बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलिया ड्राइविंग सीट पर है। ट्रेविस हेड के बाद स्टीव स्मिथ फॉर्म में आ गए हैं। गाबा टेस्ट के दूसरे दिन रविवार (15 दिसंबर) को ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में अपना 33वां टेस्ट शतक जड़ा। स्मिथ ने 24 पारी का सूखा खत्म किया। इससे पहले वह पर्थ और एडिलेड में संघर्ष करते दिखे थे।

स्मिथ ने 128 गेंदों पर अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद उन्हें अगले 59 रन बनाने में मात्र 57 गेंदें लगीं। केवल दो बार ही वह 50 से 100 रन तक इतनी तेजी से पहुंचे हैं। इससे पहले उन्होंने जुलाई 2015 में ऐसा किया था। भारत के खिलाफ पहले दो टेस्ट में 6.33 के औसत से केवल 19 रन बनाने वाले स्टीव स्मिथ ने ब्रिस्बेन के गाबा में चौथा शतक जड़कर ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। भारत के खिलाफ इस वेन्यू पर उनका दूसरा शतक था।

IND vs AUS, 3rd Test Match Full Scorecard In Hindi: Watch Here

स्मिथ ने 24 पारियों में केवल 4 अर्धशतक लगाए

स्मिथ ने 32वां टेस्ट शतक जून 2023 में लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ लगाया था। इसके बाद उन्होंने 24 पारियों में केवल 4 अर्धशतक लगाए। इस दौरान उनकी बैटिंग पोजिशन भी बदली। डेविड वॉर्नर के रिटायर होने के बाद वह बतौर ओपनर भी खेले। कैमरन ग्रीन के चोटिल होने के बाद भारत के खिलाफ सीरीज में उन्हें फिर नंबर 4 पर खिलाने का फैसला हुआ। पहले दो टेस्ट में वह नहीं चले, लेकिन गाबा टेस्ट में शतक भारत के लिए बुरी खबर है।

स्मिथ को गाबा की पिच रास आती है

स्टीव स्मिथ को गाबा की पिच रास आती है। इस साल की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ पिंक बॉल टेस्ट में उन्होंने नाबाद 91 रन की पारी खेली थी। जनवरी 2024 में उन्होंने यह पारी खेली थी। स्मिथ और ट्रेविस हेड के बीच 200 से ज्यादा की साझेदारी हो गई है। ट्रेविस हेड ने 9वां टेस्ट शतक जड़ा। भारत के खिलाफ यह उनका लगातार दूसरा शतक था। गाबा से पहले एडिलेड में भी उन्होंने शतक जड़ा था। हेड एक ऐसे बल्लेबाज है,जिनका जवाब भारतीय गेंदबाजों के पास नहीं दिख रहा। (पूरी खबर पढ़ें)