अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में लगातार दूसरे मैच में भारत के कप्तान आयुष म्हात्रे सस्ते में आउट हो गए। अमेरिका के खिलाफ 19 रन बनाने वाले म्हात्रे ने बांग्लादेश के खिलाफ सिर्फ 6 रन बनाए। चोट से उबरकर अंडर-19 वर्ल्ड कप खेलने आए मुंबई के इस ओपनर बल्लेबाज का बल्ला अंडर-19 क्रिकेट में लंबे वक्त से नहीं चला है। अंडर-19 एशिया कप में भी वह फ्लॉप रहे। उन्होंने पिछली 9 पारियों में 17 के औसत से रन बनाए हैं।

बांग्लादेश ने बारिश के कारण देरी से शुरू हुए मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। वैभव सूर्यवंशी के साथ आयुष म्हात्रे ओपनिंग के लिए उतरे। म्हात्रे ने अल फहद के पहले ओवर को मेड खेला। उन्होंने दूसरे ओवर में इकबाल होसेन इमोन की चौथी गेंद पर चौका जड़ा। अल फहद के अगले ओवर की तीसरी गेंद पर 2 रन बनाए। इसके बाद पांचवीं गेंद पर इनफील्ड के ऊपर से शॉट लगाने के प्रयास में कैच आउट हो गए। कलाम सिद्दीकी अलीन ने उनका कैच लपका। आयुष ने 12 गेंद पर 1 चौके की मदद से 6 रन बनाए।

आयुष म्हात्रे का फ्लाप शो जारी

आयुष म्हात्रे ने पिछली 9 पारियों में 17.89 के औसत से 161 रन बनाए हैं। उनका सर्वोच्च स्कोर 49 है, जिसे उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप वॉर्म अप मैच में इंग्लैंड के खिलाफ बनाया था। वह 4 पारियों में दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाए हैं। केवल दो बार 30 का आंकड़ा पार कर पाए हैं। आयुष ने पिछली 9 पारियों में 4,38,14,7,2,22,49,19 और 6 रन बनाए हैं।

आयुष म्हात्रे ने किस टीम के खिलाफ बनाए कितने रन

आयुष म्हात्रे ने यूएई अंडर-19 के खिलाफ 4 रन बनाए। पाकिस्तान अंडर-19 के खिलाफ 38 रन बनाए। मलेशिया अंडर-19 के खिलाफ 14 रन बनाए। श्रीलंका अंडर-19 के खिलाफ 7, पाकिस्तान अंडर-19 के खिलाफ 2, स्कॉटलैंड अंडर-19 के खिलाफ 22 और इंग्लैंड अंडर-19 के खिलाफ 49 रन बनाए। अमेरिका अंडर-19 के खिलाफ 19 रन बनाए। अंडर-19 वर्ल्ड कप की अंक तालिका देखने के लिए क्लिक करें