भारत ने कप्तान रोहित शर्मा के शतक और रिंकू सिंह के अर्धशतक से बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैच की श्रृंखला के तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में चार विकेट पर 212 रन बनाये। रोहित ने 69 गेंद खेलते हुए अपनी नाबाद शतकीय पारी में 11 चौके और आठ छक्के जड़े। रिंकू ने 39 गेंद में दो चौके और छह छक्के लगाये। रोहित और रिंकू ने इस मैच में टी20 क्रिकेट के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़े।

रोहित-रिंकू की रिकॉर्ड साझेदारी

रोहित और रिंकू ने अफगानिस्तान के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए पांचवें विकेट के लिए 95 गेंद में नाबाद 190 रन की साझेदारी निभायी। यह भारत की टी20 में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले यह रिकॉर्ड विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन और ऑलराउंडर दीपक हुडा के नाम था। दोनों ने 2022 में आयरलैंड के खिलाफ 176 रनों की साझेदारी की थी। रोहित साल 2017 में केएल राहुल के साथ श्रीलंका के खिलाफ 165 रनों की साझेदारी भी कर चुके हैं।

आखिरी ओवर में रिंकू-रोहित ने जोड़े 36 रन

भारत ने पारी के आखिरी ओवर में 36 रन बनाए। रिंकू और रोहित दोनों ने विस्फोटक बल्लेबाजी की। टी20 अंतरराष्ट्रीय में एक ओवर में सबसे ज्यादा 36 ही रन बने हैं। रिंकू और रोहित ने इस मामले में युवराज सिंह और कायरन पोलार्ड की बराबरी की। पारी के आखिरी ओवर में भारत के खाते में 36 रन बनाए। करीम जानत के ओवर की पहली गेंद पर रोहित ने चौका लगाया।

युवराज सिंह और पोलार्ड की बराबरी की

इसकी अगली गेंद पर रोहित ने छक्का लगाया और यह गेंद नो बॉल रही। रोहित इसके बाद फिर छक्का लगाया। तीसरी गेंद पर सिंगल के बाद रिंकू सिंह स्ट्राइक पर आए और आखिरी तीन गेंदों पर छक्के की हैट्रिक लगाई थी। इससे पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय में दो ही बार एक ओवर में 36 रन आए। साल 2007 में युवराज सिंह ने स्टुअर्ट ब्रॉड के खिलाफ छह छक्के लगाए थे तब और 2021 में श्रीलंका के अकिला धनंजया के खिलाफ कायरन पोलार्ड ने एक ओवर में 36 रन बनाए थे।