इंग्लैंड ने रविवार को आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 का खिताब जीत लिया। उसने रविवार को लंदन के लार्ड्स में खेले गए फाइनल में न्यूजीलैंड को सुपर ओवर में हरा दिया। इंग्लैंड की टीम पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बनी है। फाइनल जीतने पर उसे पुरस्कार के तौर पर 40 लाख डॉलर (करीब 27.42 करोड़ रुपए) की राशि मिली। इसके अलावा उसके खाते में 4 लाख डॉलर की राशि और आई। इस हिसाब से इंग्लैंड ने कुल 30.44 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि जीती।  इंग्लैंड की टीम इससे पहले 1979, 1987 और 1992 में भी फाइनल खेली थी, लेकिन तब उसे हर बार हार का सामना करना पड़ा था।

दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की टीम को 20 लाख डॉलर (करोड़ 13.71 करोड़ रुपए) से संतोष करना पड़ा। उसने लीग चरण में 5 मैच जीते थे, इसलिए उसके हिस्से में 2 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि भी आई। इंग्लैंड की तरह उसने भी नॉकआउट में 2 मैच खेले। इन दोनों मैचों के लिए एक-एक लाख डॉलर अलग से मिले। इस तरह वह करीब 16.46 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि के साथ स्वदेश लौटेगा। न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और इंग्लैंड के बेन स्टोक्स को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। विलियम्सन ने 8 पारियों में 548 रन बनाए थे। वे वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान बने। उनकी कप्तानी में न्यूजीलैंड की टीम ने फाइनल खेला। स्टोक्स ने फाइनल में 98 गेंद पर 85 रन बनाए।

इस बार वर्ल्ड कप की पुरस्कार राशि पिछले सभी संस्करणों से ज्यादा है। इसके बावजूद यह दुनिया की सबसे बड़ी फुटबॉल लीग (चैंपियंस लीग) से बहुत कम है। इस बार चैंपियंस लीग का खिताब इंग्लैंड के फुटबॉल क्लब लिवरपूल ने जीता था। उसे फाइनल जीतने पर पुरस्कार के तौर पर 19 करोड़ यूरो (करीब 147 करोड़ रुपए) मिले थे। अमेरिका में होने वाले बास्केटबॉल टूर्नामेंट एनबीए के चैंपियन को 2 करोड़ डॉलर (करीब 137 करोड़ रुपए) दिए जाते हैं।

इंग्लैंड ने राउंड रॉबिन लीग चरण के दौरान 6 मैच जीते थे। इसके लिए उसे 40 हजार डॉलर प्रति मैच के हिसाब से 2.40 लाख डॉलर (करीब 1.65 करोड़ रुपए) की पुरस्कार राशि मिली। उसने नॉकआउट में 2 मैच (सेमीफाइनल और फाइनल) खेले। आईसीसी के नियमों के मुताबिक, इन दोनों मैचों के लिए एक-एक लाख डॉलर अलग से मिले। इस हिसाब से इंग्लैंड ने इस टूर्नामेंट में कुल 30.44 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि जीती।

किसकोकितनी पुरस्कार राशि
वर्ल्ड चैम्पियन40 लाख डॉलर (27.42 करोड़ रुपए)
फाइनल हारने वाली टीम को20 लाख डॉलर (13.71 करोड़ रुपए)
सेमीफाइनल हारने वाली दोनों टीमों को8-8 लाख डॉलर (5.48 करोड़ रुपए)
लीग चरण में मैच जीतने पर40-40 हजार डॉलर (27.42 लाख रुपए)
नॉकआउट में पहुंची हर टीम को प्रत्येक मैच के लिए1-1 लाख डॉलर (68.56 लाख रुपए)
कुल पुरस्कार राशिएक करोड़ डॉलर (68.56 करोड़ रुपए)

इंग्लैंड 11 किलो वजनी ट्रॉफी का भी बना हकदार
वर्ल्ड कप की ट्रॉफी 11 किलो वजनी होती है। यह सोने और चांदी से मिलकर बनती है। इसकी उंचाई 60 सेंटीमीटर होती है। इसे बनाने में करीब 2 महीने लगते हैं। इसमें एक ग्लोब होता है जो सोने से बना होता है। यह ग्लोब 3 मुड़े हुए स्तंभों के सहारे टिका होता है। इन 3 स्तंभों का आकार स्टंप्स और बेल्स की तरह होता है। इस ट्रॉफी को पहली बार 1999 में बनाया गया था। इस ट्रॉफी की वास्तविक प्रति आईसीसी अपने पास रखता है, विजेता को रेप्लिका दी जाती है।