दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा लगातार तीसरी बार डायमंड लीग फाइनल्स में उपविजेता रहे। जर्मनी के जूलियन वेबर ने गुरुवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए दो बार 90 मीटर से अधिक की दूरी तक थ्रो करके अपनी पहली ट्रॉफी जीती।
नीरज चोपड़ा 84.35 मीटर के अपने शुरुआती प्रयास के बाद पांचवें राउंड तक तीसरे स्थान पर थे, लेकिन 85.01 मीटर के अपने अंतिम प्रयास से वह दूसरे स्थान पर पहुंच गए। उन्होंने 2012 लंदन ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता त्रिनिदाद और टोबैगो के केशोर्न वाल्कोट को पीछे छोड़ दिया, जो 84.95 मीटर के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
वेबर के थ्रो के आस-पास भी नहीं पहुंच पाया कोई
वेबर ने अपने दूसरे प्रयास में 91.57 मीटर का थ्रो फेंककर इस सीजन में दुनिया में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ था। वेबर का कोई भी प्रतिद्वंद्वी उनके थ्रो के आस-पास भी नहीं पहुंच सका। उनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो नीरज चोपड़ा से 6 मीटर ज्यादा का था। जर्मन खिलाड़ी ने अपने दूसरे थ्रो के बाद फाउल, 83.66 मीटर, 86.45 मीटर और 88.66 मीटर का थ्रो किया।
एंडरसन पीटर्स चौथे स्थान पर रहे
नीरज चोपड़ा इस सीजन के डायमंड लीग ग्रैंड फिनाले में रंग में नहीं दिखे। छह प्रयासों में से उनके तीन थ्रो फाउल थे।
88 मीटर से ज्यादा थ्रो करने में अपनी निरंतरता के लिए जाने जाने वाले 27 वर्षीय भारतीय स्टार का 85 मीटर के थ्रो से आगे न बढ़ पाना एक दुर्लभ घटना थी। वह 2022 में इस ट्रॉफी को जीते थे। 2023 और 2024 के बाद तीसरी बार दूसरे स्थान पर रहे। गत चैंपियन ग्रेनाडा के एंडरसन पीटर्स 82.06 मीटर के साथ चौथे स्थान पर रहे।
वेबर ने नीरज पर बनाई 3-1 की बढ़त
वेबर ने इस सीजन में नीरज चोपड़ा के खिलाफ हेड टू हेड रिकॉर्ड में 3-1 की बढ़त बना ली है। जर्मन खिलाड़ी ने इससे पहले मई में दोहा डायमंड लीग और उसी महीने पोलैंड के चोरजो में ओरलेन जानुस कुसोसिन्स्की मेमोरियल इवेंट में नीरज चोपड़ा को हराया था। चोपड़ा ने जून में पेरिस डायमंड लीग में जीत हासिल की थी और वेबर दूसरे स्थान पर रहे थे। हालांकि, 2016 से दोनों के बीच हुई कंपटीशन में नीरज चोपड़ा काफी आगे हैं। वह वेबर से 15-5 के बड़े अंतर से आगे हैं। नीरज चोपड़ा जून 2021 के बाद से दूसरे स्थान से नीचे नहीं रहे हैं।
