फॉरवर्ड खिलाड़ी 19 साल के कीलियन म्बाप्पे के पहले हाफ में किए गए गोल के बूते फ्रांस ने गुरुवार को फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण में एकेतेरिनबर्ग में खेले गए ग्रुप-सी के अपने दूसरे मुकाबले में पेरू को 1-0 से मात देकर अंतिम-16 में जगह बना ली है। यह फ्रांस की इस विश्व कप में लगातार दूसरी जीत है। उसने अपने पहले मैच में आस्ट्रेलिया को 2-1 से मात दी थी। दो मैचों में दो जीत के बाद 1998 की विश्व विजेता फ्रांस के छह अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में पहले स्थान पर है। अपने ग्रुप से अंतिम-16 में जाने वाली फ्रांस पहली टीम है। पेरू को अपने दोनों मैचों में हार मिली जिससे वो अगले दौर के रेस से बाहर हो गई है। फ्रांस के लिए म्बाप्पे ने 34वें मिनट में गोल किया। वह इसी के साथ विश्व कप में अपने देश के लिए गोल करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं। म्बाप्पे की उम्र इस समय 19 साल 183 दिन है। उनसे पहले डेविड ट्रेजेगुएट ने 20 साल 246 दिन की उम्र में फ्रांस के लिए विश्व कप में गोल किया।

फ्रांस का डिफेंस पेरू के तमाम प्रयासों के बाद अपनी बढ़त को बनाए रखने में कामयाब रहा। पूरे मैच में दोनों टीमों के बीच अच्छी टक्कर देखी गई। पहले 10 मिनट सिर्फ पेरू हावी रही। सातवें मिनट में क्रिस्टिन कुएवा और पाउलो गुएरो ने पेरू के लिए मौका बनाया जिसे सैमुएल उमतिति ने अकेले रोक दिया। 12वें मिनट में फ्रांस के लिए पॉल पोग्बा ने 25 यार्ड से किक लगाई जो गोल पोस्ट में नहीं गई। 14वें मिनट में वाराने ने कॉर्नर पर एंटोनी ग्रीजमैन की किक से हेडर से नेट में डालने का प्रयास किया जिसे पेरू के डिफेंडर ने नकार दिया।

फ्रांस और पेरू ने अपनी कशिशें जारी रखीं। सफलता आखिरकार फ्रांस को मिली। म्बाप्पे ने फ्रांस को 1-0 से आगे कर दिया। ओलिवर जीरू ने पेरू के डिफेंस को भेदते हुए पेरू के गोलकीपर के ऊपर से गेंद म्बाप्पे को दी जिन्होंने खाली पड़े गोल में हल्के से गेंद को डाल अपनी टीम को बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ में पेरू बराबरी की कोशिश में थी और 50वें मिनट में लगभग उसने बराबरी कर ही थी। प्रेडो एक्वीनो ने बॉक्स के बाहर मध्य से शानदार किक लगाई। गेंद नेट के अंदर जा ही रही थी लेकिन शायद पेरू की किस्मत में गोल नहीं था और गेंद पोल से टकरा कर बाहर चली गई।

68वें मिनट में भी पेरू किस्मत की बेरहमी से गोल करने से चूक गई। लुइस एडविनक्वेला ने बॉक्स के बाएं कोने से शॉट लिया जो गोलपोस्ट के ऊपरी हिस्से के काफी करीब से बाहर चला गया। पेरू ने दूसरे हाफ के अंत में गोल करने के काफी प्रयास करते हुए फ्रांस के डिफेंस की कड़ी परीक्षा ली जिसमें फ्रांस पास हो गई और पेरू को गोल के महरूम रखते हुए तीन अंक लिए।

Live Blog

Highlights

    22:35 (IST)21 Jun 2018
    मैच का विश्लेषण
    22:23 (IST)21 Jun 2018
    फ्रांस ने दर्ज की जीत

    मैच खत्म हो चुका है। फ्रांस ने मुकाबला 1-0 से जीत लिया है।

    22:22 (IST)21 Jun 2018
    90 मिनट का खेल समाप्त

    90 मिनट का खेल समाप्त हो चुका है। फ्रांस ने अभी भी 1-0 से लीड बना रखी है। मैच में 4 अतिरिक्त मिनट जोड़े गए हैं।

    22:04 (IST)21 Jun 2018
    उस्मा डिमबेले मैदान पर

    मैच के 74वें मिनट तक भी फ्रांस ने 1-0 से लीड बना रखी है। मबापे को डिमबेले ने रिप्लेस किया है। पेरू को मैच ड्रॉ करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। फ्रांस 1, पेरू 0

    21:38 (IST)21 Jun 2018
    दूसरा हाफ शुरू

    दूसरे हाफ का खेल शुरू हो चुका है। पेरू गोल करने की कोशिश में आक्रामक खेल दिखाता हुआ। वहीं फ्रांस का डिफेंस मजबूत नजर आ रहा है। पेरू 0, फ्रांस 1

    21:17 (IST)21 Jun 2018
    पहला हाफ समाप्त

    पहले हाफ का खेल समाप्त हो चुका है। इस हाफ में 2 मिनट का अतिरिक्त समय जोड़ा गया था लेकिन कोई अन्य गोल नहीं आया। फ्रांस फिलहाल 1-0 से लीड पर है। दूसरे हाफ में पेरू को जल्द गोल करना होगा।

    21:06 (IST)21 Jun 2018
    गोल!!!

    फ्रांस ने मैच के 34वें मिनट गोल दागकर मुकाबले में लीड बना ली है। 

    20:47 (IST)21 Jun 2018
    मट्यूडी को येलो कार्ड

    मैच के 16वें मिनट मट्यूडी को येलो कार्ड मिला। दोनों टीमें फिलहाल कोई गोल नहीं कर सकी हैं। एक और हार पेरू की नाकआउट दौर में पहुंचने की उम्मीद तोड़ सकती है जो उनका 1982 के बाद पहला विश्व कप है। 

    20:32 (IST)21 Jun 2018
    मुकाबला शुरू

    मुकाबला शुरू हो चुका है। पहले दो मिनट तक कोई भी टीम गोल नहीं दाग सकी है। पेरू इस मैच में मौके नहीं गंवाने होंगे क्योंकि फ्रांस का डिफेंस उसे ज्यादा मौके बनाने नहीं देगा। ऐसे में पेरू की आक्रमण पंक्ति को सतर्क रहकर खेलना होगा।

    20:22 (IST)21 Jun 2018
    फ्रांस के डिफेंस को रहना होगा मजबूत

    फ्रांस के डिफेंस को भी इस मैच में मजबूत रहना होगा क्योंकि पेरू ने पिछले मैच में डेनमार्क के खिलाफ लगातार उसके घेरे में सेंध लगाई थी, हालांकि वह अपने मौकों को अंजाम तक पहुंचा पाने में असफल रही थी और इसलिए डेनमार्क ने उसे हरा दिया था। 

    19:58 (IST)21 Jun 2018
    फ्रांस को करना होगा खेल में सुधार

    फ्रांस को इस मैच में जीत हासिल करनी है तो उसे अपने खेल में सुधार करना होगा। पिछले मैच में उसकी आक्रमण पंक्ति को आस्ट्रेलियाई डिफेंस ने बांधे रखा था। टीम के दिग्गज खिलाड़ी एंटोनी ग्रीजमैन, उमतिति, पॉल पोग्बा अपनी ख्याति के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए थे। 

    19:57 (IST)21 Jun 2018
    प्लेइंग इलेवन
    19:57 (IST)21 Jun 2018
    हार से लग सकता है पेरू को झटका

    इस मैच में हार पेरू को बड़ा झटका दे सकती है। वहीं हार से फ्रांस को मुश्किल तो होगी लेकिन वह फिर भी अगले दौर की रेस में बना रहेगा। 

    19:56 (IST)21 Jun 2018
    फ्रांस : 

    गोलकीपर : ह्यूगो लोरिस, स्टीव मन्दंदा, अल्फोन्स एरोओला। 

    डिफेंडर : लुकास हर्नान्डेज, प्रेसनेल किम्पेम्बे, बेंजामिन मेन्डी, बेंजामिन पावर्ड, आदिल रामी, जिब्रिल सिदीबे, सैमुअल उम्तीती, राफेल वरान। 

    मिडफील्डर : एनगोलो कान्ते, ब्लेस मातुइदी, स्टीवन एंजोंजी, पॉल पोग्बा, कोरेंटिन टोलिसो। 

    फॉरवर्ड : ओउस्मान डेम्बेले, नाबिल फकीर, ओलिवियर जीरू, एंटोनी ग्रीजमैन, थॉमस लेमार, कीलियन एम्बाप्पे, फ्लोरियन थौविन। 

    19:55 (IST)21 Jun 2018
    पेरू:

    गोलकीपर : पेद्रो गालेसे, कार्लोस सासेडा और जोस कावार्लो।

    डिफेंडर : एल्डो कोजरे, लुइस एडविनाकुला, मिगुएल अराजुओ, एल्बटरे रोड्रिगेज, क्रिस्टियन रामोस, एंडरसन सेंटामारिया, निल्सन लोयोला, मिगुएल ट्राउको।

    मिडफील्डर : रेनाटो टापिया, प्रेडो एक्विनो, योशिमार योतुन, एडिसन फ्लोरेस, पाउलो हुतार्दो, विल्डर काटागेर्ना, क्रिस्टन कुएवा, एंडी पोलो।

    फॉरवर्ड : आंद्रे कारिलो, जेफरसन फारफान, राउल रुइडियाज, पाउलो गुएरेरो।