इटली ने यूरो 2020 क्वार्टर फाइनल में बेल्जियम को हरा दिया। वह फाइनल में अपना स्थान पक्का करने के लिए अब लंदन के वेम्बले स्टेडियम में स्पेन से भिड़ेगा। शुक्रवार (02 जुलाई) को जर्मनी के म्यूनिख में दुनिया की नंबर एक टीम बेल्जियम को हराने के बाद इटैलियन खिलाड़ियों ने अनोखे अंदाज में जश्न मनाया। टीम के दो फुटबॉलर ने तो अपनी पैंट भी उतार दी। उसे फैंस को दे दिया और मैदान में घुमने लगे।
जिओवानी डी लोरेंजो इटली के उन सितारों में से एक थे जिन्होंने बेल्जियम को हराकर कपड़े उतार दिए। इटली के लिए निकोलो बरेला और लोरेंजो इनसिने ने गोल दागे। वहीं, बेल्जियम के लिए इकलौता गोल रोमेलू लुकाकू ने किया। इटली ने पहले हाफ में दोनों गोल किए। लुकाकू ने पहले हाफ की समाप्ति से ठीक पहले इंजरी टाइम में गोल कर दिया। दूसरे हाफ में बेल्जियम ने लगातार अटैक किए, लेकिन इटली जीतने में सफल रहा।
डी लोरेंजो ने फैंस के साथ जश्न मनाया। वे अपने शॉर्ट्स के बिना पिच पर घूमते हुए देखे गए। उनके अलावा आंद्रे बेलोटी को भी वैसै ही देखा गया। जीत के अश्वमेधी रथ पर सवार इटली ने खिताब की प्रबल दावेदार मानी जा रही बेल्जियम को हराकर अपना दावा मजबूत कर लिया है। अब इटली का अपराजेय अभियान 32 मैचों का हो गया है। वह 9 साल बाद सेमीफाइनल में पहुंचने में सफल रहा। पिछली बार 2012 में वह स्पेन के खिलाफ फाइनल में हारा था।
इटली 1968 के बाद से अब तक यूरो कप नहीं जीता है। बेल्जियम की बात करें तो वह लगातार दूसरी बार क्वार्टरफाइनल में हारा है। पिछली बार 2012 में उसे वेल्स ने 3-1 से हरा दिया था। बेल्जियम की टीम 2018 में वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल भी हारी थी। उसकी मौजूदा टीम को गोल्डन जेनरेशन कहा जाता है। टीम में रोमेलू लुकाकू, केविन डी ब्रुइना, थिबाउट कोर्तवा और इडेन हेजार्ड जैसे स्टार खिलाड़ी हैं। एक बार उसका मेजर टूर्नामेंट जीतने का सपना टूट गया।