भारत ने इंदौर में ओपनर यशस्वी जायसवाल और शिवम दुबे की तूफानी बल्लेबाजी की मदद से 173 रन के टारगेट को 16 ओवर के अंदर हासिल कर लिया। अफगानिस्तान के स्पिनर्स की दुनिया में तूती बोलती है, लेकिन दूसरे टी20 में इनकी एक न चली। उन्होंने सिर्फ 7 ओवर में 97 रन लुटा दिए। टी20 में इस मैच से पहले अफगान स्पिनर्स की इतनी कुटाई कभी नहीं हुई थी। भारत ने खुद का ही 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
यशस्वी जायसवाल ने 34 गेंद पर 5 चौके और 6 छक्के की मदद से 68 रन बनाए। वहीं शिवम दुबे ने 32 गेंद पर 5 चौके और 4 छक्के की मदद से नाबाद 63 रन बनाए। मुजीब उर रहमान ने 2 ओवर में 32 रन दिए। 16 की उनकी इकॉनमी रही। नूर अहमद ने 3 ओवर में 35 रन दिए। उन्होंने 11.70 की इकॉनमी से रन दिए। मोहम्मद नबी ने 2 ओवर में 30 रन दिए। उनकी इकॉनमी 15 की रही।
14 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
टी20 क्रिकेट में पहली बार हुआ कि अफगानिस्तान के स्पिनर्स ने साढ़े 10.21 से ज्यादा की इकॉनमी से रन दिए हों। इंदौर में उनकी इकॉनमी 13.85 रही। इससे उनकी सबसे खराब इकॉनमी 10.21 की थी। 14 साल पहले साल 2010 में ग्रास आइसलेट में भारतीय बल्लेबाजों ने 7.5 ओवर में 80 रन ठोक दिए थे।आयरलैंड ने 2010 में अबूधाबी में 11 ओवर में 112 रन ठोक दिए थे। तब अफगानिस्तान के स्पिनर्स की इकॉनमी 10.18 रही थी। साल 2021 में भारत ने अबूधाबी में 7 ओवर में 68 रन ठोके थे। तब उनकी इकॉनमी 9.71 की रही थी।
टी20 में भारत का घरेलू सरजमीं पर शानदार रिकॉर्ड
भारत का घरेलू सरजमीं पर टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन जारी है। जून 2019 से भारत अपनी घरेलू सरजमीं पर 15 मैच खेला है। इनमें से 13 मैच जीता है। एक भी मैच नहीं हारा है। 2 मैच बेनतीजा रहे हैं। अफगानिस्तान के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज को भारत 2-0 से अपने नाम कर चुका है। तीसरा मैच 17 जनवरी को बेंगलुरु में खेला जाएगा।