर की तीसरी गेंद पर शमी को विकेट झटका था। शमी 12 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए।

18:59 (IST) 3 Jan 2022
खाता नहीं खोल पाए शार्दुल ठाकुर

भारत ने एक रन के भीतर 2 विकेट गंवाए। एक समय टीम इंडिया का स्कोर 53.3 ओवर में 5 विकेट पर 156 रन था। मार्को ने अगली गेंद पर ऋषभ पंत को विकेट के पीछे वेरेन के हाथों लपकवाया। पंत 17 रन बनाकर आउट हुए। 55वां ओवर ऑलिवियेर लेकर आए। उनके ओवर की आखिरी गेंद पर शार्दुल ठाकुर को पीटरसन ने लपक लिया। ठाकुर खाता भी नहीं खोल पाए। इस समय टीम के खाते में 157 रन ही जुड़े थे। शार्दुल के आउट होने पर मोहम्मद शमी क्रीज पर आए।

18:38 (IST) 3 Jan 2022
चायकाल के बाद का खेल जारी

चायकाल के बाद का खेल जारी है। चायकाल के बाद बाएं हाथ के मार्को यानसन ने ओवर द विकेट से गेंदबाजी की शुरुआत की। बाएं हाथ के ऋषभ पंत स्ट्राइक पर थे। मार्को ने उनके लिए दो स्लिप, गली, पॉइंट, एक्स्ट्रा कवर और मिड ऑफ लगा रखा था। पंत ने ओवर की आखिरी गेंद पर 2 रन लेकर भारत का स्कोर 150 पर पहुंचा दिया।

18:18 (IST) 3 Jan 2022
चायकाल तक का खेल खत्म

पहले दिन चायकाल तक का खेल हो चुका है। चायकाल के समय भारत का स्कोर 51 ओवर में 5 विकेट पर 146 रन था। लंच के समय टीम इंडिया ने 3 विकेट पर 53 रन ही बनाए थे। पहले सेशन में 3 विकेट गंवाने के बाद केएल राहुल और हनुमा विहारी ने संभलकर बल्लेबाजी और एक साझेदारी निभाई। हालांकि, ड्रिंक्स ब्रेक से ठीक पहले रासी वान डेर डूसेन के बेहतरीन कैच के चलते हनुमा विहारी को वापस जाना पड़ा। राहुल ने अपनी फॉर्म जारी रखी। उन्होंने अपना 13वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। हालांकि, वह उसे बड़े स्कोर में बदल नहीं पाए और पुल शॉट पर उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। रविचंद्रन अश्विन आक्रामक अंदाज से बल्लेबाजी कर रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि टीम इंडिया और कितने रन बना पाती है।

17:46 (IST) 3 Jan 2022
केएल राहुल ने सिंगल लेकर पूरा किया अर्धशतक

केएल राहुल ने 45वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना 13वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने लुंगी एनगिडी की गेंद पर सिंगल के साथ अपना अर्धशतक पूरा किया। एनगिडी की इस लेंथ गेंद को राहुल बैकफुट से ऑफ साइड पर खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद नीचे रही और बल्ले के अंदरूनी भाग से लगकर गई डीप स्क्वेयर लेग की ओर गई।

17:22 (IST) 3 Jan 2022
हनुमा की संघर्षपूर्ण पारी का अंत, मुश्किल में टीम इंडिया

कगिसो रबाडा ने 39वें ओवर की चौथी गेंद पर साउथ अफ्रीका को चौथी सफलता दिलाई। रबाडा ने हनुमा विहारी को वान डेर डूसेन के हाथों कैच कराया। हनुमा 20 रन बनाकर आउट हुए। रबाडा की यह गेंद बैक ऑफ लेंथ थी। शरीर की लाइन में अतिरिक्त उछाल लेती हुई, जिससे चकमा खाए विहारी। वह डिफेंस करने गए थे, लेकिन गेंद अंदरुनी किनारे पर लगकर शॉर्ट लेग के बाईं ओर उछली। वहां खड़े डुसेन ने डाइव लगाकर एक खूबसूरत कैच लपका और विहारी को चलता किया।

16:59 (IST) 3 Jan 2022
राहुल-हनुमा ने की 30 रन की साझेदारी

लंच के बाद 10 ओवर का खेल हो चुका है। इन 10 ओवर में भारत ने 26 रन बनाए हैं। केएल राहुल और हनुमा विहारी के बीच चौथे विकेट के लिए 74 गेंद में 30 रन की साझेदारी हो चुकी है। हालांकि, यह साझेदारी अभी इतनी बड़ी भी नहीं हुई है कि टीम इंडिया चिंता मुक्त हो जाए। दोनों को अभी लंबे समय तक क्रीज पर टिक रहना होगा। साथ ही स्कोरबोर्ड को भी चलायमान रखना होगा।

16:17 (IST) 3 Jan 2022
लंच के बाद पहला ओवर रहा मेडन

लंच के बाद पहला ओवर लेकर मार्को यॉनसन लेकर आए। स्ट्राइक पर केएल राहुल हैं। राहुल ने अब तक 19 रन बनाए हैं। हनुमा विहारी 4 रन बनाकर नाबाद हैं। लंच के बाद के पहले ओवर में राहुल कोई रन नहीं बना पाए।

16:13 (IST) 3 Jan 2022
लंच के बाद का खेल शुरू

भारत दिन के पहले घंटे में अच्छा दिख रहा था। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों ने अगले घंटे में वापसी की और तीन विकेट लिए। केएल राहुल दृढ़ निश्चयी दिख रहे हैं, लेकिन क्या उन्हें अन्य भारतीय बल्लेबाजों का समर्थन मिलेगा? आइए इसका पता लगाते हैं। सत्र की पहली गेंद का समय हो गया है।

15:39 (IST) 3 Jan 2022
लंच तक भारत ने गंवाए 3 विकेट, बनाए सिर्फ 53 रन

दूसरे टेस्ट में पहले दिन लंच तक का खेल हो चुका है। लंच के समय भारत का स्कोर 26 ओवर में 3 विकेट पर 53 रन है। लगातार दूसरे टेस्ट मैच में टॉस हारकर पहले गेंदबाजी करने के लिए भेजे जाने के बाद साउथ अफ्रीका की शुरुआत निराशाजनक रही। उन्होंने सलामी बल्लेबाज़ों को परेशान किया, लेकिन उन्होंने रन भी लुटाए। पहले घंटे में एक भी विकेट नहीं गंवाने के बाद ड्रिंक्स ब्रेक के बाद की पहली गेंद पर जेनसन ने भारत को पहला झटका दिया। इसके बाद ऑलिवियेर ने दिखाया कि क्यों उन्हें इतना खतरनाक माना जाता है। दो गेंदों के अंदर अनुभवी पुजारा और रहाणे को चलता कर उन्होंने मेहमान टीम इंडिया को बैकफुट पर धकेला है।

15:34 (IST) 3 Jan 2022
ओलिविर ने 2 गेंद में झटके 2 विकेट

ओलिविर ने साउथ अफ्रीका को लगातार 2 सफलताएं दिलाईं। ओलिविर 24वां ओवर लेकर आए थे। उन्होंने ओवर की तीसरी गेंद पर चेतेश्वर पुजारा को आउट किया। पुजारा 3 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अगली ही गेंद पर उन्होंने अजिंक्य रहाणे को पीटरसन के हाथों कैच करा दिया। रहाणे खाता भी नहीं खोल पाए।

14:48 (IST) 3 Jan 2022
15वें ओवर में भारत को लगा पहला झटका

भारत को मयंक अग्रवाल के रूप में पहला झटका लगा। मार्को जैनसन साउथ अफ्रीका की ओर से 15वां ओवर लेकर आए। उन्होंने पहली गेंद पर मयंक को विकेट के पीछे वेरेन के हाथों कैच कराया। मयंक 37 गेंद में 26 रन बनाकर आउट हुए। मयंक के आउट होने के बाद चेतेश्वर पुजारा बल्लेबाजी के लिए आए। मार्को की यह गेंद ऑफ स्टंप के बाहर गुड लेंथ थी। कोण के साथ बाहर निकली। मयंक शरीर से दूर खेल गए, उसे ऑफ साइड पर धकेलना चाहते थे, लेकिन चूके, गेंद ने बाहरी किनारे को चूमा और विकेट के पीछे वेरेन के दस्तानों में समा गई।

13:46 (IST) 3 Jan 2022
केएल राहुल पहले ओवर में नहीं खोल पाए खाता

भारत की ओर से केएल राहुल और मयंक अग्रवाल ने पारी की शुरुआत की। दक्षिण अफ्रीका की ओर से कगिसो रबाडा पहला ओवर लेकर आए। पहले ओवर में केएल राहुल खाता नहीं खोल पाए। दूसरा ओवर ड्वेन ओलिविर लेकर आए। उनके इस ओवर की चौथी गेंद पर चौका जड़ मयंक ने अपना और टीम का खाता खोला। मयंक ने ओलिविर की आखिरी गेंद पर चौका जड़ा।

13:13 (IST) 3 Jan 2022
भारत ने जीता टॉस, कोहली बाहर राहुल बने कप्तान

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मैच आज से जोहानिसबर्ग के वांडरर्स में खेला जा रहा है। इस मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। विराट कोहली कुछ इंजरी के चलते बाहर हैं और उनकी जगह केएल राहुल इस मैच में भारत की कप्तानी करेंगे। विराट की जगह आज हनुमा विहारी को मौका मिला है।