जोस बटलर (77) के नेतृत्व में अपने बल्लेबाजों के हैरतअंगेज प्रदर्शन के दम पर मुम्बई इंडियंस टीम ने गुरुवार को होल्कर स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग के 10वें संस्करण के 22वें राउंड रोबिन लीग मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब को आठ विकेट से हरा दिया। इस मैच में पंजाब के कप्तान ग्लेन मैक्सवेल ने पारी के 15वें ओवर में मिशेल मैक्कलेनघन की गेंदों पर 28 रन जड़ दिए। इसके साथ ही वह आईपीएल-10 के दूसरे सबसे महंगे गेंदबाज भी बन गए। ये ऐसा रिकॉर्ड है, जिसे मैक्कलेनघन कभी बनाना ना चाहते हों मगर आखिरकार ऐसा हो ही गया।
इससे पहले फेंके 2 ओवर में मैक्कलेनघन ने सिर्फ 14 ही रन दिए थे लेकिन उनके तीसरे ओवर की पहली दो गेंद पर मैक्सवेल ने सिक्स लगाया। तीसरी गेंद चौके के साथ बाउंड्री के बाहर पहुंची। इसके बाद मैक्कलेनघन ने अगली गेंद नो बॉल फेंक दी, जिस पर मैक्सवेल ने चार रन बनाए। चौथी गेंद पर शानदार छक्का लगा। अगली गेंद पर मैक्सवेल ने सिंगल लिया और आखिरी गेंद पर कोई रन नहीं बना।
इसके साथ ही पंजाब ने हाशिम अमला (नाबाद 104) के करियर के पहले टी-20 शतक की बदौलत मुम्बई के सामने 199 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। अमला का यह टी-20 क्रिकेट में पहला शतक है। अमला जिस तरह बल्लेबाजी कर रहे थे उसके आगे मुंबई का मजबूत गेंदबाजी आक्रमण बेबस नजर आया। अमला ने मुंबई के प्रमुख गेंदबाज लसिथ मलिंगा की गेंदों पर अकेले 51 रन बनाए। आखिरी ओवर फेंकने आए मलिंगा की पहली गेंद पर छक्का जड़ते हुए अपना शतक पूरा किया। इसकी अगली गेंद पर भी उन्होंने छह रन बोटरे। अमला ने अपनी पारी में 60 गेंदें खेलीं और छह छक्के तथा आठ चौके मारे।
मुम्बई ने शानदार शुरुआत की और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपने सामने आए अब तक के सबसे बड़े लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया। बटलर के अलावा उसके लिए नितीश राणा ने नाबाद 62 रनों की नायाब पारी खेली। पार्थिव पटेल ने भी 37 रन बनाए। मुम्बई ने जीत के लिए जरूरी रन 15.3 ओवरों में दो विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिए। मुम्बई ने 27 गेंदें शेष रहते विजयश्री हासिल कर ली। पटेल और बटलर ने पहले विकेट के लिए 81 रनों की साझेदार की। पटेल का विकेट मार्कस स्टोइनिस ने लिया। पटेल ने 18 गेंदों पर चार चौके और दो छक्के लगाए। दोनों ने आईपीएल इतिहास में पावरप्ले के दौरान सबसे बड़ी साझेदारी का रिकार्ड अपने नाम किया।

