भारत बनाम इंग्लैंड 5 मैच की सीरीज का तीसरा टेस्ट 10 जुलाई 2025 से लंदन के लॉर्ड्स मैदान में खेला जाएगा। भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज अभी 1-1 से बराबर है। लॉर्ड्स में भारत का रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं है। टीम इंडिया ने अब तक इस मैदान पर 19 टेस्ट मैच खेले हैं, लेकिन सिर्फ 3 में ही जीत हासिल कर पाई है। मतलब उसका इस मैदान पर सक्सेस रेट सिर्फ 20% ही है। यही नहीं, भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे टेस्ट में दो दिग्गज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर की भी वापसी होगी। इन दोनों की वापसी का मतलब है कि बल्लेबाजों की परेशानी बढ़ने वाली है।
लॉर्ड्स में पिछले 5 में से 2 टेस्ट भारत ने जीते
हालांकि, लॉर्ड्स में पिछले 5 में से 2 टेस्ट मैच भारत ने जीते हैं, जबकि 2 में हार झेली है। एक टेस्ट मैच ड्रॉ रहा। भारत ने लॉर्ड्स में पहला टेस्ट मैच जून 1932 में खेला था, लेकिन उसको इस मैदान पर पहली जीत 54 साल बाद नसीब हुई। भारत ने लॉर्ड्स में जून 1986 में पहली बार कोई टेस्ट मैच जीता था। भारत ने वह टेस्ट मैच कपिल देव की अगुआई में खेला था। इंग्लैंड की कमान डेविड गावर के हाथों में थी। भारत ने वह टेस्ट मैच 5 विकेट से जीता था। कपिल देव प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। कपिल देव ने मैच में कुल 5 विकेट (1/67, 4/52) लिए थे, जबकि दूसरी पारी में नाबाद 23 रन बनाए थे।
दूसरी जीत के लिए करना पड़ा था 28 साल इंतजार
लॉर्ड्स में टेस्ट क्रिकेट में भारत को दूसरी जीत हासिल करने के लिए 28 साल इंतजार करना पड़ा। जुलाई 2014 में एमएस धोनी ने यह सूखा खत्म किया और भारत को 95 रन से जीत दिलाई। उस टेस्ट मैच में इशांत शर्मा प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। इशांत शर्मा ने उस टेस्ट मैच की दूसरी पारी में सिर्फ 74 रन देकर 7 विकेट झटके थे और इंग्लैंड को 319 रन का लक्ष्य हासिल करने से रोक दिया था।
कोहली की भी अगुआई में जीती है टीम इंडिया
भारत ने लॉर्ड्स में आखिरी टेस्ट जीत अगस्त 2021 में हासिल की थी। तब टीम की कमान विराट कोहली के हाथों में थी। उस टेस्ट मैच में केएल राहुल प्लेयर ऑफ द मैच थे। केएल राहुल ने पहली पारी में शतक (129 रन) लगाया था। रोहित शर्मा 83 रन बनाकर जेम्स एंडरसन की गेंद पर बोल्ड हुए थे।
इंग्लैंड को जीत के लिए 272 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज की धारदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने मेजबान टीम को 120 रन पर ही ढेर कर दिया था। बुमराह ने 33 रन देकर 3 और सिराज ने 32 रन देकर 4 विकेट लिए थे। सिराज ने पहली पारी में 94 रन देकर 4 विकेट लिए थे। लार्ड्स में 10 भारतीयों ने ठोके हैं शतक, लिस्ट में नहीं है सचिन, विराट, गावस्कर के नाम; मोहम्मद सिराज इस मामले में हैं नंबर 1
भारत का लॉर्ड्स में टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के खिलाफ प्रदर्शन
नतीजा | जीत का अंतर | मैच शुरू होने की तिथि |
हार | 158 रन | 25 जून 1932 |
हार | 9 विकेट | 27 जून 1936 |
हार | 10 विकेट | 22 जून 1946 |
हार | 8 विकेट | 19 जून 1952 |
हार | 8 विकेट | 18 जून 1959 |
हार | पारी और 124 रन | 22 जून 1967 |
ड्रॉ | – | 22 जून 1971 |
हार | पारी और 285 रन | 20 जून 1974 |
ड्रॉ | – | 2 अगस्त 1979 |
हार | 7 विकेट | 10 जून 1982 |
जीत | 5 विकेट | 5 जून 1986 |
हार | 247 रन | 26 जुलाई 1990 |
ड्रॉ | – | 20 जून 1996 |
हार | 170 रन | 25 जुलाई 2002 |
ड्रॉ | – | 19 जुलाई 2007 |
हार | 196 रन | 21 जुलाई 2011 |
जीत | 95 रन | 17 जुलाई 2014 |
हार | पारी और 159 रन | 9 अगस्त 2018 |
जीत | 151 रन | 12 अगस्त 2021 |
4 साल बाद इंग्लैंड के लिए टेस्ट खेलने को तैयार आर्चर
भारत बनाम इंग्लैंड तीसरे टेस्ट की बात करें तो लॉर्ड्स की चुनौती पूर्ण पिच पर सफलता हासिल करने के लिए शुभमन गिल की अगुआई वाली मेहमान टीम को खुद को अच्छी तरह से तैयार करना होगा। यही नहीं लॉर्ड्स में ऊपर-नीचे जाने वाली ढलान की अनोखी चुनौती भी है।
जसप्रीत बुमराह और जोफ्रा आर्चर की वापसी से दोनों टीमों के बल्लेबाजों का काम और कठिन हो जाएगा। भारत की प्लेइंग इलेवन में एकमात्र अपेक्षित बदलाव प्रसिद्ध कृष्णा की जगह जसप्रीत बुमराह का आना होगा। जोफ्रा आर्चर की वापसी से इंग्लैंड का गेंदबाजी आक्रमण और मजबूत होगा। वह जोश टंग की जगह लेंगे। आर्चर 4 साल में इंग्लैंड के लिए अपना पहला टेस्ट खेलने के लिए तैयार हैं।
ये हैं भारत और इंग्लैंड की टीमें
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (उपकप्तान और विकेटकीपर), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर, नितीश कुमार रेड्डी, रविंद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, आकाश दीप, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन: जैक क्रॉली, बेन डकेट, ओली पोप, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), क्रिस वोक्स, ब्रायडन कार्स, जोफ्रा आर्चर, शोएब बशीर। IND vs ENG 3rd Test Weather/Pitch Report: तीसरे टेस्ट के दौरान कितनी है बारिश की संभावना, पिच से बल्लेबाज-गेंदबाज किसे मिलेगी मदद