विराट कोहली और अजिंक्य रहाणे के प्रवाहमय शतकों और मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर चौथे विकेट के लिये उनकी 262 रन की रिकॉर्ड साझेदारी से भारत ने तीसरे टेस्ट क्रिकेट मैच में आज यहां ऑस्ट्रेलिया के लचर क्षेत्ररक्षण का फायदा उठाकर अच्छी वापसी की लेकिन आखिरी क्षणों निचले क्रम के ढहने से वह तीसरा दिन पूरी तरह से अपने नाम करने में नाकाम रहा।
भारत ने सुबह एक विकेट पर 108 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन उसने जल्द ही अपने कल के अविजित बल्लेबाजों को गंवा दिया जिसके बाद कोहली (169) और रहाणे (147) ने अपने करियर की सर्वोच्च पारियां खेली। भारत ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक आठ विकेट पर 462 रन बनाये हैं और वह अब भी ऑस्ट्रेलिया के 530 रन के स्कोर से 68 रन पीछे है।
कोहली और रहाणे ने एमसीजी पर किसी भी मेहमान टीम की तरफ से चौथे विकेट के लिये सबसे बड़ी भागीदारी की। लेकिन यह साझेदारी टूटते ही फिर से पुरानी कहानी शुरू हो गयी और भारत ने 112 गेंद और 53 रन के अंदर पांच विकेट गंवा दिये।
कोहली दिन के आखिरी ओवर में मिशेल जॉनसन (133 रन देकर एक विकेट) की गेंद पर आउट हुए, जिनके साथ उनकी बीच में तीखी बहस हुई थी और जिनकी गेंद पर उन्हें जीवनदान भी मिला था। विकेटकीपर ब्रैड हैडिन ने हवा में लहराते हुए भारतीय उप कप्तान का शानदार कैच लिया। कोहली ने अपना नौवां और इस श्रृंखला में तीसरा शतक लगाया। उन्होंने अपनी पारी में 272 गेंद खेली तथा 18 चौके लगाये।
भारतीय पारी के पतन की कहानी रहाणे के नाथन लियोन (108 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर पगबाधा आउट होने से शुरू हुई। रहाणे ने 171 गेंदों पर 21 चौके लगाये और इस तरह से 85.96 के स्ट्राइक रेट से रन बनाये। उयह उनका तीसरा शतक है।
अपनी पदार्पण पारी के लिये लगभग 58 ओवरों तक इंतजार करने वाले लोकेश राहुल का टेस्ट क्रिकेट में आगाज अच्छा नहीं रहा और वह केवल तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गये। उन्हें लियोन की गेंद पर जीवनदान मिला लेकिन इस ऑफ स्पिनर की अगली गेंद पर उसी तरह का शॉट खेलने के प्रयास में वह फाइन लेग पर जोश हेजलवुड को कैच दे बैठे।
इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल गेंदबाज रेयान हैरिस (69 रन देकर चार विकेट) ने कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (11) और रविचंद्रन अश्विन (शून्य) को भी नहीं टिकने दिया। धोनी शुरू से सहज नहीं दिख रहे थे और हैरिस ने उन्हें विकेट के पीछे कैच कराया। अश्विन केवल चार गेंद का सामना कर पाये और हैरिस की गेंद पर वापस उन्हें कैच देकर पवेलियन लौटे।
भारत ने सुबह एक विकेट पर 108 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन जल्द ही अपने कल के अविजित बल्लेबाजों मुरली विजय (60) और चेतेश्वर पुजारा (25) के विकेट गंवा दिये। इसके बाद कोहली और रहाणे ने जिम्मेदारी संभाली। इन दोनों बल्लेबाजों को जीवनदान मिले और उन्होंने उसका पूरा फायदा उठाया।
रहाणे ने 13वें टेस्ट मैच में अपना तीसरा शतक जड़ा। जब वह 70 रन पर थे तब लियोन ने अपनी ही गेंद पर उनका आसान कैच छोड़ दिया था। शतक पूरा करने से पहले कोहली की भी जानसन के साथ तीखी बहस हुई और इससे लगता है कि भारतीय बल्लेबाज का ध्यान भी भंग हुआ। इसके तुरंत बाद जब वह 88 रन पर थे तब शेन वॉटसन ने पहली स्लिप में उनका कैच छोड़ा और जॉनसन की निराशा बढ़ा दी।
रहाणे ने 127 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया और तेजी से रन बनाने जारी रखे। कोहली ने आक्रामक तेवर अपनाने के साथ सतर्कता भी बरती। उन्होंने विशेषकर जॉनसन के खिलाफ तीखे तेवर अपनाये।
इससे पहले पुजारा अपने कल के स्कोर में कोई इजाफा किये बिना दिन की दूसरी गेंद पर पवेलियन लौट गये। हैरिस की गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर गयी और हैडिन ने डाइव लगाकर उसे बड़ी खूबसूरती से कैच में बदल दिया।
सलामी बल्लेबाज विजय अपने कल के स्कोर में कुछ रन ही जोड़ पाये। उन्होंने दो खूबसूरत चौके लगाये। इस बीच जॉनसन का बाउंसर उनके हेलमेट पर भी लगा। इसके तुरंत बाद वॉटसन (65 रन देकर एक विकेट) ने उन्हें पहली स्लिप में शॉन मार्श को कैच देने के लिये मजबूर किया।
कोहली और रहाणे ने पारी को बहुत अच्छी तरह से संवारा ऑस्ट्रेलिया की उम्मीदों पर पानी फेरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। ये दोनों लंच तक टीम का स्कोर तीन विकेट पर 224 रन पर ले गये। तब रहाणे 43 और कोहली 60 रन पर खेल रहे थे।
दूसरे सत्र में रहाणे ने अधिक तेजी दिखायी लेकिन इस बीच भाग्य ने भी उनका साथ दिया और लियोन उनका आसान कैच नहीं ले पाये। जब दूसरी नयी गेंद ली गयी तो जॉनसन का रिटर्न थ्रो कोहली पर लगा। इससे बल्लेबाज गुस्सा हो गया और दोनों के बीच झड़प हुई। कोहली ने जॉनसन को अपना विकेट भी दे दिया था लेकिन वॉटसन ने कैच छोड़ दिया।
रहाणे शतक तक पहले पहुंचे। उन्होंने 90वें ओवर में सैकड़ा पूरा किया। यह विदेशी सरजमीं पर उनका तीसरा शतक है। इसके चार ओवर बाद कोहली ने भी ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर चौथा शतक पूरा किया। इन दोनों ने दूसरे सत्र में 112 रन जोड़े।
ऑस्ट्रेलिया पहली पारी – 530 रन
भारत पहली पारी
मुरली विजय का मार्श बो वॉटसन 68
शिखर धवन का स्मिथ बो हैरिस 28
चेतेश्वर पुजारा का हैडिन बो हैरिस 25
विराट कोहली का हैडिन बो जॉनसन 169
अजिंक्य रहाणे पगबाधा बो लियोन 147
लोकेश राहुल का हेजलवुड बो लियोन 03
महेंद्र सिंह धोनी का हैडिन बो हैरिस 11
रविचंद्रन अश्विन का एवं बो हैरिस 00
मोहम्मद शमी खेल रहे हैं 09
अतिरिक्त : लेग बाई 01, वाइड 01 : 02
कुल : 126 . 2 ओवर में, आठ विकेट पर : 462
विकेट पतन : 1-55, 2-108, 3-147, 4-409, 5-415, 6-430, 7-434, 8-462
गेंदबाजी
जॉनसन 29.2-5-133-1
हैरिस 25-7-69-4
हेजलवुड 25-6-75-0
वॉटसन 16-3-65-1
लियोन 29-3-108-2
स्मिथ 2-0-11-0