हैदराबाद टेस्ट में भारतीय गेंदबाजी के आगे इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स चट्टान की तरह डटे रहे और उन्होंने सबसे अधिक 70 रन की पारी खेली। स्टोक्स ने अपनी पारी की शुरुआत काफी धीमे अंदाज में की थी, लेकिन 8 विकेट गिर जाने के बाद उन्होंने गियर बदला और 88 गेंद में 70 रन बनाकर वह बुमराह का शिकार बने। स्टोक्स के रूप इंग्लैंड ने आखिरी विकेट गंवाया था और इंग्लैंड 246 पर ऑलआउट हो गई थी।
देखने लायक थी बुमराह की गेंद
इंग्लैंड की पूरी पारी में बेन स्टोक्स का विकेट देखने लायक था। जसप्रीत बुमराह की लाइन और लेंथ को स्टोक्स ऐसा चूके कि उन्हें गेंद ही समझ नहीं आई। बुमराह की जिस गेंद पर स्टोक्स ने अपना विकेट गंवाया वह वाकई शानदार गेंद थी। 137.7 किमी प्रति घंटा की स्पीड से फेंकी गई उस गेंद पर स्टोक्स चारों खाने चित हो गए। स्टोक्स ने क्रीज से बाहर निकलकर उस गेंद को खेलना चाहा, लेकिन उन्होंने गेंद की लाइन मिस कर दी और गेंद ने स्टोक्स के स्टंप्स उड़ा दिए।
IND vs ENG: इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी जायसवाल की सफल शुरुआत, पहले ही मैच में ठोका तेज अर्धशतक
शॉट तक नहीं खेल पाए स्टोक्स
बुमराह की गेंद ने स्टोक्स को कैसे परेशान किया यह उनके चेहरे और बॉली लैंग्वेंज से भी नजर आ गया था। बोल्ड होने के बाद बेन स्टोक्स का रिएक्शन देखने लायक था। स्टोक्स ने दोनों हाथ उपर उठाकर बुमराह की तरफ इशारा किया मानो वह पूछ रहे थे कि ये क्या था? बुमराह की इस गेंद पर बेन स्टोक्स ने शॉट खेलने का भी प्रयास नहीं किया और वह करते भी कैसे क्योंकि उन्हें गेंद नजर तक नहीं आई थी। स्टोक्स को आउट करने के बाद बुमराह ने इंग्लैंड के कप्तान की ओर इशारा किया था।
कुछ ऐसी रही इंग्लैंड की पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की पहली पारी 246 रन पर सिमट गई। इंग्लैंड की ओर से कप्तान बेन स्टोक्स ने सबसे अधिक 70 रन बनाए। स्टोक्स ने 88 गेंद में 6 चौके और 3 छक्के की मदद से 70 रन का योगदान दिया। इंग्लैंड को 55 के स्कोर पर पहला झटका लगा था। बेन डकेट के रूप में इंग्लैंड ने पहला विकेट गंवाया था। इसके बाद ओली पोप भी 11 गेंद में सिर्फ 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जो रूट और जॉनी बेयरस्टो के बीच अर्धशतकीय साझेदारी जरूर हुई थी, लेकिन इस साझेदारी को अक्षर पटेल ने तोड़ने का काम किया। इसके बाद स्टोक्स को छोड़कर कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका।