World Cup 2019, India vs Sri Lanka (Ind vs SL) Live Cricket Score Updates: आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 का 44वां मैच भारत-श्रीलंका के बीच खेला जाएगा। लीड्स के हेडिंग्ले में होने वाला यह मुकाबला दोनों टीमों का लीग स्टेज का आखिरी मैच है। विराट कोहली की अगुआई वाली भारतीय टीम पहले ही टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। श्रीलंकाई टीम अंतिम-4 की दौड़ से बाहर है। ऐसे में मैच के नतीजे का उस पर कोई फर्क नहीं पड़ेगा। हां, यदि टीम इंडिया उसे हराने में सफल रहती है तो थोड़ी देर के लिए ही सही वह अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच जाएगी।
हालांकि, वर्ल्ड कप में दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों के आंकड़ों पर नजर डालें तो श्रीलंका का पलड़ा भारी है। वर्ल्ड कप में दोनों टीम के बीच अब तक 8 मैच खेले गए हैं। इनमें से टीम इंडिया सिर्फ 3 मैच ही जीतने में सफल हुई है, जबकि 4 में उसे हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच बेनतीजा रहा था। दोनों के बीच आखिरी मुकाबला 2 अप्रैल 2011 को हुआ था। तब भारत ने श्रीलंका को 6 विकेट से हराया था। श्रीलंका ने विश्व कप में भारत के खिलाफ आखिरी जीत 23 मार्च 2007 को हासिल की थी।
पहले ही अंतिम चार में दूसरा स्थान पक्का कर चुकी भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ जीत से अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच सकती है बशर्ते आस्ट्रेलिया पहले ही बाहर हो चुकी दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम मैच में हार जाये।
Sri Lanka vs India मैच को आप Star Sport 1 Star Sport 1 hd, Star Sport 1 hindi, Star Sport 1 hd hindi, Star Sport 1, tamil, Star Sport 1 telgu, Star Sport 1 kannad, Star Sport 1 bangla, Star Sport select 1 और Star Sport select 1 hd पर देख सकते हैं।
जीत की लय के बावजूद मध्यक्रम अब भी भारत के लिये चिंता का विषय बना हुआ है और विराट कोहली की टीम शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले विश्व कप के अंतिम ग्रुप मैच में उम्मीद करेगी कि महेंद्र सिंह धोनी सेमीफाइनल से पहले फार्म हासिल कर लें।
कप्तान कोहली चाहेंगे कि उनका ‘मार्गदर्शक’ सफल रहे क्योंकि धोनी की भूमिका टीम के रविवार को होने वाले फाइनल तक पहुंचने के लिये काफी अहम होगी। लेकिन श्रीलंका के खिलाफ मुकाबले को भारतीय टीम थोड़ा सहजता से ले सकती है और कुछ अन्य संयोजन आजमा सकती है जिसमें रविंद्र जडेजा को जोड़ना शामिल है।
श्रीलंका के कप्तान दिमुथ करूणारत्ने ने कहा कि घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अंतर को कम करने के लिए उनके देश को भारत की तरह मजबूत घरेलू संरचना की जरूरत है। श्रीलंका आठ मैचों में से केवल आठ अंकों के साथ आईसीसी विश्व कप के खिताबी दौड़ से बाहर हो गया है और कप्तान ने कहा कि बदलाव के दौर में टीम को दमदार खिलाड़ी नहीं मिल पा रहे क्योंकि उनका घरेलू क्रिकेट भारत की घरेलू संरचना की तरह मजबूत नहीं है।
श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतने पर भारत के 15 अंक हो जाएंगे, जबकि दक्षिण अफ्रीका से मैच खेल रही ऑस्ट्रेलिया के 14 अंक ही रहेंगे। ऐसे में 3 घंटे के लिए ही सही टीम इंडिया अंक तालिका में नंबर वन पर पहुंच जाएगी। दक्षिण अफ्रीका यदि ऑस्ट्रेलिया को हराने में सफल हो जाती है, तो भारत ही शीर्ष पर बना रहेगा। ऑस्ट्रेलिया के जीतने पर वह फिर दूसरे नंबर पर खिसक जाएगा।
इसी दिन ग्रुप स्टेज का आखिरी मैच ऑस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका से होना है। यह मैच मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर भारतीय समयानुसार शाम 6 बजे से खेला जाएगा। इसका नतीजा भारत के मैच खत्म होने के करीब 3 घंटे बाद आएगा।
ऑस्ट्रेलिया ने 8 में से 7 मैच जीते हैं, जबकि भारत के खिलाफ वह मैच हार गया था। उसके 14 अंक हैं। चूंकि शनिवार को भारतीय समयानुसार टीम इंडिया का मैच दोपहर 3 बजे से शुरू होकर रात 11 बजे तक चल सकता है।
इस विश्व कप की बात करें तो भारत ने अब तक 8 में से 6 मैच जीते हैं। उसका एक मैच रद्द हो गया था, जबकि एक में उसे हार झेलनी पड़ी थी। वह 13 अंकों के साथ तालिका में दूसरे नंबर पर है।