दिल्ली सरकार ने राजधानी के खिलाड़ियों के लिए खजाना खोल दिया है। अब ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले दिल्ली के खिलाड़ियों को सरकार तीन करोड़ रुपए की प्रोत्साहन राशि देगी। अब तक ऐसे खिलाड़ियों को महज एक करोड़ रुपए दिए जाते थे। इसी तरह रजत पदक जीतने वालों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि को 50 लाख रुपए से बढ़ाकर दो करोड़ रुपए और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की रकम को 30 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ रुपए करने का फैसला किया गया है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई दिल्ली मंत्रिमंडल की बैठक में खिलाड़ियों को दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में बढ़ोतरी करने का फैसला किया गया। दिल्ली सरकार की ओर से जारी बयान के मुताबिक, ओलंपिक खेलों के अलावा एशियाई व पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को अब 20 लाख की जगह एक करोड़ रुपए, रजत पदक जीतने वालों को 14 लाख की जगह 75 लाख रुपए और कांस्य पदक जीतने वालों को 10 लाख की जगह 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसी प्रकार राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण जीतने वाले खिलाड़ियों को 14 लाख की जगह 50 लाख रुपए, रजत पदक जीतने वालों को 10 लाख की जगह 40 लाख रुपए और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को छह लाख की जगह 30 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
सरकार के बयान के मुताबिक, मंत्रिमंडल ने यह भी तय किया है कि ओलंपिक खेलों के लिए कोच को पांच लाख की जगह 10 लाख रुपए, एशियाई खेलों के लिए तीन लाख की जगह छह लाख रुपए और राष्टÑमंडल खेलों के लिए दो लाख की जगह चार लाख रुपए की राशि दी जाएगी। सरकार का यह फैसला एक अप्रैल 2018 से लागू माना जाएगा। खिलाड़ियों के लिए शर्त रखी गई है कि कम से कम तीन साल से दिल्ली में रहने वाले खिलाड़ी ही इस इनाम के हकदार होंगे। मंत्रिमंडल ने दिल्ली तकनीकी विश्वविद्यालय के दूसरे चरण के निर्माण के लिए 291.88 करोड़ रुपए जारी करने और इंद्रप्र्रस्थ सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली के नए परिसर के निर्माण के अतिरिक्त खर्च के लिए 70 करोड़ रुपए का ब्याजरहित ऋण देने का भी फैसला किया है।
