T20 World Cup 2022: टी20 वर्ल्ड कप 2022 में ग्लेन फिलिप्स ने शनिवार को सिडनी में सुपर 12 मैच में श्रीलंका के खिलाफ अपना शतक जड़ा। यह उनके टी20 करियर का दूसरा शतक था। फिलिप्स बल्लेबाजी करने जब क्रीज पर आए तब कीवी टीम 7 रन पर 2 विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही थी। दासुन शनाका की अगुआई वाली टीम को उन्हें जीवनदान देना महंगा पड़ा,क्योंकि उन्हें छोड़कर टीम के सभी बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे। छठे ओवर में 15 रन पर उनका कैच छूटा और उन्होंने इसका पूरा फायदा उठाते हुए महीश थीक्षाना की गेंद पर केवल 61 गेंद पर शतक जड़ा।
फिलिप्स आखिरी ओवर में 64 गेंदों में 104 रन बनाकर आउट हुए। 25 साल के इस खिलाड़ी ने इस पारी के दौरान 10 चौके और 4 छक्के लगाए। वह पूर्व कीवी कप्तान ब्रेंडन मैकुलम के बाद टी 20 विश्व कप में शतक लगाने वाले न्यूजीलैंड के दूसरे खिलाड़ी हैं। मैकुलम ने 2012 में बांग्लादेश के खिलाफ 58 गेंदों में 123 रनों की पारी खेली थी। यह अब इस विश्व कप का दूसरा टी20 शतक है। इससे पहले साउथ अफ्रीका के रिले रोसौव ने बांग्लादेश के खिलाफ सिडनी मे शतक जड़ा था।
बाकी के छह बल्लेबाजों ने बनाए सिर्फ 53 रन
श्रीलंकाई खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ काफी खराब फील्डिंग की। इसका फायदा फिलिप्स ने उठाया। उनके अलावा बाकी के छह कीवी बल्लेबाज रन बनाने के लिए संघर्ष करते दिखे। वे सिर्फ 53 रन ही बनाए पाए। 10 रन एक्स्ट्रा से आए। फिन एलन और डेवोन कॉनवे 1-1 रन बनाकर आउट हुए। वहीं कप्ताव केन विलियमसन 8 रन बनाकर आउट हुए। डेरिल मिचेल ने 22 रन बनाए। जिमी नीशन 5 और ईश सोढ़ी 1 रन बनाकर आउट हुए। मिचेल सैंटनर 11 और टिम साउदी 4 रन बनाकर नाबाद रहे।
ग्लेन फिलिप्स का टी20 करियर
ग्लेन फिलिप्स ने टी20 करियर में 51 मैच खेले हैं और 33.58 की औसत और 146.37 की स्ट्राइक रेट से 1209 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक जड़े हैं। उनका बेस्ट स्कोर 108 है। वह अबतक 81 चौके और 62 छक्के लगाए हैं। उन्होंने फरवरी 2017 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ डेब्यू किया था।