IPL 2022 DC vs MI: इंडियन प्रीमियर लीग 2022 के दूसरे मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 27 मार्च की शाम मुंबई इंडियंस को 4 विकेट से हरा दिया। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए इस मैच में एक समय मुंबई इंडियंस की जीत तय लग रही थी, लेकिन ललित यादव और अक्षर पटेल ने आखिरी 30 गेंद में 75 रन ठोककर इशान किशन की 81 रन की नाबाद पारी पर पानी फेर दिया।

इस दौरान ललित और अक्षर ने 6 चौके और 5 छक्के लगाए। ललित यादव 38 गेंद में 48 और अक्षर पटेल 17 गेंद में 38 रन बनाकर नाबाद रहे। ललित यादव ने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 2 छक्के, जबकि अक्षर ने 3 छक्के और 2 चौके लगाए।

इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 177 रन बनाए। दिल्ली कैपिटल्स ने 18.2 ओवर में 6 विकेट पर 179 रन बना मैच अपने नाम कर लिया। दिल्ली कैपिटल्स के कुलदीप यादव को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया है। उन्होंने 4 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लिए थे।

इससे पहले मुंबई की ओर से इशान किशन सर्वोच्च स्कोरर रहे। उन्होंने 11 चौके और 2 छक्के की मदद से 48 गेंद में 81 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने 34 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया था। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से कुलदीप यादव सबसे सफल रहे। उन्होंने 18 रन देकर 3 विकेट लिए। खलील अहमद ने 27 रन देकर 2 विकेट लिए।

पंजाब ने 208 रन ठोक RCB को 5 विकेट से हराया, शाहरुख खान और ओडियन स्मिथ ने आखिरी 25 गेंद में जोड़े 52 रन

रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियंस की यह 51वीं हार है। रोहित की कप्तानी में मुंबई इंडियंस का यह 130वां मैच था। इसमें से मुंबई ने 75 में जीत हासिल की है, जबकि 4 मैच टाई रहे हैं। ऋषभ पंत ने अब तक 17 मैच में दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली है। इसमें से टीम ने 10 बार जीत हासिल की, जबकि 6 बार हार का सामना किया। एक मैच टाई रहा।

रोहित ने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडिंयस को 5 बार (2013, 2015, 2017, 2019 और 2020) में चैंपियन बनाया है। वह 2009 में बतौर खिलाड़ी डेक्कन चार्जर्स के साथ आईपीएल चैंपियन रहे थे। दिल्ली कैपिटल्स ने अब तक एक बार भी आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। उसने आईपीएल 2021 में फाइनल खेला था, लेकिन तब उसे मुंबई से हार झेलनी पड़ी थी। तब दिल्ली कैपिटल्स की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में थी।

Match Ended

Indian Premier League, 2022

Delhi Capitals 
179/6 (18.2)

vs

Mumbai Indians  
177/5 (20.0)

Match Ended ( Day – Match 2 )
Delhi Capitals beat Mumbai Indians by 4 wickets

Live Updates

DC vs MI IPL 2022: आंकड़ों में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ भारी है मुंबई इंडियंस का पलड़ा

19:34 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: टी20 क्रिकेट में हमेशा जीतने की संभावना बनी रहती हैः टिम सीफर्ट

टिम सीफर्ट ने कहा, किसी भी टूर्नामेंट को इस तरह से शुरू करना काफ़ी बढ़िया अनुभव है। मैं अपने खेल का काफी आनंद ले रहा था। रिकी पोटिंग के साथ रहना, उनसे सीखना काफी बढ़िया है। आने वाले कुछ महीने में मैं उनसे काफी कुछ सीखने का प्रयास करूंगा। यह एक शानदार मैच था। यही टी20 क्रिकेट है। यहां कब क्या हो जाए, कुछ कहा नहीं जा सकता। जब तक आप मैच में संघर्ष कर रहे हैं, उसे जीतने का प्रयास कर रहे हैं। आपके साथ जीतने की संभावना बनी रहेगी।

19:33 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: रोहित ने हार से काफी कुछ सीखा

मैच के बाद रोहित शर्मा ने कहा, हमें लगा कि यह एक अच्छा स्कोर है। यह पिच ऐसा नहीं था, जहां आप 170 के करीब रन बना लेंगेष लेकिन हमारी टीम ने बढ़िया बल्लेबाज़ी की। यह मतलब नहीं है कि यह पहला मैच था या आख़िरी, हम बस मैच को जीतना चाहते थे। यह इस सीज़न का पहला मैच था, इससे हमने काफ़ी कुछ सीखा। भले ही यह हमारे लिए निराशजनक है लेकिन यह पहला मैच था।

19:31 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: दिल्ली के बल्लेबाजों ने अंत तक नहीं हारी हिम्मत

ललित और अक्षर के बीच 30 गेंदों में 75 रनों की साझेदारी हुई। एक समय ऐसा लग रहा था कि यह मैच पूरी तरह से मुंबई के पक्ष में है, लेकिन कमजोर गेंदबाजी और कुछ शानदार शॉट्स ने इस मैच को दिल्ली के झोली में डाल दिया। एक समय दिल्ली कैपिटल्स के 104 रन पर 6 विकेट गिर चुके थे। लेकिन दिल्ली के बल्लेबाजों ने हिम्मत नहीं हारी और आखिरी समय तक लड़ाई जारी रखी और नतीजा उनके पक्ष में रहा।

19:11 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे अक्षर पटेल

17 ओवर का खेल हो चुका है। दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 6 विकेट पर 150 रन है। अक्षर पटेल ने 13 गेंद में 21 रन बनाए हैं। ललित यादव ने 34 गेंद में 36 रन बनाए हैं। दोनों के बीच 22 गेंद में 46 रन की साझेदारी हो चुकी है।

18:58 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: थम्पी ने मुंबई को दिलाई बड़ी सफलता

बासिल थम्पी ने 14वें ओवर की दूसरी गेंद पर मुंबई इंडियंस को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने शार्दुल ठाकुर को रोहित शर्मा के हाथों कैच कराया। शार्दुल ठाकुर 11 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान चार चौके लगाए। शार्दुल की जगह अक्षर पटेल क्रीज पर आए।

18:43 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: शार्दुल ठाकुर कर रहे ताबड़तोड़ बल्लेबाजी

13 ओवर का खेल हो चुका है। दिल्ली का स्कोर 5 विकेट पर 103 रन है। उसे जीत के लिए अभी 42 गेंद में 75 रन बनाए हैं। ललित यादव के 24 गेंद में 16 और शार्दुल ठाकुर के 10 गेंद में 22 रन हैं। शार्दुल अब तक 4 चौके लगा चुके हैं।

18:30 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: मुरुगन अश्विन के बाद थम्पी ने भी 3 गेंद में दो बल्लेबाजों को दिखाई पवेलियन की राह

बासिल थम्पी ने 3 गेंद में 2 विकेट झटके। उन्होंने 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर पहले पृथ्वी शॉ को पवेलियन की राह दिखाई। उसके बाद चौथी गेंद पर रोवमैन पॉवेल को डीप स्‍क्‍वायर लेग पर डैनियल सैम्स के हाथों कैच कराया। पॉवेल खाता भी नहीं खोल पाए। पॉवेल की जगह शार्दुल ठाकुर क्रीज पर आए हैं। थम्पी से पहले मुरुगन अश्विन ने भी 3 गेंद में 2 विकेट झटके थे।

18:24 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: 24 गेंद में 38 रन ठोक पृथ्वी शॉ ने पकड़ी पवेलियन की राह

पृथ्वी शॉ और ललित यादव ने काफी हद तक दिल्ली कैपिटल्स की पारी संभाली। दोनों के बीच 31 गेंद में 40 रन की साझेदारी हुई। पृथ्वी शॉ 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर बासिल थम्पी का शिकार हुए। इशान किशन ने विकेट के पीछे उनका कैच लपका। पृथ्वी शॉ 24 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 2 छक्के लगाए। उनकी जगह रोवमैन पॉवेल क्रीज पर आए हैं। ललित यादव ने 14 गेंद में 7 रन बनाए हैं। 9.3 ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 4 विकेट पर 72 रन है।

18:16 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: दिल्ली कैपिटल्स ने 8 ओवर में बनाए 62 रन, गंवाए 3 विकेट

आठ ओवर का खेल हो चुका है। दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 3 विकेट पर 62 रन है। उसे जीत के लिए अभी 12 ओवर में 116 रन बनाने हैं। पृथ्वी शॉ ने अब तक 20 गेंद में 33 और ललित यादव ने 10 गेंद में 4 रन बनाए हैं।

18:01 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: मुरुगन अश्विन ने 3 गेंद में झटके 2 विकेट

इससे पहले मुरुगन अश्विन ने 3 गेंद में 2 विकेट झटके। उन्होंने चौथे ओवर की तीसरी गेंद पर टिम सीफर्ट और पांचवीं गेंद पर मनदीप सिंह को पवेलियन भेजा। सीफर्ट 14 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। मनदीप खाता भी नहीं खोल पाए। पांच ओवर के बाद दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 3 विकेट पर 40 रन है। पृथ्वी शॉ ने 14 और ललित ने एक रन बनाया है।

17:59 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: एक रन ही बना पाए ऋषभ पंत

अभी सिर्फ 5 ओवर का खेल हुआ है और दिल्ली कैपिटल्स के 3 बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके हैं। आउट होने वाले बल्लेबाजों में कप्तान ऋषभ पंत भी शामिल हैं। पंत 5वें ओवर की पहली गेंद पर आउट हुए। वह एक रन ही बना पाए। उनकी जगह ललित यादव क्रीज पर आए हैं। पंत को टायमल मिल्स ने थर्ड मैन पर टिम डेविड के हाथों लपकवाया।

17:37 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: दिल्ली ने पहले ओवर में ठोके 12 रन

दिल्ली कैपिटल्स की ओर से टिम सीफर्ट और पृथ्वी शॉ ने पारी की शुरुआत की। मुंबई के लिए डैनियल सैम्स पहला ओवर लेकर आए। उनकी तीसरी गेंद पर पृथ्वी ने एक रन लेकर अपना और टीम का खाता खोला। इसके बाद सीफर्ट ने चौथी और पांचवीं गेंद पर चौके जड़ दिए। पहले ओवर के बाद दिल्ली का स्कोर बिना विकेट खोए 12 रन है।

17:21 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: कुलदीप यादव के लिए कीरोन पोलार्ड का विकेट रहा खास

मुंबई इंडिंयस ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 177 रन बनाए। इस तरह दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 178 रन का लक्ष्य मिला। मुंबई की पारी खत्म होने के बाद कुलदीप यादव ने कहा, मैं अपनी गेंदबाजी से काफी खुश हूं। मैं काफी दिनों से गुडलेंथ पर काम कर रहा था। मैं जब टीम इडिया के साथ था तब भी अपनी लेंथ और पेस पर काम कर रहा था। मैं बढ़िया रिदम के साथ गेंदबाजी कर रहा था। ये सारी चीजें पिछले कुछ महीनों में बदली हैं। मेरे लिए तीनों विकेट जरूरी थे, लेकिन कीरोन पोलार्ड का विकेट अच्छे समय पर मिला। मैं लगातार अपनी पेस बदल रहा था। मुझे इसका फायदा मिला।

17:13 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: मुंबई को 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर लगा पांचवां झटका

मुंबई को 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर पांचवां झटका लगा। खलील अहमद ने टिम डेविड को डीप बैकवर्ड प्वाइंट पर मंदीप सिंह के हाथों कैच कराया। टिम डेविड 8 गेंद में 12 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में एक छक्का लगाया।

16:57 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: इशान किशन ने 34 गेंद में ठोका पचासा

इशान किशन ने 17वें ओवर की दूसरी गेंद पर अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने अक्षर पटेल की गेंद पर छक्का जड़ यह उपलब्धि अपने नाम की। उन्होंने 34 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की है। आईपीएल 2022 का यह दूसरा अर्धशतक है। पहला अर्धशतक 26 मार्च को महेंद्र सिंह धोनी के बल्ले से आया था। खास यह है कि इशान और धोनी दोनों ही विकेटकीपर बल्लेबाज हैं।

16:53 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: कुलदीप का कहर जारी

मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज कुलदीप यादव का कोई तोड़ नहीं ढूंढ पा रहे हैं। कुलदीप ने अपने चौथे ओवर में तीसरा विकेट झटका। उन्होंने 16वें ओवर की पांचवीं गेंद पर कीरोन पोलार्ड को मिड विकेट पर टिम सीफर्ट के हाथों कैच कराया। पोलार्ड 6 गेंद में 3 रन बनाकर आउट हुए। मुंबई इंडियंस का स्कोर 16 ओवर में 4 विकेट पर 123 रन है। इशान किशन ने 33 गेंद में 47 रन बनाए हैं। दूसरे छोर पर टिम डेविड हैं।

16:44 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: एक ओवर में 2 चौके जड़ तिलक वर्मा ने पकड़ी पवेलियन की राह

मुंबई इंडियंस को 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर तीसरा झटका लगा। खलील अहमद ने तिलक वर्मा को पृथ्वी शॉ के हाथों कैच कराया। तिलक 15 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 3 चौके लगाए। तिलक की जगह कीरोन पोलार्ड क्रीज पर आए। आउट होने से पहले तिलक ने कमलेश नागरकोटी के 13वें 2 चौके भी लगाए थे।

16:26 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: ललित यादव ने लपका अनमोलप्रीत सिंह का कैच

मुंबई इंडियंस को 11वें ओवर की चौथी गेंद पर दूसरा झटका लगा। कुलदीप यादव की शानदार गेंदबाजी जारी है। उन्होंने अपने तीसरे ओवर में मुंबई इंडियंस के अनमोलप्रीत सिंह को पवेलियन की राह दिखाई। अनमोल 9 गेंद में 8 रन बनाकर लॉन्ग ऑफ पर ललित यादव को अपना कैच थमा बैठे। अनमोलप्रीत सिंह की तिलक वर्मा बल्लेबाजी के लिए आए हैं। 11 ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर 2 विकेट पर 85 रन है। इशान ने 24 गेंद में 34 रन बनाए हैं।

16:21 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: रोवमैन पॉवेल ने लपका रोहित शर्मा का कैच

कुलदीप यादव ने दिल्ली कैपिटल्स को पहली सफलता दिलाई। उन्होंने 9वें ओवर की दूसरी गेंद पर रोहित शर्मा को डीप मिडविकेट पर रोवमैन पॉवेल के हाथों कैच कराया। रोहित शर्मा 32 गेंद में 41 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 चौके और 2 छक्के लगाए। रोहित शर्मा की जगह अनमोलप्रीत सिंह क्रीज पर आए हैं।

16:01 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: दिल्ली कैपिटल्स ने 6 ओवर में आजमाए 4 गेंदबाज

छह ओवर का खेल हो चुका है। मुंबई इंडियंस का स्कोर बिना विकेट खोए 53 रन है। रोहित शर्मा ने 23 गेंद में 30 रन बनाए हैं। वह अब तक 3 चौके और 2 छक्के लगा चुके हैं। इशान किशन ने 13 गेंद में 22 रन बनाए हैं। इशान ने अब तक 3 चौके और एक छक्का लगाया है। दिल्ली कैपिटल्स की ओर से शार्दुल ठाकुर, खलील अहमद, अक्षर पटेल और कमलेश नागरकोटी गेंदबाजी कर चुके हैं।

15:48 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: इशान किशन ने शार्दुल ठाकुर की गेंद पर जड़ा छक्का

तीसरा ओवर शार्दुल ठाकुर लेकर आए। उनके इस ओवर की आखिरी गेंद पर इशान किशन ने छक्का लगाया। इस छक्के के साथ मुंबई का स्कोर 3 ओवर के बाद बिना विकेट खोए 25 रन पहुंच गया। रोहित शर्मा के खाते में 13 और इशान किशन के खाते में 12 रन हैं।

15:40 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: इशान किशन ने भी जड़ा चौका

दूसरा ओवर खलील अहमद लेकर आए। ओवर की पहली गेंद पर इशान किशन ने एक रन लेकर अपना खाता खोला। इशान ने ओवर की पांचवीं गेंद पर चौका भी जड़ा। दो ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर बिना विकेट खोए 16 रन है। रोहित के 11 और इशान के खाते में 5 रन हैं।

15:36 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: पहले ओवर में रोहित शर्मा ने बटोरे 10 रन

मुंबई इंडियंस की ओर से रोहित शर्मा और इशान किशन ने पारी की शुरुआत की। दिल्ली कैपिटल्स के लिए शार्दुल ठाकुर पहला ओवर लेकर आए। उनके ओवर की तीसरी गेंद पर रोहित ने चौका जड़कर अपना और टीम का खाता खोला। रोहित ने ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाया। पहले ओवर के बाद मुंबई इंडियंस का स्कोर बिना विकेट खोए 10 रन है।

15:10 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: फैंटेसी क्रिकेट खेलने वाले इन खिलाड़ियों पर कर सकते हैं भरोसा

https://www.jansatta.com/khel/ipl-2022-delhi-capitals-vs-mumbai-indians-playing-11-dc-vs-mi-punjab-kings-and-royal-challengers-bangalore-rcb-vs-pbks-prediction/2103433/

15:07 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: ये है मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन

मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, अनमोलप्रीत सिंह, कीरोन पोलार्ड, टिम डेविड, डेनियल सैम्स, मुरुगन अश्विन, टाइमल मिल्स, जसप्रीत बुमराह, बासिल थम्पी।

15:06 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: ये है दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग इलेवन

दिल्ली कैपिटल्स (प्लेइंग इलेवन): पृथ्वी शॉ, टिम सीफर्ट, मनदीप सिंह, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, ललित यादव, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, खलील अहमद, कुलदीप यादव, कमलेश नागरकोटी।

15:04 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: ऋषभ पंत ने जीता टॉस

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीत कर गेंदबाजी करने का फैसला किया है। ऋषभ पंत ने टॉस जीत कर कहा है कि हम टॉस जीतना चाहते थे। यह एक ताजा पिच है। उम्मीद है कि शुरुआत में गेंदबाजों को मदद मिलेगी। रोहित ने कहा कि हम भी पहले गेंदबाजी करना चाहते थे। मुंबई में खेलना हमारे लिए काफी अच्छा है।

14:59 (IST) 27 Mar 2022
DC vs MI IPL 2022 Live: मुंबई से 4 खिलाड़ियों ने किया डेब्यू

मुंबई इंडियंस की ओर से टिम डेविड, टायमल मिल्स, रिले मेरेडिथ, तिलक वर्मा को डेब्यू कैप दी गई है। इसके अलावा दिल्ली कैपिटल्स के भी 5 खिलाड़ियों को फ्रैंचाइजी की डेब्यू कैप दी गई है।

आईपीएल में मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक 30 मैच खेले गए हैं। इसमें से मुंबई इंडियंस ने 16 मैच में जीत हासिल की है। दिल्ली कैपिटल्स ने 14 मैच जीते हैं। दोनों टीमों के बीच हुए मुकाबलों में दिल्ली कैपिटल्स का सर्वोच्च स्कोर 213 रहा है। वहीं, मुंबई इंडियंस 218 रन तक का स्कोर कर चुकी है। दिल्ली कैपिटल्स का मुंबई इंडियंस के खिलाफ न्यूनतम स्कोर 66 रन है। वहीं, मुंबई इंडियंस का दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ न्यूनतम स्कोर 92 रन है। ब्रेबोर्न स्टेडियम में अब तक आठ टी20 मैच खेले गए हैं। इनमें से 6 बार लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ने जीत हासिल की है, जबकि दो बार पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम जीती है। इस मैदान पर पहली पारी में औसतन स्कोर 157, जबकि दूसरी पारी में 147 रन रहा है।