गोलकीपर पीआर श्रीजेश के कमाल के दम पर भारतीय हॉकी टीम ने 11 जून 2022 की रात ओलंपिक चैंपियन बेल्जियम को उसके घर में ही हार का मजा चखाया। इसके साथ ही भारत ने टोक्यो ओलंपिक 2022 में मिली हार का बदला भी लिया। एंटवर्प में खेले गए एफआईएच प्रो लीग में भारतीय हॉकी टीम ने बेल्जियम को पेनल्टी शूटआउट में 5-4 से हराया। पीआर श्रीजेश ने निर्धारित समय के भीतर कई गोल बचाने के बाद रोमांचक पेनल्टी शूटआउट में एक पेनल्टी स्ट्रोक बचाया।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम मैच में आठ मिनट का खेल शेष रहने तक 1-3 से पीछे थी। इसके बाद उसने स्कोर 3-3 से बराबर किया और मैच शूटआउट में पहुंचा दिया। बेल्जियम की ओर से अलेक्जेंडर हेंडरिक्स तीसरी पेनल्टी लेने उतरे थे, लेकिन श्रीजेश ने उनका शॉट बचा लिया। शूटआउट जब 4-4 से बराबरी पर था तब आकाशदीप ने गोल करके स्कोर 5-4 कर दिया।

इससे पहले मैच के दौरान श्रीजेश ने कई गोल बचाए, लेकिन आखिरी क्वार्टर में बचाए गए दो गोल काफी महत्वपूर्ण साबित हुए। पहले क्वार्टर में कोई गोल नहीं हो सका। पहले क्वार्टर में श्रीजेश ने दो शॉट बचाए थे। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत के लिए शमशेर सिंह ने 18वें मिनट में गोल दागा। हालांकि, तीन मिनट बाद ही सेड्रिक चार्लियर ने गोल दाग दिया और बेल्जियम बराबरी कर ली।

तीसरे क्वार्टर में साइमन गोनार्ड ने 36वें मिनट में बेल्जियम को बढ़त दिलाई। श्रीजेश ने इस बीच दो शॉट और बचाए, लेकिन डिकेरपेल ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके बढत 3-1 की कर दी। इसके बाद भारत को मनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर दिलाया। हरमनप्रीत सिंह ने उसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। जरमनप्रीत ने तीसरा गोल दागा जब भारत ने पेनल्टी कॉर्नर पर वैरिएशन का इस्तेमाल करके बेल्जियम को चकमा दिया।

भारतीय महिला हॉकी टीम को मिली निराशा, बेल्जियम ने 1-2 से हराया

दूसरी ओर, गेंद पर आसानी से नियंत्रण गंवाने वाली भारतीय महिला हॉकी टीम को बेल्जियम के हाथों 1-2 से हार झेलनी पड़ी। हालांकि, भारतीय टीम ने चौथे क्वार्टर में जुझारूपन दिखाया। मैच की शुरुआत काफी आक्रामक रही। दोनों टीमों ने शुरुआती मिनटों में मौके बनाए, लेकिन बेल्जियम ने तीसरे मिनट में कप्तान नेलेन बारबरा के गोल के दम पर बढ़त बना ली।

तालमेल के साथ आक्रमण करते हुए मेजबान टीम ने पांचवें और सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाए, लेकिन भारतीय डिफेंडर्स ने गोल नहीं होने दिया। कुछ मिनट बाद भारत को मैच का पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन अपना 250वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही रानी का निशाना चूक गया।

एक गोल से पिछड़ने के बाद भारत ने जवाबी हमले किए और मौके भी बनाए लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया। बेल्जियम ने लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, लेकिन उन्हें भुनाने में नाकाम रही। बेल्जियम ने पहले हॉफ में गेंद पर नियंत्रण में बाजी मारी और भारतीय गोल पर कई हमले भी किए, लेकिन भारतीय डिफेंडर्स ने उन्हें बढ़त दोगुनी नहीं करने दी। तीसरे क्वार्टर में बेल्जियम ने काफी आक्रामक शुरुआत की और 32वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाया लेकिन उनका शॉट गोलपोस्ट के बाहर से निकल गया।

इसके बाद आंद्रे बालेंगियेन ने 35वें मिनट में गोल करके टीम की बढॉत दोगुनी कर दी। भारत ने आखिरी क्वार्टर में कई प्रयास किए और दो में से एक पेनल्टी कॉर्नर को भुनाकर अंतर कम किया। इशिका चौधरी का शॉट निशाने पर नहीं लगने के बाद युवा फॉरवर्ड लालरेम्सियामी ने रिबाउंड पर 48वें मिनट में यह गोल दागा। भारतीय खिलाड़ियों ने अंतिम पल तक बराबरी का गोल दागने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। भारत को अब दूसरे मैच में 12 जून को बेल्जियम से ही खेलना है।