India vs South Africa, Ind vs SA 2nd Test : पुछल्ले बल्लेबाजों केशव महाराज और वेर्नोन फिलैंडर ने जबर्दस्त जुझारूपन का प्रदर्शन किया लेकिन दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन शनिवार को भारत को विशाल बढत लेने से नहीं रोक सके । दक्षिण अफ्रीका की टीम 105 . 4 ओवर में 275 रन पर आउट हो गई जबकि भारत ने पहली पारी में पांच विकेट पर 601 रन (घोषित) बनाये थे । फिलैंडर और चोटिल महाराज ने नौवें विकेट के लिये 119 रन की साझेदारी की।

क्या पारी की हार बचा पाएगी दक्षिण अफ्रीका टीम, जानिए यहां

फिलैंडर 44 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि महाराज ने 72 रन बनाये । दोनों ने संभलकर खेलते हुए ढीली गेंदों पर ही रन लिये । दोनों जिस समय क्रीज पर आये, दक्षिण अफ्रीका का स्कोर आठ विकेट पर 152 रन था । दोनों 43 . 1 ओवर तक क्रीज पर डटे रहे ।

भारत के लिये रविचंद्रन अश्विन ने 69 रन देकर चार विकेट लिये जबकि जडेजा को एक विकेट मिला । महाराज ने अपनी पारी में 12 चौके लगाये लेकिन वह कंधे पर लगी चोट के कारण कराहते दिखे । आखिर में अश्विन की गेंद पर वह लेग स्लिप में रोहित शर्मा को कैच देकर लौटे ।

Live Blog

16:47 (IST)12 Oct 2019
275 पर सिमटी साउथ अफ्रीका

साउथ अफ्रीका की पहली पारी 275 के स्कोर पर सिमट गई है। भारत के पास 326 रनों की बढ़त बरकरार है। वहीं, अश्विन ने इस मैच में 4 विकेट झटके हैं।

16:40 (IST)12 Oct 2019
महाराज ने जड़ी फिफ्टी

नौवें विकेट विकेट के लिए केशव महाराज और फिलेंडर के बीच कमाल की साझेदारी हो रही है और केशव ने कमाल का अर्धशतक जड़ दिया है।

15:03 (IST)12 Oct 2019
जम गई जोड़ी

नौवें विकेट के लिए महाराज और फिलेंडर के बीच अब साझेदारी पनप गई है। भारत अभी 39 रनों की बढत के साथ है। भारत को जल्दी दो विकेट की तलाश है। 

14:14 (IST)12 Oct 2019
हुआ टी ब्रेक

दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का टी ब्रेक हो गया है और इंडिया की पहली पारी के 601 रनों के जवाब में साउथ अफ्रीका ने 8 विकेट खोकर 197 रन बना  लिए हैं। अभी भारत के पास 404 रनों की बढ़त है।

13:04 (IST)12 Oct 2019
डुप्लेसी हुए आउट

162 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका को आठवां झटका कप्तान डुप्लेसी के रूप में लगा है। अश्विन ने ये विकेट हासिल किए हैं।

12:49 (IST)12 Oct 2019
150 के पार साउथ अफ्रीका

डुप्लेसी के शानदार अर्धशतक के दम पर साउथ अफ्रीका ने सात विकेट खोकर 150 रनों के आंकड़े को पार कर लिया है। भारत को 3 विकेट की तलाश है।

12:23 (IST)12 Oct 2019
साउथ अफ्रीका को सातवां झटका

दूसरे सेशन का खेल शुरू हुआ तो साउथ अफ्रीका को सातवां झटका मुथुस्वामी के रूप में लगा है। भारतीय टीम बड़ी बढ़त की ओर है।

12:17 (IST)12 Oct 2019
दूसरे सेशन का खेल शुरू

तीसरे दिन के दूसरे सेशन का खेल शुरू हो गया है। कप्तान डुप्लेसी और मुथुस्वामी के ऊपर बड़ा दारोमदार है। वहीं, भारतीय गेंदबाज जल्द से जल्द विकेट चटकाना चाहेंगे।

11:36 (IST)12 Oct 2019
लंच ब्रेक

दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन लंच तक का खेल हो चुका है। दक्षिण अफ्रीका फॉलोऑन बचाने के लिए जूझ रही है। लंच के समय उसका स्कोर 42 ओवर में 6 विकेट पर 136 रन है। डुप्लेसिस और मुथुसामी क्रीज पर हैं।

11:23 (IST)12 Oct 2019
अश्विन ने डीकॉक को बोल्ड किया

कप्तान डुप्लेसिस अपने अर्धशतक की खुशी मना भी नहीं पाए थे कि दक्षिण अफीका को छठा झटका लग गया। क्विंटन डीकॉक 31 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। उन्हें रविचंद्रन अश्विन ने बोल्ड किया।

11:18 (IST)12 Oct 2019
चौका जड़कर फिफ्टी बनाई

डुप्लेसिस ने अपनी फिफ्टी पूरी की। यह उनका टेस्ट में 21वां अर्धशतक है। उन्होंने रविंद्र जडेजा की गेंद पर चौका जड़कर अपना अर्धशतक पूरा किया।

11:08 (IST)12 Oct 2019
50 रन की साझेदारी

डुप्लेसिस और डीकॉक दोनों छठे विकेट के लिए 50 रन से ज्यादा की साझेदारी कर चुके हैं। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर भी 100 रन के पार पहुंच चुका है। इस समय डुप्लेसिस 32 और डीकॉक 26 रन पर हैं।

11:00 (IST)12 Oct 2019
डुप्लेसिस ने जड़ा छक्का

रविंद्र जडेजा तीसरे दिन का अपना पहला ओवर फेंकने आए। उनकी दूसरी ही गेंद पर डुप्लेसिस ने छक्का जड़ दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी टीम का स्कोर 90 के पार पहुंचा दिया। हालांकि, फॉलोऑन के लिए अभी उन्हें काफी मशक्कत करनी है।

10:49 (IST)12 Oct 2019
तस्वीर दे रही गवाही

यह मैच पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम पर खेला जा रहा है। इस समय भले ही देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही हो, लेकिन पुणे का मौसम बिल्कुल साफ है। यह तस्वीर भी यही गवाही दे रही है।

10:44 (IST)12 Oct 2019
18 साल बाद दोहराया इतिहास

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज अच्छी फॉर्म में हैं। यही वजह रही है उन्होंने 18 साल बाद एक रिकॉर्ड बनाया। जी हां, भारतीय पेस बैटरी घरेलू मैदान पर 2001 के बाद अब किसी विपक्षी टीम के शुरुआती 5 बल्लेबाजों को पवेलियन भेजने में सफल हुई है।

10:33 (IST)12 Oct 2019
4 बल्लेबाज नहीं छू पाए दहाई का आंकड़ा

दक्षिण अफ्रीका के जो 5 बल्लेबाज आउट हुए हैं, उनमें से 4 दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए। सिर्फ टीडी ब्रूएन ही 30 रन बनाकर आउट हुए। एडेन मार्कराम तो खाता भी नहीं खोल पाए।

10:31 (IST)12 Oct 2019
4 बल्लेबाज नहीं छू पाए दहाई का आंकड़ा

दक्षिण अफ्रीका के अब तक जो 5 बल्लेबाज पवेलियन लौटे हैं, उनमें टीडी ब्रूएन को छोड़कर कोई भी दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया है। ब्रूएन 30 रन बनाकर आउट हुए। मार्कराम खाता भी नहीं खोल पाए थे।

10:16 (IST)12 Oct 2019
इशांत ने फेंका 8वां ओवर

दिन का 8वां ओवर इशांत शर्मा लेकर आए। उन्होंने अपनी पहली ही गेंद पर फाफ डुप्लेसिस को बीट किया। उनकी बाहर जाती गेंद को डुप्लेसिस ने पहले मारने की सोची फिर बैट हटा लिया।

10:07 (IST)12 Oct 2019
डुप्लेसिस का साथ देने डीकॉक आए

ब्रूएन के आउट होने पर कप्तान फाफ डुप्लेसिस का साथ देने के लिए विकेटकीपर क्विंटन डीकॉक मैदान पर आए हैं। डीकॉक के पास 41 टेस्ट मैचों का अनुभव है। उनके टेस्ट क्रिकेट में 2500 से ज्यादा रन हैं।

10:04 (IST)12 Oct 2019
दक्षिण अफ्रीका को 5वां झटका

दक्षिण अफ्रीका को पांचवां झटका लग चुका है। उमेश यादव ने टीडी ब्रूएन को विकेट के पीछे ऋद्धिमान साहा के हाथों कैच करा दिया। ब्रूएन 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

09:55 (IST)12 Oct 2019
कप्तान क्रीज पर

एनरिक नोर्ट्ज के आउट होने के बाद कप्तान फाफ डुप्लेसिस क्रीज पर आए हैं। वे टेस्ट क्रिकेट में 42+ के औसत से 3500 से ज्यादा रन बना चुके हैं। 

09:44 (IST)12 Oct 2019
शमी ने दिलाई पहली सफलता

तीसरे दिन मोहम्मद शमी ने भारत को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने अपने दिन के अपने दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर एनरिक नोर्ट्जे को कप्तान कोहली के हाथों कैच आउट करा दिया। नोर्ट्जे महज 3 रन ही बना पाए।

09:32 (IST)12 Oct 2019
शमी ने की शुरुआत

दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन पहला ओवर मोहम्मद शमी लेकर आए। उनके सामने टीडी ब्रूएन थे। वे इस गेंद पर कोई रन नहीं बना पाए। शमी ने कल यानी दूसरे दिन अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर टेम्बा बावुमा को आउट कर दिया था।