भारतीय टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे टेस्ट मैच के चौथे दिन लंच तक 440 रन की लीड हासिल कर ली है। भारत ने लंच तक अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट पर 314 रन बनाए। लंच के समय यशस्वी जायसवाल 149 और सरफराज खान 22 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे। जयसवाल और सरफराज खान के बीच 62 गेंदों में 56 की साझेदारी हो चुकी है। भारत के लिए एक और अच्छी खबर यह है कि रविचंद्रन अश्विन भी टीम से जुड़ गए हैं जिन्हें अपने परिवार में आपात चिकित्सा स्थिति के कारण दूसरे दिन खेल बीच में छोड़ना पड़ा था।

शतक से चूके शुभमन गिल

भारत ने 196 रन के स्कोर से आगे खेलना शुरू किया। कुलदीप यादव और शुभमन गिल ने सधी हुई शुरुआत की। 64वें ओवर में दोनों की साझेदारी टूटी जब शुभमन गिल ताल-मेल की कमी के कारण रनआउट हो गुए। ओवर की आखिरी गेंद पर कुलदीप ने मिड ऑन पर गेंद को खेला, गिल पिच के बीच पहुंच चुके थे लेकिन तभी कुलदीप ने उनको वापस भेजा। गिल समय पर क्रीज पर नहीं पहुंच पाए। बेन स्टोक्स ने उन्हें रन आउट किया। गिल शतक से चूके और 91 रन बनाकर लौट गए।

कुलदीप यादव ने भी हुए आउट

भारतीय टीम ने चौथा विकेट 72वें ओवर में खोया। कुलदीप यादव रेहान अहमद का शिकार बने। उन्होंने ड्राइव करने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले के बाहरी किनारे पर लगी और स्लिप पर खड़े जो रूट ने आसान कैच लपका। कुलदीप केवल 27 रन बना सके। इसके बाद रिटायर हर्ट होने वाले जायसवाल बल्लेबाजी के लिए लौट आए। इसके बाद जायसवाल और सरफराज खान ने भारत की पारी को संभाला। दोनों ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के बल्लेबाजों को जमकर परेशान किया। जायसवाल अभी 189 गेंद पर 149 रन बनाकर खेल रहे हैं जिसमें 11 चौके और सात छक्के शामिल हैं।