दलीप ट्रॉफी (Duleep Trophy) 2022 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन के खिलाफ नॉर्थ जोन ने अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। उसे मजबूत स्थिति में पहुंचाने में नई दिल्ली में 11 नवंबर 2002 को जन्में यश ढुल और ध्रुव शौरी की शानदार पारियों का भी अहम योगदान रहा। हालांकि, यश ढुल दलीप ट्रॉफी डेब्यू मैच में 7 रन से दोहरा शतक पूरा करने से चूक गए। वहीं, ध्रुव शौरी शतक नहीं लगा पाए। वह 81 रन बनाकर आउट हुए।

यश ढुल का पिछले 4 मैच में यह चौथा शतक है। अपनी अगुआई में भारत को अंडर-19 विश्व कप विजेता बनाने वाले यश ढुल ने फरवरी 2022 में गुवाहाटी में रणजी ट्रॉफी मैच में दिल्ली की ओर से खेलते हुए तमिलनाडु के खिलाफ पहली पारी में 113 और दूसरी पारी में नाबाद 113 रन बनाए थे। हालांकि, अगले मैच में वह झारखंड के खिलाफ 5 और 19 रन की पारी ही खेल पाए।

उन्होंने इसके बाद मार्च 2022 में छत्तीसगढ़ के खिलाफ पहली पारी में 29 और दूसरी पारी में नाबाद 200 रन बनाए थे। अब उन्होंने ईस्ट जोन के खिलाफ 28 चौके और 2 छक्के की मदद से 243 गेंद में 193 रन की पारी खेली। वह महज 7 रन के अंतर से दलीप ट्रॉफी डेब्यू मैच में दोहरा शतक लगाने से चूक गए।

साल 2022 में 19 साल के यश ढुल का ऐसा रहा प्रदर्शन

  • बतौर कप्तान आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट वर्ल्ड कप जीता।
  • रणजी ट्रॉफी डेब्यू पर दोनों पारियों में शतक लगाए।
  • रणजी ट्रॉफी में दोहरा शतक लगाया।
  • दलीप ट्रॉफी में शतकीय पारी से शुरुआत की।

यश ढुल (Yash Dhull) ने ईस्ट जोन (East Zone) के खिलाफ मैच के तीसरे दिन अपना शतक पूरा किया। उन्होंने 15 चौके की मदद से 131 गेंद में शतक पूरा किया। उन्होंने अगले 50 रन महज 36 गेंद पर ठोक दिए। उनके साथी ओपनर मनन वोहरा 5 चौके और एक छक्के की मदद से 81 गेंद में 44 रन बनाकर पवेलियन लौटे।

पुडुचेरी के क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी ग्राउंड 2 पर खेले जा रहे इस मैच में नॉर्थ जोन के कप्तान मनदीप सिंह ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट जोन 136.4 ओवर में 397 रन पर ऑलआउट हुई। तीसरे दिन का खेल खत्म होने के समय तक नॉर्थ जोन ने पहली पारी में 111 ओवर में 3 विकेट पर 433 रन बना लिए थे। इस तरह उसने ईस्ट जोन के खिलाफ 36 रन की लीड ले ली है।

इससे पहले ईस्ट जोन की ओर से विराट सिंह ने शतक (117) लगाया। विराट के अलावा शाहबाज अहमद ने 62, सुदीप घरमानी ने 68 और मनिशंकर मुरासिंह ने 32 और नदीम ने 14 रन बनाए। नॉर्थ जोन की ओर से नवदीप सैनी ने 83 और निशांत सिद्धू ने 64 रन देकर 3-3 विकेट लिए। सिद्धार्थ कौल, पुलकित नारंग, हिमांशु राणा और ध्रुव शौरी एक-एक विकेट लेने में सफल रहे।