अपना दूसरा फीफा विश्व कप खेल रही सेनेगल ने मंगलवार (19 जून) को ग्रुप-एच के पहले मैच में पोलैंड को 2-1 से मात दी। सेनेगल ने इस मैच में उम्मीद से कहीं बेहतर खेल दिखाया। उसके डिफेंस ने पोलैंड के स्टार खिलाड़ी और कप्तान रोबर्ट लेवांडोस्की को रोके रखा और मौकों को भुनाने नहीं दिया जो सेनेगल की जीत का मुख्य कारण रहे। इस मैच के बाद सेनेगल के फैंस ने जो किया उसने सभी का दिल जीत लिया। मुकाबला खत्म होने पर स्टेडियम छोड़ने से पहले सेनेगल के फैंस दर्शक दीर्घा की साफ-सफाई करने लगे। ये वीडियो वायरल गए और सभी ने उनकी जमकर प्रशंसा की।

मंगलवार को खेले गए इस मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों ने ज्यादा मौके नहीं बनाए और जो मौके बनाए वो करीबी नहीं थे। सेनेगल के डिफेंस ने बेहद मजबूत खेल दिखाते हुए न सिर्फ लेवांडोस्की को रोका बल्कि पोलैंड की आक्रमण पंक्ति को भी हावी नहीं होने दिया। मैच का पहला गोल सेनेगल ने किया, लेकिन इसमें पोलैंड के थियाको सियानोक ने सेनेगल की मदद की। 37वें मिनट में किया गया यह गोल आत्मघाती गोल था। मायबियांग नियांक गेंद को मैदान के मध्य से लेकर बाईं तरफ से आगे बढ़े और बॉक्स के करीब आकर गेंद सादियो माने को दी। माने ने जल्दबाजी नहीं दिखाई और कालिदाउ काउलीबाली को पास दिया। काउलीवाली ने गेंद को मध्य से गोलपोस्ट की तरफ खेला। दाईं तरफ जा रही गेंद सियानोक के पांव से टकरा कर नेट में चली गई और सेनेगल को 1-0 की बढ़त मिल गई। यह इस विश्व कप का चौथा आत्मघाती गोल था।

इससे पहले, लेवांडोस्की ने 23वें मिनट में एक हाफ चांस पर पर गोल करने का मौका गंवा दिया। उनके द्वारा खेल गया शॉट गोलपोस्ट के बाहर चला गया। पहले हाफ में लेवांडोस्की ने यह इकलौता करीबी मौका बनाया था। 18वें मिनट में सेनेगल के पास भी गोल करने का मौका था जिसे वो गोल में तब्दील नहीं कर पाई।