INDIA A vs INDIA C, Duleep Trophy 2024 Match Highlights: दलीप ट्रॉफी 2024 के छठे मैच में इंडिया ए के खिलाफ इंडिया सी की भी शुरुआत खराब रही। मैच के दूसरे दिन खबर लिखे जाने तक इंडिया सी का स्कोर 59 ओवर में 7 विकेट पर 189 रन था। विद्धुत विशाक 7 रन बनाकर नाबाद थे। पुलकित नारंग भी 21 रन बनाकर नाबाद थे। अभिषेक पोरेल शतक बनाने से चूके गये और 82 रन के निजी स्कोर पर शम्स मुलानी का शिकार बने।
इंडिया C ने 41 रन पर गंवा दिये थे 4 विकेट
एक समय इंडिया सी का स्कोर 14 ओवर में 4 विकेट पर 41 रन था। इंडिया सी के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़, बी साई सुदर्शन, रजत पाटीदार और विकेटकीपर इशान किशन पवेलियन लौट चुके थे। ऋतुराज (17 रन, 20 गेंद), रजत पाटीदार (0 रन, 1 गेंद) और बी साई सुदर्शन (17 रन, 51 गेंद) के विकेट उत्तर प्रदेश के 20 साल के युवा तेज गेंदबाज आकिब खान ने लिये। आकिब खान ने 4 ओवर में सिर्फ 10 रन देकर ही 3 विकेट झटक लिये थे।
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में 25 दिसंबर 2003 को जन्में आकिब ने रजत पाटीदार को गोल्डन डक किया। इशान किशन को आवेश खान ने 5 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड किया। आकिब खान ने अब तक 12 फर्स्ट क्लास, 11 लिस्ट ए और 3 टी20 मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने क्रमशः 32, 14 और 4 विकेट लिये हैं।
बाबा इंद्रजीत और अभिषेक पोरेल ने संभाला
ऋतुराज गायकवाड़, साई सुदर्शन, रजत पाटीदार और इशान किशन के पवेलियन लौटने पर बाबा इंद्रजीत और अभिषेक पोरेल ने पांचवें विकेट के लिए 117 गेंद में 86 रन की साझेदारी की। बाबा इंद्रजीत जब 33 रन के स्कोर पर थे तब उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। बाबा इंद्रीज की जगह मानव सुतार बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन वह कुछ खास नहीं कर पाए और महज 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
इसके बाद अभिषेक पोरेल और पुलकित नारंग स्कोर को 165 तक ले गए। अभिषेक पोरेल अपना शतक पूरा करने से चूक गए और 113 गेंद में 9 चौके की मदद से 82 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बता दें कि इससे पहले इंडिया ए की पहली पारी 90.5 ओवर में 297 रन पर ऑलआउट हुई। इंडिया ए की ओर से प्रथम सिंह, कप्तान मयंक अग्रवाल, तिलक वर्मा, रियान पराग, कुमार कुशाग्र और आकिब खान दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाये।
शाश्वत रावत ने इंडिया ए की ओर से लगाया शतक
इंडिया ए की ओर से शाश्वत रावत ने शतक लगाया। उन्होंने 250 गेंद में 15 चौके की मदद से 124 रन बनाए। उनके अलावा शम्स मुलानी ने 76 गेंद में 44 रन बनाए। आवेश खान 68 गेंद में 51 रन बनाकर नाबाद रहे। प्रसिद्ध कृष्णा 34 रन बनाकर आउट हुए। इंडिया सी के लिए विद्धुत विशाक ने 51 रन देकर 4 और अंशुल कंबोज ने 49 रन देकर 3 विकेट लिये। गौरव यादव ने 57 रन देकर 2 विकेट लिये।