हॉकी इंडिया ने खेल मंत्रालय को भारतीय महिला टीम की कप्तान रानी रामपाल को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार देने की सिफारिश की है। फेडरेशन ने वंदना कटारिया, मोनिका और हरमनप्रीत सिंह के नाम अर्जुन पुरस्कार के नॉमिनेट किए हैं। मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए भारत के पूर्व खिलाड़ी आरपी सिंह और तुषार खांडेकर के नाम की अनुशंसा की है।
कोच बीजे करियप्पा और रमेश पठानिया के नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किए हैं। राजीव गांधी खेल रत्न अवार्ड देश का सर्वोच्च खेल सम्मान है। हॉकी इंडिया ने पिछले 3 साल के प्रदर्शन यानी एक जनवरी 2016 से 31 दिसंबर 2019 के आधार पर खेल मंत्रालय को इन पुरस्कारों के लिए नामों की सिफारिश की है।
इस दौरान रानी की कप्तानी में भारत ने 2017 में महिला एशिया कप जीता। 2018 में एशियाई खेलों में रजत पदक हासिल किया। उनकी अगुआई में ही भारतीय महिला हॉकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल किया है। जो मैच जीतने के बाद भारत ने ओलंपिक के लिए क्वालिफाई किया उसमें विजयी गोल रानी ने ही मारा था।
रानी की कप्तानी में भारत एफआईएच रैंकिंग में नौवें स्थान पर पहुंचा। रानी विश्व खेल एथलीट का पुरस्कार पाने वाली पहली भारतीय हैं। उनको 2016 में अर्जुन और 2020 में पद्मश्री सम्मान मिल चुका है। रानी ने लॉकडाउन के दौरान भी अपनी फिटनेस का खासा ख्याल रखा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो पोस्ट किए, जिसमें वह घर पर ही अभ्यास करती दिख रहीं थीं।
Many people have a good aim in life , but for some reason they never pull the trigger #stayhealthy #staypositive #livethedream #nevergiveup#mybodyismymoney #workhardstayhumble pic.twitter.com/42e8qICFgG
— Rani Rampal (@imranirampal) May 22, 2020
वहीं, अर्जुन पुरस्कार के लिए नॉमिनेट की गईं वंदना देश के लिए 200 से ज्यादा मैच खेल चुकी हैं। वहीं मोनिका ने 150 से ज्यादा अंतरराष्ट्रीय मैचों में हिस्सा लिया है। वंदना और मोनिका हिरोशिमा में हुई एफआईएच सीरीज फाइनल्स, टोक्यो 2020 ओलंपिक टेस्ट टूर्नामेंट और भुवनेश्वर में ओलंपिक क्वालिफायर में भारत की जीत की सूत्रधार रहीं थीं।
फेडरेशन ने अर्जुन पुरस्कार के लिए भारतीय पुरुष टीम के ड्रैग फ्लिकर हरमनप्रीत सिंह का नाम खेल मंत्रालय के पास भेजा है। हरमनप्रीत ने भुवनेश्वर में एफआईएच सीरिज फाइनल्स में शानदार प्रदर्शन किया था।
हॉकी से अब तक सिर्फ 2 खिलाड़ियों सरदार सिंह (2017) और धनराज पिल्लै (1999-2000) ही खेल रत्न पुरस्कार के लिए चुने गए हैं। रानी यदि खेल रत्न के लिए चुनी जाती हैं, तो वह सम्मान पाने वाली पहली महिला हॉकी खिलाड़ी होंगी।
अब तक ये खिलाड़ी बन चुके हैं खेल रत्न
| साल | खिलाड़ी | खेल |
| 2019 | बजरंग पुनिया | कुश्ती |
| 2019 | दीपा मलिक | पैरालंपिक |
| 2018 | मीराबाई चानू | वेटलिफ्टिंग |
| 2018 | विराट कोहली | क्रिकेट |
| 2017 | सरदार सिंह | हॉकी |
| 2017 | देवेंद्र पारा | एथलेटिक |
| 2016 | पीवी सिंधु | बैडमिंटन |
| 2016 | दीपा कर्माकर | जिमनास्टिक |
| 2016 | जीतू राय | शूटिंग |
| 2016 | साक्षी मलिक | कुश्ती |
| 2015 | सानिया मिर्जा | टेनिस |
| 2013 | रंजन सोढ़ी | शूटिंग |
| 2012 | विजय कुमार | शूटिंग |
| 2012 | योगेश्वर दत्त | कुश्ती |
| 2011 | गगन नारंग | शूटिंग |
| 2010 | साइना नेहवाल | बैडमिंटन |
| 2009 | मैरी कॉम | बॉक्सिंग |
| 2009 | विजेंदर सिंह | बॉक्सिंग |
| 2009 | सुशील कुमार | कुश्ती |
| 2007 | महेंद्र सिंह धोनी | क्रिकेट |
| 2006 | मानवजीत सिंह संधू | शूटिंग |
| 2005 | पंकज आडवाणी | बिलियर्ड्स और स्नूकर |
| 2004 | राज्यवर्धन सिंह राठौड़ | शूटिंग |
| 2003 | अंजू बॉबी जॉर्ज | एथलेटिक्स |
| 2002 | केएम बीनामोल | एथलेटिक्स |
| 2002 | अंजलि भगतवत | शूटिंग |
| 2001 | अभिनव बिंद्रा | शूटिंग |
| 2000-2001 | पुलेला गोपीचंद | बैडमिंटन |
| 1999-2000 | धनराज पिल्लै | हॉकी |
| 1998-1999 | ज्योतिर्मय सिकदर | एथलेटिक्स |
| 1997-1998 | सचिन तेंदुलकर | क्रिकेट |
| 1996-1997 | लिएंडर पेस | टेनिस |
| 1995-1996 | एन कुंजुरानी | वेटलिफ्टिंग |
| 1994-1995 | के मल्लेश्वरी | भारोत्तोलन |
| 1992-1994 | कमांडर होमी डी मोतीवाला | नौकायन |
| 1992-1994 | कमांडर पीके गर्ग | नौकायन |
| 1991-1992 | विश्वनाथ आनंद | शतरंज |
| 1991-1992 | गीत सेठी | बिलियर्ड्स |


