भारतीय घरेलू क्रिकेट का नया सत्र 2025-26 धमाकेदार अंदाज में शुरू हुआ है। बेंगलुरु में खेले जा रहे दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल में बल्लेबाजों ने खूब रन बनाए, लेकिन असली चर्चा गेंदबाजों के असाधारण कारनामों की रही। इनमें सबसे ज्यादा सुर्खियां झारखंड के 21 वर्षीय युवा स्पिनर मनीषी ने बटोरीं। मनीषी ने दलीप ट्रॉफी में अपने डेब्यू मैच में ही ऐसे विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की, जो अब तक कोई भी भारतीय गेंदबाज नहीं कर पाया था।
मनीषी ने ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए नॉर्थ जोन के खिलाफ पहली पारी में छह विकेट चटकाए। दिलचस्प बात यह रही कि ये सभी विकेट उन्होंने एलबीडब्ल्यू (LBW) के रूप में हासिल किए। शुभम खजूरिया (26 रन), अंकित कुमार (30 रन), यश ढुल (39 रन), कन्हैया वधावन (76 रन), आकिब नबी (44 रन) और हर्षित राणा (7 रन) उनके शिकार बने।
प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में यह कारनामा मात्र छठी बार देखने को मिला है, जबकि किसी भारतीय गेंदबाज ने पहली बार यह उपलब्धि अपने नाम की है। मनीषी ने इस उपलब्धि से इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन (2021) और मार्क इलॉट (1995), श्रीलंका के चामिंडा वास (2005) तथा पाकिस्तान के ताबिश खान (2011) जैसे बड़े नामों की सूची में जगह बनाई।
झारखंड की धरती पहले भी भारतीय क्रिकेट को बड़े सितारे दे चुकी है। महेंद्र सिंह धोनी इसका सबसे बड़ा उदाहरण हैं, जिन्होंने छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। अब उसी राज्य से मनीषी का उभरना, क्रिकेटप्रेमियों के लिए एक नई उम्मीद की तरह है।
भले ही उनकी टीम ईस्ट जोन को इस मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन मनीषी का प्रदर्शन आने वाले दिनों में भारतीय क्रिकेट के लिए बहुत बड़ी संभावनाओं की ओर इशारा करता है। जैसे धोनी ने झारखंड का नाम दुनिया में रोशन किया, वैसे ही मनीषी भी भविष्य में भारत की फिरकी गेंदबाजी के चमकते सितारे बन सकते हैं।
प्रथम श्रेणी पारी में एक मैच में एलबीडब्ल्यू के जरिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले शीर्ष-6 गेंदबाज
LBW की संख्या | खिलाड़ी | मैच | मैदान | साल |
6 | मार्क इलोट | नॉर्थम्पटनशायर बनाम एसेक्स | ल्यूटन का वार्डन पार्क | 1995 |
6 | चामिंडा वास | सदर्न प्रॉविंस बनाम वेस्टर्न प्रॉविंसन | कोलंबो का आर प्रेमदासा स्टेडियम | 2004/05 |
6 | ताबिश खान | खान रिसर्च लैबोरेटरीज बनाम कराची व्हाइट्स | कराची का नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स | 2011/12 |
6 | ओली रॉबिन्सन | ग्लेमोर्गन बनाम ससेक्स | कॉर्डिफ का सोफिया गार्डन | 2021 |
6 | क्रिस राइट | ग्लूस्टरशायर बनाम लीसेस्टरशायर | ब्रिस्टल का काउंटी ग्राउंड | 2021 |
6 | मनीषी | उत्तर क्षेत्र बनाम पूर्वी क्षेत्र | बेंगलुरु का बीसीसीआई ग्राउंड 1 | 2025/26 |
कौन हैं मनीषी?
मोहम्मद शमी और मुकेश कुमार जैसे गेंदबाजों के साथ खेलते हुए, मनीषी इस मैच में ईस्ट जोन के सबसे सफल गेंदबाज बनकर उभरे। जमशेदपुर में जन्में मनीषी ने पिछले 3 वर्षों में सिर्फ 9 प्रथम श्रेणी क्रिकेट मैच ही खेले हैं। उन्होंने काफी प्रभाव छोड़ा है। पिछले साल रणजी ट्रॉफी सीजन में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था, जिसमें उन्होंने 27.22 के औसत से 22 विकेट लिए थे। हाल ही में दलीप ट्रॉफी क्वार्टर फ़ाइनल में उन्होंने अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ 111/6 का आंकड़ा हासिल किया। उनका पिछला सर्वश्रेष्ठ आंकड़ा 49/4 था।
मनीषी के पास अंतरराष्ट्रीय अनुभव भी है। मनीषी ने 2019 में दक्षिण अफ्रीका अंडर-19 के खिलाफ चार दिवसीय मैच में इंडिया अंडर-19 का प्रतिनिधित्व किया था। उस मैच में उन्होंने 12.57 के औसत से सात विकेट लिए थे, जिसमें 58 रन देकर 5 विकेट वाला आंकड़ा भी शामिल था। मनीषी श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर रंगना हेराथ के फैन हैं। पूरी खबर पढ़ें