World Cup 2019, India vs Sri Lanka (Ind vs SL) Live Cricket Score Updates: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 का 44वां मैच भारत-श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। लीड्स के हेडिंग्ले में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों का लीग स्टेज का आखिरी मैच है। विराट कोहली की अगुआई वाली भारतीय टीम पहले ही टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। श्रीलंकाई टीम अंतिम-4 की दौड़ से बाहर है। ऐसे में मैच के नतीजे का उस पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हां, यदि टीम इंडिया उसे हराने में सफल रहती है तो थोड़ी देर के लिए ही सही वह अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी।

हालांकि, वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो श्रीलंका का पलड़ा भारी है। वर्ल्ड कप में दोनों टीम के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं। इनमें से टीम इंडिया सिर्फ 3 मैच ही जीतने में सफल हुई है, जबकि 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच बेनतीजा रहा था। दोनों के बीच आखिरी मुकाबला 2 अप्रैल 2011 को हुआ था। तब भारत ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया था। श्रीलंका ने विश्व कप में भारत के खिलाफ आखिरी जीत 23 मार्च 2007 को हासिल की थी।

Live Blog

Highlights

    13:38 (IST)06 Jul 2019
    ऐसे टॉप पर बरकरार रह सकती है टीम इंडिया

    पहले ही अंतिम चार में दूसरा स्थान पक्का कर चुकी भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ जीत से अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच सकती है बशर्ते आस्ट्रेलिया पहले ही बाहर हो चुकी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम मैच में हार जाये।

    13:22 (IST)06 Jul 2019
    यहां देख सकते हैं मैच

    Sri Lanka vs India मैच को आप Star Sport 1 Star Sport 1 hd, Star Sport 1 hindi, Star Sport 1 hd hindi, Star Sport 1, tamil, Star Sport 1 telgu, Star Sport 1 kannad, Star Sport 1 bangla, Star Sport select 1 और Star Sport select 1 hd पर देख सकते हैं।

    13:07 (IST)06 Jul 2019
    धोनी का फॉर्म में आना जरूरी

    जीत की लय के बावजूद मध्यक्रम अब भी भारत के लिये चिंता का विषय बना हुआ है और विराट कोहली की टीम शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले विश्व कप के अंतिम ग्रुप मैच में उम्मीद करेगी कि महेंद्र सिंह धोनी सेमीफाइनल से पहले फार्म हासिल कर लें।

    12:50 (IST)06 Jul 2019
    जडेजा को मिल सकता है मौका

    कप्तान कोहली चाहेंगे कि उनका ‘मार्गदर्शक’ सफल रहे क्योंकि धोनी की भूमिका टीम के रविवार को होने वाले फाइनल तक पहुंचने के लिये काफी अहम होगी। लेकिन श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले को भारतीय टीम थोड़ा सहजता से ले सकती है और कुछ अन्य संयोजन आजमा सकती है जिसमें रविंद्र जडेजा को जोड़ना शामिल है।

    12:32 (IST)06 Jul 2019
    मैच से पहले बोले करूणारत्ने

    श्रीलंका के कप्तान दिमुथ करूणारत्ने ने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अंतर को कम करने के लिए उनके देश को भारत की तरह मजबूत घरेलू संरचना की जरूरत है। श्रीलंका आठ मैचों में से केवल आठ अंकों के साथ आईसीसी विश्व कप के खिताबी दौड़ से बाहर हो गया है और कप्तान ने कहा कि बदलाव के दौर में टीम को दमदार खिलाड़ी नहीं मिल पा रहे क्योंकि उनका घरेलू क्रिकेट भारत की घरेलू संरचना की तरह मजबूत नहीं है।

    12:13 (IST)06 Jul 2019
    ऑस्ट्रेलिया की जीत से भारत को नुकसान

    श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतने पर भारत के 15 अंक हो जाएंगे, जबकि दक्षिण अफ्रीका से मैच खेल रही ऑस्ट्रेलिया के 14 अंक ही रहेंगे। ऐसे में 3 घंटे के लिए ही सही टीम इंडिया अंक तालिका में नंबर वन पर पहुंच जाएगी। दक्षिण अफ्रीका यदि ऑस्ट्रेलिया को हराने में सफल हो जाती है, तो भारत ही शीर्ष पर बना रहेगा। ऑस्ट्रेलिया के जीतने पर वह फिर दूसरे नंबर पर खिसक जाएगा।

    11:40 (IST)06 Jul 2019
    आज होंगे दो मुकाबले

    इसी दिन ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका से होना है। यह मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे से खेला जाएगा। इसका नतीजा भारत के मैच खत्म होने के करीब 3 घंटे बाद आएगा।

    11:19 (IST)06 Jul 2019
    टॉप पर ऑस्ट्रेलिया

    ऑस्ट्रेलिया ने 8 में से 7 मैच जीते हैं, जबकि भारत के खिलाफ वह मैच हार गया था। उसके 14 अंक हैं। चूंकि शनिवार को भारतीय समयानुसार टीम इंडिया का मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होकर रात 11 बजे तक चल सकता है।

    10:42 (IST)06 Jul 2019
    दूसरे नंबर पर भारत

    इस विश्व कप की बात करें तो भारत ने अब तक 8 में से 6 मैच जीते हैं। उसका एक मैच रद्द हो गया था, जबकि एक में उसे हार झेलनी पड़ी थी। वह 13 अंकों के साथ तालिका में दूसरे नंबर पर है।