India vs England: सूर्यकुमार यादव ने 18 मार्च 2021 को अपने ‘डेब्यू मैच’ को यादगार बना दिया। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 इंटरनेशनल मैच में 28 गेंद में अर्धशतक लगाया। सूर्यकुमार यादव ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की पहली पारी में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 31 गेंद में 57 रन बनाए।
सूर्यकुमार यादव अपनी पहली टी20 इंटरनेशनल पारी में अर्धशतक लगाने वाले भारत के पांचवें बल्लेबाज हैं। उनसे पहले रॉबिन उथप्पा, रोहित शर्मा, अजिंक्य रहाणे और इशान किशन यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। तकनीकी रूप से भले ही सूर्यकुमार यादव का यह दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच हो, लेकिन व्यवाहिरक रूप से यह उनका डेब्यू मैच ही है। दरअसल, सूर्यकुमार इस सीरीज के दूसरे टी20 में भी टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में शमिल थे, लेकिन तब उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला था। तीसरे मैच में उन्हें ड्रॉप कर दिया गया। इशान किशन के चोटिल होने के कारण उन्हें चौथे टी20 मैच में बल्लेबाजी का मौका मिला और उन्होंने कप्तान के फैसले को सही साबित कर दिया।
करियर की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बने सूर्यकुमार
सूर्यकुमार यादव टी20 इंटरनेशनल मैच में अपने करियर की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले दुनिया के पांचवें और भारत के पहले बल्लेबाज हैं। उनसे पहले पाकिस्तान के सोहेल तनवीर और दक्षिण अफ्रीका के मंगलीसो मोसेले (Mangaliso Mosehle) यह उपलब्धि अपने नाम कर चुके हैं। सोहेल ने 2007 में जोहानिसबर्ग में भारत के खिलाफ और मोसेले ने 2017 में श्रीलंका के खिलाफ यह कारनामा किया था। इनके अलावा न्यूजीलैंड के मार्क क्रैग और जिम्बाब्वे के रिचर्ड नगरावा ने भी अपने इंटरनेशनल करियर की पहली गेंद पर छक्का लगाया था। इन दोनों ने टेस्ट क्रिकेट में यह कारनामा किया था।
रोहित शर्मा भी बने पहले भारतीय
रोहित शर्मा किसी टी20 इंटरनेशनल मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले दुनिया के 8वें और भारत के पहले बल्लेबाज बने। इस मैच में पहली गेंद आदिल राशिद ने फेंकी। रोहित ने उनकी पहली ही गेंद पर छक्का लगाया। रोहित से पहले कामरान अकमल, करीम सादिक, ड्वेन स्मिथ (दो बार), मार्टिन गप्टिल, कॉलिन मुनरो, हजरतउल्ला जजाई और रोहित शर्मा यह उपलब्धि अपने नाम हासिल कर चुके हैं।
रोहित शर्मा ने पूरे किए 9000 टी20 रन
रोहित हालांकि, इस मैच में 12 रन ही बना पाए, लेकिन उन्होंने टी20 क्रिकेट में अपने 9000 रन पूरे कर लिए। यह उपलब्धि हासिल करने वाले वह भारत के दूसरे और दुनिया के नौवें बल्लेबाज बने। 342वां टी20 मैच खेलने वाले रोहित को इस मुकाम पर पहुंचने के लिए 11 रन चाहिए थे। उन्होंने आदिल राशिद के पारी के पहले ओवर में ही छक्का, चौका और एक रन लेकर यह उपलब्धि हासिल कर ली थी।
विराट कोहली पहले ही हासिल कर चुके हैं यह उपलब्धि
रोहित के नाम पर अब टी20 में 9001 रन दर्ज हैं जिनमें से टी20 अंतरराष्ट्रीय के 2800 रन भी शामिल हैं। रोहित से पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली इस मुकाम पर पहुंचे थे। इस मैच से पहले उनके नाम पर 302 मैचों में 9650 रन दर्ज थे। टी20 में सर्वाधिक रन वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (13720 रन) के नाम पर दर्ज हैं।
क्रिस गेल के बाद वेस्टइंडीज के ही कीरोन पोलार्ड (10629), पाकिस्तान के शोएब मलिक (10488), न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैकुलम (9922), आस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर (9824), आरोन फिंच (9718), कोहली, दक्षिण अफ्रीका के एबी डिविलियर्स (9111) और रोहित का नंबर आता है।