भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल की शानदार बल्लेबाजी के दम पर टीम इंडिया ने धर्मशाला टेस्ट के दूसरे दिन लंच तक 264 रन बनाए। इसके साथ ही भारत की लीड 46 रन हो गई। पहले सेशन का खेल खत्म होने तक रोहित शर्मा 102 और शुभमन गिल 101 रन बनाकर खेल रहे थे। भारतीय टीम ने शुक्रवार को 135 रन के कुल स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। पहले सेशन में 30 ओवर का खेल हुआ जिसमें भारत ने 129 रन बनाए। इंग्लैंड यहां एक भी विकेट नहीं ले पाया।
इंग्लैंड की हर रणनीति रही फेल
भारत पहले सेशन में पूरी तरह हावी रहा। इंग्लैंड के गेंदबाज विकेट के लिए पसीना बहाते दिखे लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। रोहित शर्मा ने 52 और शुभमन गिल ने 26 रन के निजी स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। शुभमन गिल काफी अटैकिंग खेलते हुए नजर आए। रोहित ने उस समय संयम से बल्लेबाजी करते हुए शुभमन गिल का साथ दिया। इंग्लैंड ने शॉट गेंदों से अटैक की कोशिश की लेकिन रोहित और शुभमन गिल ने पुल शॉट्स के साथ जबरदस्त जवाब दिया।
गिल और रोहित का शतक
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने अलग-अलग फील्ड सेट करके गेंदबाजों से उम्मीद लगाई लेकिन निराश रहे। शुभमन गिल और रोहित शर्मा पूरे सेशन में कभी भी दबाव में नहीं दिखे। दोनों ने तीन गेंदों के अंतर में अपने-अपने शतक पूरे किए। रोहित ने 154 गेंद में अपना शतक पूरा किया। यह उनके करियर का 12वां शतक था। वहीं शुभमन गिल ने चौका जमाकर 100 रन पूरे किए। गिल ने 138 गेंद में शतक जमाया। यह गिल के करियर का चौथा टेस्ट शतक है। युवा बल्लेबाज ने अपने चिर परिचित अंदाज में इस शतक का जश्न मनाया। गेंद बहुत ज्यादा टर्न नहीं हो रही है।