Croatia vs England, FIFA World Cup 2018 2nd Semi Final: क्रोएशिया ने बुधवार देर रात खेल गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में इंग्लैंड को अतिरिक्त समय तक खिंचे मैच में 2-1 से मात देकर फीफा विश्व कप के 21वें संस्करण के फाइनल में जगह बना ली है। क्रोएशिया पहली बार फाइनल में पहुंचा है जहां उसका सामना रविवार को फ्रांस से होगा। वहीं इंग्लैंड शनिवार को तीसरे स्थान के मैच में बेल्जियम के सामने होगी। तय समय में मैच 1-1 से बराबरी पर खत्म हुआ था इस वजह से मैच अतिरिक्त समय में गया जहां 109वें मिनट में मारियो मांडुजुकिक ने गोल कर क्रोएशिया को जीत दिलाई।
इंग्लैंड ने पांचवें मिनट में ही पहला गोल कर दिया था। उसके लिए यह गोल कीरान ट्रिपिर ने फ्री किक पर किया। बढ़त लेने के बाद इंग्लैंड के पास दूसरा गोल करने के कई मौके आए लेकिन कप्तान हैरी केन, जेसे लिंगार्ड और रहीम स्टर्लिग मौकों को भुना नहीं पाए। पहले हाफ का अंत इंग्लैंड के पक्ष में 1-0 के स्कोर के साथ हुआ। दूसरे हाफ में एक गोल से पिछड़ने के बाद उतरी क्रोएशिया ने मैच के 68वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। क्रोएशिया के लिए यह गोल ईवान पेरीसिक ने किया। उन्होंने सिमे वसाल्जको के पास पर गेंद को नेट में डाल अपनी टीम को बराबरी दिलाई। इसके बाद तय समय में कोई गोल नहीं हो सका और मैच का नतीजा अतिरिक्त समय के दूसरे हाफ में आया।
Croatia vs England Match in English
[show_fifa_scorecard id=’22035′]


क्रोएशिया ने आज का मैच जीतकर इतिहास रच दिया है। दूसरी बार सेमीफाइनल खेल रही यह टीम पहली बार फाइनल खेलेगी। पिछली बार सेमीफाइनल मुकाबले में जिस फ्रांस की टीम से हारकर क्रोएशिया बाहर हो गई थी उसी टीम के साथ उसे फाइनल खेलना है। ऐसे में उसके पास पुराना हिसाब चुकता करने का मौका होगा।
रेफरी ने फाइनल विसिल बजा दी है। क्रोएशिया ने मैच 2-1 से जीत लिया है। इंग्लैंड का फाइनल खेलने का सपना टूट चुका है। क्रोएशिया फीफा विश्व कप के फाइनल में पहुंचने वाला 13वां देश बन गया है।
एक्स्ट्रा टाइम के 30 मिनट बीत चुके हैं। क्रोएशिया ने शानदार तरीके से 2-1 की बढ़त बना ली है। 4 मिनट का इंजुरी टाइम जोड़ा गया है। देखना होगा कि इंग्लैंड वापसी कर पाता है या नहीं।
दूसरे हाफ में क्रोएशिया ने दूसरा गोल दाग दिया। इस गोल के साथ क्रोएशिया ने मजबूत बढ़त बना ली है। यह गोल मैच का निर्णायक गोल भी हो सकता है। मारियो मांजुकिक ने क्रोएशिया के लिए दूसरा और बेहद महत्वपूर्ण गोल दागा।
एक्स्ट्रा टाइम का पहला हाफ खत्म हो चुका है। लेकिन मैच अभी भी निर्णायक स्थिति में नहीं है। दूसरे हाफ में भी अगर कोई गोल नहीं होता है तो मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से होगा।
सातवें मिनट में इंग्लैंड को कॉर्नर मिला। इंग्लैंड यहां गोल कर सकता था। उसने गोलकीपर को भी बीट कर दिया था लेकिन ऐसे में क्रोएशिया के लिए पेरिसिक रक्षक के रूप में सामने आए। उन्होंने गोल रोककर क्रोएशिया को राहत की सांस लेने का मौका दिया।
अतिरिक्त समय का खेल शुरू हो चुका है।
90 मिनट में खेल का फैसला नहीं हो पाया है। मैच अतिरिक्त समय में पहुंच चुका है। 30 मिनट के एक्स्ट्रा टाइम में भी अगर निर्णायक स्थिति नहीं बनती है तो पेनाल्टी शूटआउट से मैच का फैसला किया जाएगा।
90 मिनट का खेल खत्म हो चुका है। पहले हाफ में बढ़त बनाने के बाद इंग्लैंड की टीम उसे डिफेंड नहीं कर पाई। क्रोएशिया ने जवाबी गोल दाग दिया। फिलहाल, 90वें मिनट में इंग्लैंड को फ्री किक मिला है। ट्रिपियर फिर से किक लगाने को तैयार हैं। लेकिन इंग्लैंड फ्री किक का फायदा नहीं उठा पाया। 3 मिनट का इंजुरी टाइम भी खत्म।
बराबरी का गोल करने के बाद क्रोएशिया लगातार हमलावर हो रहा है। इंग्लैंड की टीम अब दबाव महसूस कर रही है। क्रोएशिया ने इस बीच गोल के एक-दो मौके जरूर बनाए लेकिन गोल नहीं हो सका।
आखिरकार इवान पेरिसिक ने गोल कर ही दिया। बहुत देर से वापसी की कोशिश कर रही क्रोएशिया को आखिरकार बड़ी राहत मिली। 68वें मिनट में लगे इस गोल ने क्रोएशिया को मैच में वापस ला दिया है। मुकाबला 1-1 से बराबर हो गया है।
64वें मिनट में पेरिसिक ने बहुत पॉवरफुल किक लगाई थी लेकिन इंग्लिश गोलकीपर ने गेंद रोक लिया। मैच में वापसी करने के लिए क्रोएशिया ने कोशिशें तेज कर दी हैं। समय भी अब ज्यादा नहीं बचा है।
54 मिनट का खेल खत्म हो चुका है। 54वें मिनट में क्रोएशिया ने कॉर्नर हासिल किया लेकिन इंग्लैंड ने उसका कोई फायदा नहीं लेने दिया। 56 वें मिनट में इंग्लैंड को कॉर्नर मिला। हैरी केन के पास एक बार फिर गोल करने का मौका था। लेकिन वह इसे भुना नहीं पाए।
दूसरे हाफ का खेल शुरू हो चुका है। पहले हाफ में गोल करने के बाद इंग्लैंड पर दबाव कम है। वहीं क्रोएशिया को फाइनल में पहुंचने के लिए इस हाफ में वापसी करनी ही होगी।
फीफा विश्व कप में यह सातवां मौका है जब इंग्लैंड की टीम नॉकआउट मैच में हाफ टाइम में लीड कर रही है। पिछले 6 मौकों में से 5 मौकों पर उसने जीत दर्ज की है। इसके अलावा ट्रिपियर डेविड बेकहम के बाद पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने फ्री किक पर डाइरेक्ट गोल स्कोर किया है। डेविड बेकहम ने यह कारनामा 2006 में इक्वाडोर के खिलाफ किया था।
पहले हाफ का खेल खत्म हो चुका है। यह हाफ पूरी तरह से इंग्लैंड के नाम रहा। मैच शुरू होने के 10 मिनट के अंदर ही गोल करने के अलावा उसने क्रोएशिया के गोल पोस्ट पर लगातार आक्रमण जारी रखा। इंग्लैंड ने गोल करने के कई मौके बनाए। जबकि, क्रोएशिया अपने पहले गोल के लिए जद्दोजहद कर रहा है। पहले हाफ के आखिर में क्रोएशिया इंग्लैंड के गोल पोस्ट तक पहुंचा जरूर था लेकिन इंग्लैंड की रक्षा पंक्ति ने उनके गोल करने के मंसूबे कामयाब नहीं होने दिए।
इंग्लैंड ने 35वें मिनट में गोल करने का एक और मौका बनाया था। लेकिन लिंगार्ड गेंद को गोलपोस्ट में नहीं भेज सके। इंग्लैंड के पास गोल करने का यह तीसरा सुनहरा मौका था। इन दोनों मौकों की खास बात ये है कि इसमें गोल रोकने के लिए गोलकीपर को मेहनत नहीं करनी पड़ी। दिशाहीन किक ने इंग्लैंड से यह मौका छीना है।
28 मिनट का खेल हो चुका है। शुरुआती बढ़त बना लेने की वजह से इंग्लैंड का आत्मविश्वास सातवें आसमान पर है। वहीं क्रोएशिया की टीम पर गोल करने का दबाव साफ तौर पर देखा जा सकता है। इंग्लैंड की टीम शानदार प्रदर्शन कर रही है। पासिंग, अटैक और गोल के मौके बनाने में उसका प्रदर्शन काबिले तारीफ है। 29 वें मिनट में एक बार फिर इंग्लैंड की टीम गोल पोस्ट के काफी नजदीक पहुंच गई थी। हैरी केन के पास मौका था कि उसे गोल में तब्दील कर दें। लेकिन वह एक बार और इंग्लैंड के लिए दूसरा गोल करने से चूक गए। क्रोएशियन गोलकीपर ने शानदार डिफेंड किया।
21वें मिनट में क्रोएशिया की गलती से इंग्लैंड ने बॉल जीती। उसके पास दूसरा गोल करने का मौका था। हैरी केन ने गोल पोस्ट की ओर शॉट लगाया लेकिन गेंद गोल पोस्ट की बगल से निकल गई। इंग्लैंड यह मौका चूक गया। क्रोएशिया को संभलने की जरूरत है। ऐसी छोटी-छोटी गलतियां उसके वापसी की राह को कठिन बना सकती हैं।
क्रोएशिया वापसी करने के लिए लगातार जद्दोजहद कर रही है। इस बीच उसे कॉर्नर भी मिला था। लेकिन वह इसका कोई फायदा नहीं उठा पाए।
पांचवे मिनट में इंग्लैंड को फ्री किक मिली। कीरान ट्रिपिर ने उसे गोल में तब्दील कर इंग्लैंड को मैच के शुरुआत में ही 1-0 की बढ़त दिला दी।
फीफा विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल मैच की शुरुआत हो चुकी है। किक ऑफ हो चुका है। आज फिर एक रोमांचक मुकाबला देखने की उम्मीद है।
फाइनल में जाने के लिए इंग्लैंड और क्रोएशिया के बीच भिड़ंत कुछ ही देर में शुरू हो जाएगी। दोनों ही फिलहाल दोनों टीमों का राष्ट्रगान हो रहा है।
क्रोएशिया ने सेमीफाइनल तक का रास्ता बेहद ही बेहतरीन प्रदर्शन के साथ तय किया है। उसने डेनमार्क और रूस के खिलाफ पेनाल्टी शूटआउट में जीत हासिल कर अंतिम-4 में जगह बनाई। लगभग 28 साल बाद फीफा विश्व कप सेमीफाइनल में पहुंची इंग्लैंड के खिलाफ जीत हासिल करने के लिए क्रोएशिया की टीम तैयार है।
फीफा विश्व कप की जीत का स्वाद इंग्लैंड की टीम एक बार चख चुकी है। उसने 1966 में खिताबी जीत हासिल की थी। उसके बाद हालांकि 1990 में ही अंतिम-4 में जगह बना सकी थी। आज की टीम में शामिल 23 में 17 खिलाड़ियों का जन्म भी उस समय नहीं हुआ था। इस लिहाज से वे इस विश्व कप को यागदार बनाना चाहते हैं।
क्रोएशिया के पिछले दो मैचों से यह साफ जाहिर है कि वह अपना डिफेंस कमजोर नहीं पड़ने देगी और पेनाल्टी शूटआउट की स्थिति में उसकी जीत लगभग निश्चित है, वहीं इंग्लैंड का नेतृत्व करने के लिए उसके पास हैरी जैसा कप्तान है।
गोलकीपर : जॉर्डन पिकफोर्ड, जैक बुटलैंड, निक पोप।
डिफेंडर : केल वॉकर, डेनी रोस, जॉन स्टोन्स, हैरी मेग्वीर, कीरान ट्रिपिर, गैरी काहिल, फिल जोन्स, फाबिया डेल्फ, एश्ले यंग, ट्रेंट एलेक्जेंडर आरनोल्ड
मिडफील्डर : एरिक डिएर, जेसे लिंगार्ड, जॉर्डन हेंडरसन, डेले अली, रुबेन लोफ्टस चीक
फॉरवर्ड : हैरी केन, रहीम स्टर्लिग, जैमी वार्डी, डैनी वेलबैक, मार्कस रैशफोर्ड।
गोलकीपर : डेनिजेल सुबासिक, लोवरो कालिनिक और डोमिनिक लिवाकोविक
डिफेंडर : वेद्रन कोलुर्का, डोमागोज विदा, इवान स्ट्रिनीक, डेजान लोवरेन, सिमे वसाल्जको, जोसिप पीवारिक, टिन जेडवेज, डुजे सालेटा कार
मिडफील्डर : लुका मोड्रिक, मटिओ कोवाचिक, इवान रेकिटिक, मिलान बाडेल्ज, मासेर्लो ब्राजोविक और फिलिप ब्राडेरिक
फॉरवर्ड : मारियो मांजुकिक, इवान पेरीसिक, निकोला कालिनीक, एंद्रेज करामारिक, मार्को पीजासा और एंटे रेबिक