भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में हार के बाद सीरीज का दूसरा और तीसरा टेस्ट मैच जीतकर सीरीज में 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। हैदराबाद टेस्ट में हार के बाद भारत की इस जीत ने बैजबॉल के घमंड को तोड़ दिया है। बेन स्टोक्स को कप्तान बनने के बाद दूसरी बार ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा। भारत की नजर अब सीरीज जीतने पर है।
भारत ने बनाई बढ़त
इंग्लैंड ने भारत को हैदराबाद में 28 रन से मात दी। इसके बाद भारत ने विशाखापत्तनम टेस्ट में 106 रन से जीत हासिल की वहीं राजकोट में भी 434 रन से मैच जीतने में कामयाब रहे। लगातार दो टेस्ट में जीत के बाद भारत अब सीरीज में 2-1 से आगे हो गया है।
बेन स्टोक्स का टूटा घमंड
बेन स्टोक्स को 28 अप्रैल 2022 को इंग्लैंड का कप्तान बनाया गया था। इसके बाद यह दूसरा ही मौका है जब इंग्लैंड की टीम लगातार दो टेस्ट मैच हारी है। इससे पहले साल 2023 में ऐसा हुआ था। उस समय एशेज सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने एजबेस्टन और लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड को मात दी। ऑस्ट्रेलिया के बाद अब भारत ने इंग्लैंड का ऐसा हाल कर दिया है।
बेन स्टोक्स के खाते में आई शर्मसार करने वाली हार
बेन स्टोक्स के खाते में आई यह हार इंग्लैंड को शर्मसार करने वाली हार है। यह रनों के लिहाज से उनकी दूसरी सबसे बड़ी हार है। भारत आने से पहले बेन स्टोक्स और हेड कोच ब्रैंडम मैक्कलम जिस बैजबॉल का दम भर रहे थे वह पहले मैच के बाद फुस्स हो गई। बेन स्टोक्स ने अब तक इंग्लैंड के लिए 22 टेस्ट मैचों में कप्तानी की है, जिसमें इंग्लैंड को 14 में जीत मिली है और 7 में हार का सामना करना पड़ा है। वहीं एक मैच ड्रॉ पर रहा है। भारत अब सीरीज जीतने से महज एक जीत दूर है। अगला टेस्ट मुकाबला 23 फरवरी से रांची में खेला जाएगा।