मोहब्बत का कोई मजहब नहीं होता। वह जाति-पंथ और देश की सीमाओं से परे है। प्रेम खुद एक धर्म है। प्यार की खातिर लोग मजहब की दीवारें तोड़ देते हैं। हम बात कर रहे हैं एक ऐसी एक्ट्रेस की, जिन्होंने अपनी डेब्यू फिल्म में एक क्रिकेटर को डेट किया था। उन्होंने रियल लाइफ में भी एक क्रिकेटर को ही अपना दिल दिया और हमेशा हमेशा के लिए उनकी हो गईं। जी हां खासी रोमांचक है सागरिका घाटगे और क्रिकेटर जहीर खान की लव स्टोरी।
सागरिका घाटगे ने 2007 में शाहरुख खान फेम चक दे इंडिया से डेब्यू किया था। सागरिका ने उस फिल्म में हॉकी खिलाड़ी का रोल निभाया था। फिल्म में प्रीति सब्बरवाल का किरदार निभाने वाली सागरिका घाटगे ने भारतीय क्रिकेट टीम वाइस कैप्टन (रील लाइफ) को डेट किया था। सागरिका ने रियल लाइफ में भी क्रिकेटर जहीर खान को काफी लंबे समय तक डेट किया। बाद में आईपीएल 2017 के दौरान जहीर ने सागरिका को प्रपोज किया। दोनों ने आईपीएल के दौरान ही अप्रैल 2017 में गोवा में सगाई की। नवंबर 2017 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए।
सागरिका और जहीर की मुलाकात एक पार्टी में अंगद बेदी ने कराई थी। इसके बाद सागरिका और जहीर अच्छे दोस्त बन गए। बाद में यह दोस्ती प्यार में बदल गई और अब दोनों सुखी वैवाहिक जीवन व्यतीत कर रहे हैं। हालांकि, यह पहली बार नहीं था कि जब एक भारतीय क्रिकेटर और बॉलीवुड एक्ट्रेस एक दूसरे को डेट कर रहे थे। भारत में दो ही चीजें हैं, जो हर घर तक पहुंचती हैं, क्रिकेट और फिल्म्स। दोनों का शानदार कॉम्बो दिखता है इस कपल में।
जहीर खान का जन्म 7 अक्टूबर 1978 में महाराष्ट्र के श्रीरामपुर जिले में पैदा हुए थे। सागरिका 8 जनवरी 1986 को महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले में पैदा हुईं थीं। यहां यह भी खास है कि सागरिका और जहीर दोनों ही मराठी हैं, लेकिन सागरिका को मराठी बोलनी नहीं आती। सागरिका की मां भी मराठी नहीं बोल पाती हैं। वहीं, जहीर बहुत अच्छे से मराठी बोल लेते हैं।
जहीर ने क्रिकेट की शुरुआत मुंबई से की, लेकिन रणजी में उन्होंने अपना खाता बड़ौदा की ओर से खेलते हुए खोला था। बाद में वह मुंबई से रणजी खेलने लगे। साल 2000 में जहीर ने पहली बार इंडिया की जर्सी पहनी। सागरिका की बात करें तो उन्होंने चक दे इंडिया से फिल्मों में डेब्यू किया था। हालांकि, उन्हें पहला लीड रोल 2012 में आई फिल्म ‘रश’ में मिला। इसमें उनके साथ इमरान हाशमी भी थे। फिल्म में सागरिका ने इमरान के साथ काफी बोल्ड और किसिंग सीन भी दिए थे।
सागरिका इससे पहले फॉक्स (2009), मिले ना मिलें हम (2011) फिल्में भी कर चुकी थीं। उन्होंने 2013 में मराठी फिल्म प्रेमाची गोष्टा भी की। इसके अलावा जी भरके जी ले (2015), दीदारियां (2015) और इरादा (2017) जैसी फिल्मों में भी काम किया। सागरिका घाटगे 2015 में आए खतरों के खिलाड़ी सीजन-6 की कंटेस्टेंट भी रह चुकी हैं। वह नेशनल लेवल की एथलीट भी हैं।
खबरों की मानें तो जहीर ने अपने घर वालों को सागरिका से शादी के लिए बड़ी मुश्किल से मनाया था। जहीर के घरवालों ने चक दे इंडिया की सीडी मंगवाकर पूरी फिल्म देखी थी, उसके बाद ही उन्होंने शादी के लिए हां बोला था। वहीं, सागरिका के घरवाले क्रिकेट के बहुत बड़े फैन हैं। जहीर खान इसलिए भी सागरिका के घरवालों को काफी पसंद हैं।


