आपने अक्सर सुना होगा किसी खिलाड़ी के गलत बर्ताव या स्लो ओवर के चलते कप्तान की आधी मैच फीस काट ली गई। लेकिन क्या आप जानते हैं कि खिलाड़ियों को एक मैच खेलने के कितने पैसे मिलते हैं। नहीं न! हम आपको बताते हैं। दरअसल जो खिलाड़ी क्रिकेट खेलते हैं, उसे बोर्ड ऑफ कंट्रोल फॉर क्रिकेट इन इंडिया यानी बीसीसीआई कॉन्ट्रैक्ट करता है।
इन खिलाड़ियों को 4 श्रेणियों- ग्रेड A+, ग्रेड A, ग्रेड B और ग्रेड C में बांटा जाता है। ग्रेड के हिसाब से ही उन्हें सालाना सैलरी दी जाती है। ग्रेड A+ के खिलाड़ियों को 7 करोड़, ग्रेड A के खिलाड़ियों को 5 करोड़, ग्रेड B के खिलाड़ियों को 3 और ग्रेड C के खिलाड़ियों को एक करोड़ रुपये सालाना मिलते हैं। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के हिसाब से उनके ग्रेड भी बदलते रहते हैं।फिलहाल इन सभी खिलाड़ियों की कुल संख्या 27 है। ग्रेड A+ में सिर्फ तीन खिलाड़ी हैं। वहीं, ग्रेड A में 11, ग्रेड B में पांच और ग्रेड C में 8 खिलाड़ी शामिल हैं।
इस साल जनवरी में बीसीसीआई ने सालना कॉन्ट्रैक्ट को लेकर ऐलान किया था। इसमें सबसे आश्चर्यजनक यह था कि महेंद्र सिंह धोनी को उसने किसी भी ग्रेड में जगह नहीं दी थी। ग्रेड A+ में विराट कोहली, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह हैं। ग्रेड ग्रेड A में चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, इशांत शर्मा, शिखर धवन, रविचंद्रन अश्विन और ऋषभ पंत शामिल हैं।
ग्रेड B में उमेश यादव, ऋद्धिमान साहा, मयंक अग्रवाल, हार्दिक पंड्या और युजवेंद्र चहल हैं। ग्रेड C में केदार जाधव, वॉशिंगटन सुंदर, हनुमा विहारी, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, दीपक चाहर, नवदीप सैनी और शार्दुल ठाकुर हैं।
इन खिलाड़ियों को एक टेस्ट मैच खेलने के 15 लाख रुपये दिए जाते हैं। वहीं एक वनडे और टी20 मैच खेलकर खिलाड़ी क्रमश: 6 लाख और 3 लाख रुपये कमाते हैं।
इसके अलावा यदि कोई बल्लेबाज किसी वनडे या टेस्ट मैच में शतक लगाता है तो उसे 5 लाख रुपए बोनस के तौर पर दिए जाते हैं। यही नहीं, दोहरा शतक जड़ने पर यह राशि 7 लाख रुपये हो जाती है।
यही नहीं, BCCI प्रदर्शन-आधारित बोनस भी देता है। यदि कोई खिलाड़ी शीर्ष रैंकिंग टीम के खिलाफ अर्धशतक या शतक लगाता है, तो उसके वेतन में 30-60% तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके अलावा रिटायरमेंट पर बीसीसीआई खिलाड़ियों को पेंशन भी देता है।

