दुनिया के मशहूर फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो दोबारा जुड़वां बच्चों के पिता बनने वाले हैं। उनकी गर्लफ्रेंड और पार्टनर जॉर्जिना रोड्रिग्ज जुड़वां बच्चों की मां बनने वाली हैं। उन्होंने इस खबर को 28 अक्टूबर 2021 की रात इंस्टाग्राम पर अपने फैंस के साथ साझा किया।

36 साल के मैनचेस्टर यूनाइटेड स्टार क्रिस्टियानो रोनाल्डो पहले से ही 4 बच्चों के पिता हैं। रोनाल्डो ने इंस्टाग्राम पर शेयर की गईं तस्वीरों के कैप्शन में लिखा, ‘हम यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि हम जुड़वां बच्चों के माता-पिता बनने जा रहे हैं। हमारा दिल प्यार से भरा हुआ है। हम आपसे मिलने का इंतजार नहीं कर सकते।’

बता दें, रोनाल्डो ने अब तक शादी नहीं की है। हालांकि, वे कई महिलाओं के साथ रिलेशन में रह चुके हैं। उनके अलग-अलग गर्लफ्रेंड से 4 बच्चे हैं। रोनाल्डो और जार्जिना रोड्रिग्ज की बात करें तो दोनों पिछले 5 साल से लिव इन में हैं। दोनों की एक 3 साल की बेटी भी है। उसका नाम एलाना मार्टिना डॉस सैंटोस एवेइरो है।

रोनाल्डो का सबसे बड़ा बेटा 11 साल का है। उसका नाम क्रिस्टियानो जूनियर है। रोनाल्डो जूनियर का जन्म 2010 में सरोगेसी से हुआ था। रोनाल्डो ने अपने बड़े बेटे की मां को लेकर अब तक कोई जानकारी नहीं दी है। हालांकि, एक बार उन्होंने इंटरव्यू में कहा था, समय आने पर मैं बेटे को बता दूंगा कि उनकी मां कौन हैं।

775 करोड़ सालाना कमाने वाले ने बयां किया दर्द, कहा- बचपन में बर्गर खरीदने के भी नहीं होते थे पैसे

रोनाल्डो साल 2017 में भी जुड़वां बच्चों के पिता बने थे। उन बच्चों के नाम इवा मारिया और मातेओ रोनाल्डो हैं। जार्जिना ने 12 नवंबर 2017 को एलाना मार्टिना को जन्म दिया था। एलाना मार्टिना का जन्म इवा मारिया और मातेओ रोनाल्डो के जन्म के एक महीने बाद ही हुआ था।

रोनाल्डो और पेशे से स्पेनिश मॉडल जॉर्जिना की पहली मुलाकात मैड्रिड में एक शोरूम में हुई थी। जार्जिना ने एक इंटरव्यू में कहा था, ‘रोनाल्डो के साथ पहली मुलाकात गुच्ची के शोरूम में एक इवेंट के दौरान हुई थी। वहां मैंने पहली बार उन्हें देखा था। इवेंट से लौटते समय हम साथ थे।’

जार्जिना ने कहा, ‘मुझे पहली नजर में ही रोनाल्डो से प्यार हो गया था। कुछ दिनों बाद हमने एक दूसरे को फिर से दूसरे ब्रांड के इवेंट में देखा। उसके बाद हमने एक दूसरे को डेट करना शुरू किया।’

पिछले साल अटकलें थीं कि जार्जिना और रोनाल्डो शादी करने वाले हैं। जार्जिना ने अपने 26वें जन्मदिन के मौके पर एक पोस्ट शेयर की थी। उस पोस्ट में उन्होंने रोनाल्डो को अपने ‘पति’ के तौर पर पेश किया था।

जार्जिना मशहूर फैशन ब्रांड गुच्ची की मॉडल रह चुकी हैं। जार्जिना को डेट करने से पहले रोनाल्डो पूर्व मिस स्पेन डेजियर कोर्डेरो के साथ रिलेशनशिप में थे। साल 2017 में रोनाल्डो ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उनकी ख्वाहिश सात बच्चों के पिता बनने की है।