हैदराबाद टेस्ट में इंग्लैंड के उप कप्तान ओली पोप ने अपने टेस्ट करियर का पांचवां शतक जड़ दिया है। मैच के तीसरे दिन तीसरे सेशन में ओली पोप ने 154 गेंद का सामना करते हुए 10 चौके की मदद से यह सेंचुरी पूरी की। भारत के खिलाफ उनका यह पहला टेस्ट शतक है। 2018 में टेस्ट डेब्यू करने वाले ओली पोप ने अभी तक साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, पाकिस्तान और आयरलैंड के खिलाफ लगाया है। टेस्ट में उनका सर्वोच्च स्कोर 205 भी आयरलैंड के खिलाफ है।
फोक्स और पोप के बीच हुई शतकीय साझेदारी
ओली पोप ने आक्रमक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए यह शतक पूरा किया है। उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज बेन फोक्स के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी भी की। इस साझेदारी ने भारतीय गेंदबाजों को दबाव में ला दिया। हालांकि अक्षर पटेल ने फोक्स के विकेट के साथ इस साझेदारी को तोड़ा। बेन फोक्स 34 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
ओली पोप के टेस्ट में आंकड़े
2018 में टेस्ट डेब्यू करने वाले ओली पोप 39 टेस्ट मैच खेल चुके हैं जिसमें उन्होंने 35.90 की औसत से 2250 से ज्यादा रन बना लिए हैं। टेस्ट में उनके नाम 5 शतक और 11 अर्धशतक दर्ज हैं। इंग्लैंड का यह बल्लेबाज 5 बार नाबाद रहा है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 205 रन रहा है। उन्होंने यह पारी आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ खेली थी। पोप ने अपना पहला टेस्ट मैच 9 अगस्त, 2018 को भारत के खिलाफ खेला था। वह मुकाबला लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेला गया था।
भारत के खिलाफ पोप का प्रदर्शन
ओली पोप ने भारत के खिलाफ 9 टेस्ट खेले हैं और इसकी 17 पारियों में 23.00 से ज्यादा की औसत से 300 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 1 शतक और 1 अर्धशतक निकला है। पोप ने अपने टेस्ट करियर में सबसे ज्यादा रन न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ बनाए हैं। उन्होंने 9 टेस्ट मैच में 36.00 की औसत से 576 रन बनाए हैं।