ISL 2018 Football, Mumbai City FC vs Jamshedpur FC Football: जमशेदपुर एफसी ने मंगलवार को इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के सीजन-5 के अपने पहले मैच में मुंबई सिटी एफसी को 2-0 से हरा दिया। मुंबई फुटबाल एरेना में खेले गए इस मैच में जमशेदपुर के लिए मारियो अक्र्वेस ब्लास्को और पाब्लो मार्गाडो ने गोल किए। पहला गोल पहले हाफ में और दूसरा गोल अंतिम सेकेंड में हुआ। यह आईएसएल में मुम्बई पर जमशेदपुर की लगातार दूसरी जीत है। बीते सीजन में मुम्बई में खेलते हुए जमशेदपुर ने मेजबान टीम को 2-0 से हराया था।मुंबई ने हालांकि अपने घर में खेले गए इस मैच में दूसरे हाफ में दो बार बराबरी कर ली थी लेकिन दोनों बार उसके गोल ऑफ साइड करार दे दिए गए। इस जीत के साथ ही जमशेदपुर ने मुंबई के ऊपर अपने अजेय अभियान को जारी रखा है। जमशेदपुर एफसी ने बीते साल पहली बार इस लीग में हिस्सा लिया था और मुम्बई से दो बार भिड़ी थी। पहले मैच में उसने अपने घर में मुम्बई को 2-2 की बराबरी पर रोका था और फिर मुम्बई को उसी के घर में 2-1 से हराया था।

इस सीजन में हालांकि दोनों टीमों में काफी बदलाव हुए हैं और ऐसे में उम्मीद थी कि मुम्बई अपने घरे में जीत के सिलसिले के साथ शुरुआत करेगी, हालांकि हुआ इससे उलट। शुरुआती 15 मिनट में दोनों टीमों की ओर से कुछ छोटे-छोटे हमले हुए। किसी में कुछ खास दम नहीं था। 22वें मिनट में मुम्बई को पहला कार्नर मिला, जिस पर लाउसो माचादो ने किक लिया। गेंद लूसियान गोइयान के पास गई। गोइयान ने ऊंचाई तक उठते हुए गेंद को गोलपोस्ट में डालने की कोशिश की लेकिन वह वाइड चली गई। ऐसा लग रहा था कि पहला गोल होने में अभी वक्त लगेगा लेकिन तभी ब्लास्को ने काल्वो सोवराडो द्वारा बाएं फ्लैंक से बॉक्स के अंदर मिले एक शानदार पास पर हेडर के जरिए गोल करते हुए नजारा ही बदल दिया। इसके बाद मुम्बई ने अपने हमले तेज किए लेकिन उसे सफलता नहीं मिली। 33वें मिनट तथा 39वें मिनट में उसकी ओर से जोरदार हमले हुए लेकिन वे नाकाम रहे। 46वें मिनट में जमशेदपुर ने जवाबी हमला किया लेकिन मुम्बई ने उसे टाल दिया।

जमशेदपुर के लिए गोल करने वाले ब्लास्को को दूसरे हाफ में 49वें मिनट में येलो कार्ड मिला। इससे पहले जमशेदपुर के गोलकीपर चौधरी ने गोल लाइन से टिरी के प्रयास को विफल कर मुंबई को स्कोर बराबर करने से रोक दिया। 52वें मिनट में जमशेदपुर ने गेंद गंवाई और संजू की मंशा को एक बार फिर चौधरी ने विफल कर दिया। इसके बाद दोनों टीमों ने गोल करने के मौके बनाने जारी रखे। 71वें मिनट में मुंबई के पास इस मैच का शायद गोल करने का सबसे अच्छा मौका आया। लुसियान ने जमशेदपुर के डिफेंस के ऊपर से एक गेंद मोडोउ सोगोउ को दी। सोगोउ ने गेंद अपने कब्जे में ली और प्रांजल भुमजी को दी जिन्होंने मौका पाते ही उसे गोल पोस्ट पर खेला लेकिन उसके बीच में युमनाम राजू ने शानदार ब्लॉक से मुंबई को गोल करने रोक दिया।

मेजबान टीम की किस्मत उसके साथ नहीं थी। पांच मिनट बाद मुंबई ने गोल कर दिया था जो ऑफ साइड करार दे दिया गया। मोहम्मद रफीक ने गेंद को नेट में डाल दिया लेकिन रेफरी ने सही समय पर झंडा उठा मुंबई को जश्न नहीं मनाने दिया। 84वें मिनट में एक बार फिर मुंबई ने गोल कर दिया लेकिन उसकी किस्तम खराब निकली क्योंकि गोल करने वाले सोगोउ को ऑफ साइड करार दे दिया गया। ऐसा लगा कि मैच 1-0 के स्कोर पर ही समाप्त होगा लेकिन मोर्गाडो ने सर्गियो फर्नादेज की मदद से 95वें मिनट में गोल करते हुए अपनी टीम को 2-0 से आगे कर दिया।

Live Blog

Highlights

    20:40 (IST)02 Oct 2018
    दूसरे हाफ का खेल शुरू

    मुंबई के लिए पिछले सीजन में उसका डिफेंस कमजोर नजर आ रहा था। इस सीजन भी टीम को ये परेशानी दिक्कत दे सकती है। मुंबई के खिलाड़ी गोल कर मुकाबला बराबर पर लाने की कोशिश करेंगे।

    20:27 (IST)02 Oct 2018
    मैच का पहला हाफ खत्म

    पहले हाफ के दौरान मुंबई की टीम एक भी गोल करने में कामयाब नहीं रही। वहीं जमशेदपुर ने मैच के 28वें मिनट में गोल कर मुकाबले पर पकड़ मजबूत कर ली है।

    20:10 (IST)02 Oct 2018
    जमशेदपुर ने दागा पहला गोल

    जमशेदपुर के मारियो आर्किस ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। वहीं मुंबई को अब भी पहली गोल की तलाश जारी है।

    19:56 (IST)02 Oct 2018
    जमेशदपुर को मिला मैच का पहला येलो कार्ड

    जमेशदपुर को मिला खेल का पहला कॉर्नर लेकिन वह इसका फायदा नहीं उठा सके। 25 मिनट के खेल के बाद दोनों ही टीमों के बीच बराबरी का मुकाबला रहा। इसी बीच मैच का पहला येलो कार्ड जमशेदपुर के टिरी को मिला।

    19:42 (IST)02 Oct 2018
    पहले दस मिनट का खेल खत्म

    पहले दस मिनट का खेल खत्म। दोनों ही टीम के खिलाड़ी गोल करने की कोशिश में...जमशेदपुर की टीम लगातार दबाब में दिखाई पड़ रही है। वहीं मुंबई हावी होकर खेल रही है। 

    19:26 (IST)02 Oct 2018
    पिछले सीजन से बेहतर प्रदर्शन करने की होगी कोशिश

    पिछले सीजन में पांचवें स्थान पर रहने वाली जमशेदपुर भी नए कोच के मार्गदर्शन में सकारात्मक शुरुआत चाहेगी।

    19:22 (IST)02 Oct 2018
    जमशेदपुर के लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं सुब्रत पॉल

    जमशेदपुर ने इस सीजन का सबसे बड़ा करार किया है। उसने ऑस्ट्रेलिया के टिम काहिल और सीनियर गोलकीपर सुब्रत पॉल को अपने साथ जोड़ा है।

    19:09 (IST)02 Oct 2018
    मुंबई के पास शानदार गोलकीपर

    गोलकीपर के लिए मुंबई के पास अमरिंदर सिंह और कुणाल सावंत के रूप में दो शानदार विकल्प हैं।

    18:49 (IST)02 Oct 2018
    अभ्यास मैच में रहा था शानदार प्रदर्शन

    मिडफील्ड में मुंबई के पास सेनेगल के माउडोउ साउगोउ का अनुभव होगा। मुंबई ने सीजन की शुरुआत से पहले थाईलैंड में भी अभ्यास मैच खेले थे जिसमें से तीन जीते थे और एक ड्रॉ रहा था।