भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला राजकोट में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत को 353 रन का लक्ष्य दिया है। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल मार्श ने सबसे अधिक 96 रन की पारी खेली। मार्श ने 84 गेंद में 13 चौके और 3 छक्के की मदद से 96 रन बनाए। हालांकि इस दौरान मिचेल मार्श अपने दूसरे वनडे शतक से चूक गए। अगर मार्श यह सेंचुरी बना लेते तो वनडे इंटरनेशनल में उनका यह शतक 7 साल के बाद आता।

7 साल पहले आया था मिचेल मार्श का आखिरी शतक

मिचेल मार्श ने आखिरी वनडे इंटरनेशनल शतक 2016 में भारत के खिलाफ सिडनी में लगाया था। वनडे में अभी उनका वही इंटरनेशनल शतक है। उसके बाद से मार्श ने 50 से ज्यादा वनडे मैच खेल लिए हैं, लेकिन उनके बल्ले से कोई शतक नहीं आया। 2011 में अपना वनडे करियर शुरू करने वाले मिचेल मार्श ने 27वें वनडे मैच में पहला शतक जड़ा था। उस मैच में मार्श ने 84 गेंद में 102 रन की नाबाद पारी खेली थी। अपनी पारी में उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के लगाए थे। मार्श के शतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 331 रन का लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने 49.4 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। मनीष पांडे ने इस मैच में शतक लगाया था।

मिचेल मार्श का अंतरराष्ट्रीय करियर

ऑस्ट्रेलिया का यह धाकड़ ऑलराउंडर 2011 से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल रहा है। मिचेल मार्श ने अभी तक (27 सितंबर) 78 वनडे और 35 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें 74 वनडे पारियों में 33.35 की औसत से 2135 रन बनाए हैं। वनडे में उनके नाम एक शतक और 17 अर्द्धशतक दर्ज हैं। वहीं टेस्ट में मिचेल मार्श का 27.45 का औसत है। मार्श ने 1510 रन टेस्ट फॉर्मेट में बनाए हैं। टेस्ट में उनके नाम 3 शतक और 4 अर्द्धशतक दर्ज हैं। इसके अलावा टी20 इंटरनेशनल में मिचेल मार्श ने 49 मैच खेले हैं। टी20आई में उनका औसत 33.47 का है। टी20 में उन्होंने 8 हाफ सेंचुरी लगाई हैं।