बिग बैश लीग (Big Bash League) के 7वें मैच में सिडनी थंडर ने ब्रिसबेन हीट को 4 विकेट से हराया। टूर्नामेंट के इस सीजन में यह उसकी पहली जीत है। इस जीत से उसे 3 अंक मिले। सिडनी थंडर की इस जीत में उसके पुछल्ले बल्लेबाज डेनियल सैम्स ने अहम भूमिका निभाई। एक तरह से कहें तो डेनियल सैम्स ने ब्रिसबेन हीट के जबड़े से जीत छीन ली। डेनियल सैम्स ने 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 25 गेंद में 3 चौके और 7 छक्के की मदद से नाबाद 65 रन बनाए।

कैनबरा के मानुका ओवल मैदान पर खेले गए इस मैच में ब्रिसबेन हीट ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी। उसने 20 ओवर में 6 विकेट पर 178 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। उसकी ओर से कप्तान क्रिस लिन ने 3 चौके और 5 छक्के की मदद से 44 गेंद में 69 रन बनाए। उनके अलावा जैक वाइल्डरमथ ने 11 गेंद में 31 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 4 छक्के लगाए। सिडनी थंडर की ओर से जोनाथन कुक ने 31 और डेनियल सैम्स ने 32 रन देकर 2-2 विकेट लिए। क्रिस ग्रीन और नाथन मैकएंड्रयू भी एक-एक विकेट अपने नाम करने में सफल रहे।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिडनी थंडर की शुरुआत खराब रही। टीम के खाते में एक रन ही जुड़ा था था कि ओपनर एलेक्स हेल्स बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। उनकी जगह आए कॉलिन फर्ग्युसन भी शून्य पर पवेलियन लौटे। दो रन के स्कोर पर सिडनी थंडर ने दो विकेट गंवा दिए थे। टीम का स्कोर जब 22 रन था तब उस्मान ख्वाजा ने भी 17 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन की राह पकड़ ली।

इसके बाद बैक्सटर होल्ट और एलेक्स रोस ने स्कोर 71 रन तक पहुंचाया। 10वें ओवर की दूसरी गेंद पर होल्ट 23 रन बनाकर आउट हो गए। उनके आउट होने पर बेन कटिंग क्रीज पर आए। हालांकि, 11वें ओवर की चौथी गेंद पर एलेक्स रोस भी पवेलियन लौट गए। उस समय टीम का स्कोर 80 रन था। रोस ने 24 गेंद में 34 रन बनाए। इसमें 5 चौके शामिल थे। इसके बाद डेन सैम्स नाम का ‘तूफान’ आया।

सैम्स जब क्रीज पर आए तब टीम को 56 गेंद में जीत के लिए 99 रन बनाने थे और उसके सिर्फ 5 बल्लेबाज आउट होना शेष थे। लक्ष्य कठिन था, लेकिन सैम्स ने इसे आसान बना दिया। उन्होंने चौके-छक्के की झड़ी लगा दी और सिडनी थंडर ने 19वें ओवर की पांचवीं गेंद पर ही मैच जीत लिया। सिडनी थंडर ने 18.5 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन बनाए। डेनियल सैम्स मैन ऑफ द मैच चुने गए।

डेनियल सैम्स की इस पारी पर दिल्ली कैपिटल्स ने भी खुशी मनाई है। उसने डेनियल सैम्स की पारी की वीडियो क्लिप भी ट्विटर पर शेयर की है। बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में डेनियल सैम्स दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। 28 साल के डेनियल सैम्स इस सीजन ही आईपीएल से जुड़े थे। उन्होंने 3 मैच खेले थे, लेकिन एक भी विकेट लेने में असफल रहे थे।