इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 में राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे रियान पराग की देवधर ट्रॉफी में शानदार फॉर्म जारी है। रियान पराग ने एक अगस्त 2023 को 3 मैच में दूसरा शतक ठोका। रियान पराग की पारी और मणिशंकर मूरासिंह के 5 विकेट की मदद से ईस्ट जोन ने मंगलवार एक अगस्त 2023 को पुडुचेरी में देवधर ट्रॉफी एकदिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट के लीग मैच में वेस्ट जोन को 157 रन से हरा दिया।
रियान पराग ने 66 गेंद में ठोका शतक
इस जीत से उसके 16 अंक हो गए। वह अंक तालिका में दूसरे नंबर पर है। शीर्ष पर काबिज साउथ जोन के भी 16 अंक हैं, लेकिन उसका नेट रनरेट ईस्ट जोन से बेहतर है। रियान पराग ने 5 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 68 गेंद में नाबाद 102 रन की पारी खेली। इससे पूर्व क्षेत्र ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 319 रन का स्कोर खड़ा किया। रियान पराग ने 66 गेंद में अपना शतक पूरा किया था।
मणिशंकर मूरासिंह ने 28 रन देकर झटके 5 विकेट
इसके बाद मूरासिंह ने 7 ओवर में 28 रन देकर 5 विकेट चटकाए। इससे पश्चिम क्षेत्र की टीम 34 ओवर में 162 रन पर ढेर हो गई। ईस्ट जोन के लिए उत्कर्ष सिंह ने हरफनमौला प्रदर्शन किया। उत्कर्ष ने पहले अर्धशतक जड़ा फिर 3 विकेट भी चटकाए। कुमार कुशाग्र (47 गेंद में 53 रन, 6 चौके) ने भी अर्धशतक जड़ा।
रियान पराग और कुमार कुशाग्र ने की 150 रन की साझेदारी
कुमार कुशाग्र ने आउट होने से पहले रियान पराग के साथ छठे विकेट के लिए 106 गेंद में 150 रन की साझेदारी भी की। इसमें से 59 गेंद में रियान पराग ने 94 रन बनाए। ईस्ट जोन ने पहले बल्लेबाजी करते हुए एक समय 157 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन पराग और कुमार कुशाग्र ने टीम को मुश्किल स्थिति से उबारा।
वेस्ट जोन के हार्विक देसाई ने बनाए 92 रन
वेस्ट जोन की ओर से सौराष्ट्र के सलामी बल्लेबाज हार्विक देसाई ही टिककर बल्लेबाजी कर पाए। उन्होंने 13 चौकों और दो छक्कों से 92 गेंद में 92 रन की पारी खेली, लेकिन अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्ट जोन ने तीसरे ओवर में ही समर्थ व्यास (12) का विकेट गंवा दिया। समर्थ व्यास को आकाश दीप ने पवेलियन भेजा।
तेज गेंदबाज मूरासिंह ने पारी के 5वें और अपने पहले ओवर में राहुल त्रिपाठी (01) को पगबाधा किया। मूरासिंह ने अगले ओवर में सरफराज खान (03) को बोल्ड किया। इसके अगले ओवर में कथन पटेल को रियान पराग के हाथों कैच कराया। मूरासिंह ने पारी के 12वें ओवर में अपनी ही गेंद पर शिवम दुबे का कैच लपककर वेस्ट जोन की हार लगभग तय कर दी।
शम्स मुलानी (12) और अतीत सेठ (18) ने हार्विक देसाई के साथ मिलकर हार को कुछ देर टाला, लेकिन ईस्ट जोन को जीतने से नहीं रोक पाए। वेस्ट जोन के कप्तान प्रियांक पांचाल चोटिल होने के कारण 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे।