England vs Sri Lanka 3rd Test Match: श्रीलंका ने तीन मैच की सीरीज के आखिरी टेस्ट में इंग्लैंड को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के बावजूद श्रीलंकाई टीम इंग्लैंड के खिलाफ 1-2 से सीरीज हार गई। टेस्ट सीरीज के शुरुआती दो मैच में इंग्लैंड ने क्रमशः 5 विकेट और 190 रन से जीत हासिल की थी।
श्रीलंका ने इससे पहले इंग्लैंड को उसके घर में 20 जून 2014 को 100 रन से हराया था। वह टेस्ट मैच लीड्स में खेला गया था। खास यह है कि लंदन के केनिंग्टन ओवल में श्रीलंका ने इंग्लैंड के खिलाफ अब तक दो टेस्ट मैच खेले हैं और दोनों में जीत हासिल की है।
लंदन के केनिंग्टन ओवल में श्रीलंका ने इससे पहले 27 अगस्त 1998 को टेस्ट मैच खेला था और 10 विकेट से जीत हासिल की थी। इस जीत के साथ ही श्रीलंकाई टीम विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023-2025 की अंक तालिका में पांचवें नंबर पर पहुंच गई।
इंग्लैंड की टीम अब डब्ल्यूटीसी पॉइंट्स टेबल में छठे नंबर पर खिसक गई, जबकि साउथ अफ्रीका सातवें नंबर पर खिसक गई। WTC पॉइंट्स टेबल 2023-25 में इस टेस्ट मैच का नतीजा आने से पहले श्रीलंकाई टीम सातवें नंबर पर थी।
यह है इंग्लैंड बनाम श्रीलंका तीसरे टेस्ट मैच के बाद WTC Points Table में टीमों की स्थिति
WTC Points Tables | 1 | 2 | 3 | 4 | 5 | 6 | 7 | 8 | 9 |
देश | भारत | ऑस्ट्रेलिया | न्यूजीलैंड | बांग्लादेश | श्रीलंका | इंग्लैंड | साउथ अफ्रीका | पाकिस्तान | वेस्टइंडीज |
मैच खेले | 9 | 12 | 6 | 6 | 7 | 16 | 6 | 7 | 9 |
मैच जीते | 6 | 8 | 3 | 3 | 3 | 8 | 2 | 2 | 1 |
मैच हारे | 2 | 3 | 3 | 3 | 4 | 7 | 3 | 5 | 6 |
मैच बेनतीजा | 1 | 1 | 0 | 0 | 0 | 1 | 1 | 0 | 2 |
डिमेरिट पॉइंट्स | 2 | 10 | 0 | 3 | 0 | 19 | 0 | 8 | 0 |
कुल पॉइंट्स | 74 | 90 | 36 | 33 | 36 | 81 | 28 | 16 | 20 |
पर्सेंटाइल | 68.52 | 62.5 | 50 | 45.83 | 42.86 | 42.19 | 38.89 | 19.05 | 18.52 |
ये है इंग्लैंड बनाम श्रीलंका तीसरे टेस्ट मैच का लेखा जोखा
लंदन के केनिंग्टन ओवल मैदान पर खेले गए मैच में श्रीलंका ने 6 सितंबर को टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। इंग्लैंड ने पहली पारी 69.1 ओवर में 325 रन बनाए। श्रीलंका की पहली पारी 61.2 ओवर में 263 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह इंग्लैंड को 62 रन की लीड मिली।
हालांकि, इंग्लैंड की दूसरी पारी को श्रीलंकाई गेंदबाजों ने 34 ओवर में सिर्फ 156 रन पर ढेर कर दिया। इस तरह श्रीलंका को जीत के लिए 219 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने 40.3 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
दूसरी पारी में श्रीलंका की ओर से ओपनर पथुम निसांका ने 13 चौके और 2 छक्के की मदद से 124 गेंद में नाबाद 127 रन बनाए। एंजेलो मैथ्यूज 61 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद रहे। श्रीलंका को इंग्लैंड के खिलाफ उसके घर में 10 साल बाद जीत नसीब हुई है।