D. Gukesh vs Ding Liren, World Chess Championship 2024 Prize Money: भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने गुरुवार को रोमांचक 14वीं और आखिरी बाजी में गत चैंपियन चीन के डिंग लिरेन को हराकर 18 साल की उम्र में सबसे कम उम्र के विश्व शतरंज चैंपियन बने। गुकेश इस साल की शुरुआत में कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतने के बाद विश्व खिताब के लिए चुनौती पेश करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। गुकेश वर्ल्ड चैंपियन बनते ही करोड़पति बन गए हैं।
21 करोड़ रुपए है वर्ल्ड चैंपियनशिप की इनामी राशि
वर्ल्ड चेस चैंपियनशिप खेल की दुनिया में सबसे ज्यादा इनामी राशि वाली चैंपियनशिप में शामिल हैं। इस चैंपियनशिप की इनामी राशि 2.5 मिलियन डॉलर यानी लगभग 21 करोड़ रुपए है। हालांकि विजेता को यह पूरी राशि नहीं मिलती है। गुकेश को 11.45 करोड़ जबकि लिरेन को 9.75 करोड़ रुपए मिले है।
क्या है नियम
चेस की अंतरराष्ट्रीय संस्था फीडे के नियमों के मुताबिक फाइनल खेल रहे खिलाड़ियों को हर मैच जीतने पर 20 हजार डॉलर यानी लगभग 1.69 करोड़ रुपए मिलते हैं। जबकि बची हुई राशि दोनों खिलाड़ियों में बराबर बांट दी जाती है।
गुकेश को मिला कितना पैसा
डी गुकेश ने चैंपियनशिप में तीन मैच जीते थे। उन्होंने तीसरा, 11वां और आखिरी मुकाबला जीता। इसके लिए उन्होंने 60000 डॉलर यानी 5.07 करोड़ रुपए मिल। वहीं लिरेन ने दो मैच जीते हैं जिसके लिए उन्हें 3.38 करोड़ रुपए मिले। कुल इनामी राशि में से बची हुई रकम को दोनों में बराबर बांट दिया गया।
आखिर में डी गुकेश को 11.45 करोड़ और लिरेन को 9.75 करोड़ रुपए मिले। गुकेश ने महज 17 दिन में कोहली-रोहित की सैलरी से ज्यादा की कमाई कर ली है। कोहली और रोहित बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में ग्रैड ए प्लस का हिस्सा हैं। इसके लिए उन्हें सालाना सात करोड़ रुपए मिलते हैं। वहीं गुकेश की इनामी राशि की रकम भारत के वर्ल्ड चैंपियन कप्तान एमएस धोनी की आईपीएल सैलरी से भी ज्यादा है। धोनी 2025 सीजन में महज चार करोड़ रुपए मिलने वाले हैं।