राफेल नडाल ने विश्व के नंबर एक टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच को 6-2, 4-6, 6-2, 7-6 से हराकर फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में 15वीं बार प्रवेश किया। अब 13 बार के रोलां गैरो चैंपियन रविवार को फाइनल में जगह बनाने के लिए जर्मनी के एलेक्जेंडर ज्वेरेव से भिड़ेंगे। नडाल ने पहले सेट में बढ़त बनाई, जबकि जोकोविच ने दूसरे सेट में वापसी की। इसके बाद नडाल तीसरे सेट में सफल रहे।
विश्व का नंबर 1 खिलाड़ी जोकोविच ने चौथे सेट में मजबूत शुरुआत की, लेकिन नडाल ने एकतरफा टाई-ब्रेक में जीत हासिल की। इसके साथ जोकोविच एक बार फिर रोजर फेडरर के 20 ग्रैंड स्लेम खिताब से आगे निकलने से चूक गए। दोनों ने 20-20 खिताब जीते हैं। वहीं नडाल ने सबसे अधिका 21 ग्रैंड स्लैम जीते हैं। गौरतलब है कि जोकोविच ने पिछले साल नडाल को हराकर फ्रेंच ओपन का खिताब अपने नाम किया था।
नडाल को लाल बजरी के बादशाह के तौर पर जाना जाता है। उन्होंने सबले अधिक 13 बार फ्रेंच ओपन जीता है और केवल तीन बार हारे हैं। तीन में दो मौकों पर जोकोविच ने ही हराया है। नडाल पिछले साल सेमीफाइनल में जोकोविच से 4 सेटों में हार गए थे। नडाल ने इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन भी जीता था।
अगर जोकोविच ने फ्रेंच ओपन 2022 जीता होता, तो वह अपने ही रिकॉर्ड को तोड़ते हुए ओपन एरा में 3 करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने वाले पहले टेनिस खिलाड़ी बन जाते। जोकोविच ने अपना दूसरा करियर ग्रैंड स्लैम फ्रेंच ओपन 2021 में पूरा किया। नडाल ने ऑस्ट्रेलियन ओपन 2022 में अपना दूसरा करियर ग्रैंड स्लैम भी पूरा किया।
मेरे करियर का सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट- मैच के बाद नडाल ने कहा, “यह मेरे लिए बहुत ही भावुक क्षण है। आप सभी को धन्यवाद। मुझे आपसे जो समर्थन मिला वह अविश्वसनीय है। सभी जानते हैं कि मेरे लिए यहां खेलना कितना महत्वपूर्ण है। यह मेरे करियर का सबसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट है।”
जोकोविच के खिलाफ खेलना बड़ी चुनौती- नडाल ने आगे कहा, “यह बहुत कड़ा मैच था। जोकोविच इतिहास के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं। उनके खिलाफ खेलना हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है। उनके खिलाफ खेलने का एक ही तरीका है – पहले स्टे से आखिरी तक अपने सर्वश्रेष्ठ स्तर पर खेलना। आज की रात मेरे लिए कयामत की रात थी।”